सिविल अस्पताल में हो रहा इलाज, हालत स्थिर

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
रायसेन, 04 नवंबर 2026। जिले सिलवानी तहसील के ग्राम पुदर सलैया में रतनजोत के जहरीले बीज खाने से करीब 18 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। मामला सिलवानी तहसील के ग्राम पुदर सलैया का है। बताया जा रहा है कि स्कूल के पास लगे रतनजोत के पौधे को खाने के बाद बच्चों को अचानक पेट दर्द और उल्टी-दस्त जैसी शिकायत होने लगी। आनन-फानन में 108 एंबुलेंस की मदद से 15 बच्चों को सिविल अस्पताल सिलवानी पहुंचाया गया, जबकि तीन बच्चों का इलाज प्रतापगढ़ में जारी है।
अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में सभी बच्चों का उपचार किया जा रहा है। राहत की बात यह है कि फिलहाल अस्पताल में भर्ती बच्चों की हालत ठीक बताई जा रही है। आखिर स्कूल के पास लगे इस पौधे तक बच्चे कैसे पहुंचे और रतनजोत खाने की नौबत क्यों आई, यह भी गंभीर सवाल है। ग्राम पुदर सलैया में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक के बाद एक बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। बताया जा रहा है कि स्कूल के पास लगे रतनजोत के पौधे को बच्चों ने खा लिया था। इसके कुछ ही देर बाद बच्चों को पेट दर्द की शिकायत होने लगी। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और 18 बच्चों को तत्काल सिविल अस्पताल सिलवानी लाया गया। वहीं दो अन्य बच्चों का उपचार प्रतापगढ़ में किया जा रहा है।
सिविल अस्पताल के डॉक्टर राहुल धाकड़ के मुताबिक अस्पताल में भर्ती सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल ठीक है। बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। उपचार के बाद ही जरूरत पड़ने पर किसी बच्चे को दूसरे अस्पताल रेफर करने का निर्णय लिया जाएगा।


