ओलंपिक गोल्ड विजेता नीरज चोपड़ा का हिंदी प्रेम, युवाओं के लिए बनेगा नजीर

Chhattisgarh Reporter
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर  

नई दिल्ली, 18 अगस्त 2021. ओलंपिक में पदकों की कमी वाले देश का कोई खिलाड़ी अगर स्वर्ण पदक जीत ले, तो निश्चित है कि पूरे देश का ध्यान सोने की उस चमक में ही खो जाएगा। लेकिन भाला फेंक प्रतियोगिता के स्वर्ण विजेता नीरज चोपड़ा ने हिंदी को लेकर एक चमकदार बात भी कही है। उन्होंने हिंदी के लिए जो गर्व बोध दिखाया है, उसकी ओर भी हिंदीभाषियों का ध्यान जरूर जाना चाहिए। हम आजादी के पचहत्तरवें साल में प्रवेश कर चुके हैं। अव्वल तो इतने बरसों में हमारा भावपक्ष इस हद तक भारतीय हो जाना चाहिए था कि सार्वजनिक स्थानों पर अपनी भाषाएं बोलने में हमें कोई हिचक या शर्म नहीं हो। लेकिन दुर्भाग्यवश अब तक ऐसा नहीं हो पाया है। 

अंग्रेजी का असर इतना है कि भारत भूमि में बड़ी से बड़ी कामयाबी हासिल करने वाली हस्ती भी सफलता के बाद अंग्रेजी बोलने को मजबूर हो जाती है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के भारतीय खिलाड़ियों पर भी अंग्रेजी बोलने और नहीं बोल पाने की स्थिति में उसे सीखने का दबाव होता है। यहां माना जाता है कि अंग्रेजी की जानकारी और उसे बोलना अंतरराष्ट्रीय मान्यता और कामयाबी की निशानी है। आजादी के बाद से ही राजनीति, प्रशासन और कारोबार में अंग्रेजी बोलने-जानने वालों को मिलती रही तरजीह ने इस धारणा को पुष्ट ही किया है। इसलिए जो लोग अंग्रेजी नहीं बोल पाते, वे खुद को हीन मानने लगते हैं। 

ऐसे माहौल में अगर नीरज चोपड़ा ने हिंदी की तरफदारी की है, तो इसे उनकी दिलेरी मानी जानी चाहिए और इसका स्वागत होना चाहिए। दरअसल 2019 के इंडियन स्पोर्ट्स अवार्ड समारोह में नीरज चोपड़ा भी शामिल थे। तब उस कार्यक्रम की एंकरिंग कर रहे जतिन सप्रू ने उनसे अंग्रेजी में सवाल पूछना शुरू किया, तो नीरज ने उनसे बेधड़क हिंदी में सवाल पूछने को कह दिया था। यह सोचे-समझे बगैर कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित हो रहे एक नामी टीवी चैनल पर वह बोल रहे हैं। नीरज की यह दिलेरी ही है कि उन्होंने उस कार्यक्रम में मौजूद अंग्रेजी दां दुनिया के दिग्गजों के बीच ऐसा कहने में हिचक नहीं दिखाई। 

नीरज के इस हिंदी प्रेम की तब चर्चा नहीं हुई थी। वैसे भी बड़ी सफलता का टैग आपके पीछे न लगा हो, तो आप पर दुनिया का ध्यान नहीं जाता। पर अब नीरज की दुनिया बदल चुकी है। अब नीरज खुद भारतीय खेल जगत के सुनहरे सितारे बन गए हैं। इसलिए उनकी हर बात अब गौर से सुनी जाएगी। हिंदी की रोटी खाने के बावजूद भारतीय मीडिया के एक वर्ग को हिंदी की दुनिया डाउनमार्केट लगती है। चूंकि नीरज अब अपमार्केट हैं, इसलिए उनके विचार भी अपमार्केट जैसा प्रभाव डालेंगे। शायद यही वजह है कि उनसे उस वाकये के बारे में पूछा भी जा रहा है। ऐसे ही एक सवाल के जवाब में उन्होंने जो कहा, उससे उनके साहस का ही परिचय मिलता है। नीरज ने कहा, ‘हां, सही है कि मेरी अंग्रेजी इतनी अच्छी नहीं है, तो मैंने बोला था कि हिंदी में बात कर लेते हैं। मुझे लगता है कि हिंदी को सपोर्ट करना चाहिए।’ 

