चार्जशीट में सनसनीखेज खुलासे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
पुणे, 02 अक्टूबर 2026। पुणे ग्रामीण पुलिस की जांच में केतन अग्रवाल हत्याकांड को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके दोस्त चेतन चौधरी ने हत्या की साजिश रचते वक्त इंटरनेट पर हत्या के अलग-अलग तरीकों के बारे में जानकारी जुटाई थी। चार्जशीट के मुताबिक, दोनों ने दुनिया के बेहद जहरीले मशरूम में शामिल ‘डेथ कैप मशरूम’ के बारे में सर्च किया था। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के उस चर्चित मामले के बारे में भी जानकारी जुटाई गई थी, जिसमें एक महिला पर परिवार के लोगों को जहरीले मशरूम खिलाकर मारने का आरोप लगा था। पुलिस का दावा है कि मशरूम के जरिए हत्या का तरीका मुश्किल और जोखिम भरा लगने के बाद आरोपियों ने दूसरा रास्ता तलाशा।
वारदात की जांच के दौरान पुलिस को सिया की इंटरनेट सर्च हिस्ट्री में मार्च 2025 की एक खबर भी मिली। यह खबर 21 वर्षीय लॉ स्टूडेंट मानसी गोविंदपुरकर की मौत से जुड़ी थी। मानसी की लोहगढ़ किले की ऊंची चट्टान से गिरने के कारण मौत हुई थी। पुलिस के अनुसार, इसी खबर से सिया को केतन को लोहगढ़ किले से नीचे धक्का देने का विचार आया। चार्जशीट में आरोप है कि सिया और चेतन ने ऐसा करने की साजिश की योजना इसलिए भी बनाई, ताकि घटना हत्या के बजाय हादसा लगे। पुलिस के मुताबिक, केतन को लोहगढ़ किले तक लाने के लिए आरोपियों ने ‘माही’ नाम की एक काल्पनिक सहेली के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था। इस अकाउंट के जरिए केतन से बातचीत की गई और उसे बताया गया कि 18 जून को लोहगढ़ किले पहुंचना है, जहां अगले दिन 19 जून को सिया के जन्मदिन पर सरप्राइज मनाने की योजना है। पुलिस का कहना है कि केतन इस झांसे में आ गया और तय योजना के मुताबिक किले पर पहुंचा। वहां आरोपियों ने मौका देखकर उसे चट्टान से नीचे धक्का दे दिया। गहरी खाई में गिरने से उसकी मौत हो गई।
मामले में पुणे ग्रामीण पुलिस ने 23 जून को केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके दोस्त चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया था। इस साजिश में मदद करने वाले चेतन के दोस्त रितेश हांगे को 5 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। सितंबर में पुणे ग्रामीण पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, आपराधिक साजिश और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अदालत में 5,053 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की।