इसी इंटरव्यू में नीरज चोपड़ा ने न सिर्फ हिंदी वालों को संदेश दिया, बल्कि भारतीयों को सुझाव भी दे दिया। उन्होंने कहा, ‘हिंदी बोलने वालों को हीन भावना से ग्रस्त नहीं होना चाहिए। हिंदुस्तान से हैं, तो सबको हिंदी बोलनी चाहिए। अंग्रेजी भी आनी चाहिए, ऐसे नहीं बोलना चाहिए कि मत सीखो, वह भी सीखो, लेकिन हिंदी बोलना चाहिए और उसमें भी प्राउड फील करो। दूसरे देश के कई बड़े खिलाड़ियों में बहुत कम ऐसे हैं, जिन्हें अच्छी अंग्रेजी आती है। वे अपनी ही भाषा में बोलते हैं। अपनी भाषा में हमें भी गर्व महसूस होना चाहिए।’

नीरज चोपड़ा चूंकि विजेता हैं और संसार विजेताओं का सम्मान करता है, इसलिए उम्मीद की जानी चाहिए कि हिंदी को लेकर कही उनकी बात उन युवाओं में उत्साह का संचार करेगी, जिन्हें अंग्रेजी नहीं आती और वे इस वजह से हीन भावना से भरे रहते हैं। नीरज की इसलिए भी तारीफ होनी चाहिए कि वह कम से कम अब तक अंग्रेजी दां बनने की राह पर चलते नहीं दिख रहे हैं।

Leave a Reply

Next Post

छत्तीसगढ़ की दो महिला सांसदों के साथ पुरूष मार्शलों द्वारा किया गया दुर्व्यवहार मोदी सरकार की मानसिकता और बौद्धिक दिवालिये पन को दिखाता है- मोहन मरकाम

शेयर करेछत्तीसगढ़ रिपोर्टर   रायपुर 18 अगस्त 2021। राज्यसभा में छत्तीसगढ़ की दो महिला सांसदों के साथ पुरूष मार्शलों द्वारा किया गया दुर्व्यवहार मोदी सरकार की मानसिकत और बौद्धिक दिवालिये पन को दिखाता है। जिस देश में नार्यस्तु पूजयन्ति तत्र रमंते देवता की परंपरा रही हो जहाँ महिलाओं के सम्मान करने पर […]

You May Like

सम्राट चौधरी के आवास पर पहली बार इतनी बड़ी बैठक; कुशवाहा और चौधरी आवास भी आ गया चर्चा में....|....शंकराचार्य बनाएंगे चतुरंगिणी सेना, शस्त्र उठाने से परहेज नहीं; गोरखपुर से शुरू होगी गविष्ठि यात्रा....|....'पड़ोसी देशों की रक्षा करेगा भारत', रक्षा राज्य मंत्री ने कहा-आतंकवाद बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे....|....महाराष्ट्र विधानसभा में बम की धमकी, बजट सत्र के बीच हड़कंप; पुलिस ने जांच शुरू की....|....मालाबार की चमक के पीछे का चेहरा: एम. पी. अहमद को ‘बिज़नेस भूषण’ अवॉर्ड....|....AGRA में फेवीक्विक गैंग का आतंक खत्म! 5 राज्यों में की करोड़ों की ठगी, 153 ATM कार्ड के साथ 3 शातिर दबोचे....|....बंगाल में राष्ट्रपति का अपमान पर पीएम मोदी ने ममता सरकार को घेरा, बोले- शर्मनाक है यह व्यवहार!....|....यूपी में मां ने बेटे को सीने से लगाकर लगाई आग, डेढ़ साल के मासूम की जलकर मौत, खौफनाक मंजर देख कांपा लोगों का कलेजा; चौंका देगी वजह....|....ग्रामीण विकास में सरपंचों की है महत्वपूर्ण भूमिका – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय....|....ईश्वर की अनुपम कृति हैं महिलाएं – अरुण साव