सिक्किम चुनाव को लेकर बड़ा दावा- ‘भाजपा अगर अकेले चुनाव लड़ी तो 500 वोट भी नहीं मिलेंगे’

Chhattisgarh Reporter
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर

नई दिल्ली 29 अगस्त 2023। सिक्किम में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में, सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन की वकालत करते हुए गंगटोक से भाजपा के विधायक वाई टी लेप्चा ने दावा किया है कि अगर भगवा पार्टी अकेले चुनाव लड़ती है तो ‘वह 500 वोट भी’ हासिल नहीं कर पाएगी। लेप्चा का यह बयान प्रदेश भाजपा नेतृत्व की उस राय के विपरीत है जिसमें उसने कहा है कि पार्टी मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व वाले गठबंधन सहयोगी एसकेएम से संतुष्ट नहीं है और वह अकेले विधानसभा चुनाव लड़ने पर विचार कर सकती है।

 गठबंधन आसानी से चुनाव जीत जाएगा
 लेप्चा ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘सिक्किम में 2024 में होने वाले विधानसभा चुनाव में एसकेएम के साथ गठबंधन के बिना भाजपा के किसी भी सीट पर जीतने की संभावना बहुत कम है।” उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने अपने दम पर एक भी पंचायत सीट नहीं जीती है। हमने एसकेएम के साथ गठबंधन में दो विधानसभा उपचुनाव जीते।” उनका इशारा गंगटोक सीट से अपनी जीत और मार्तम रुमटेक सीट से एस टी वेनचुंगपा की जीत की ओर था। लेप्चा ने कहा, ‘‘मैं व्यक्तिगत रूप से इस बात का समर्थन करता हूं कि एसकेएम और भाजपा के बीच गठबंधन 2024 में भी जारी रहना चाहिए।” उन्होंने विश्वास जताया कि अगर दोनों दल साथ मिलकर चुनाव लड़ते हैं तो उनका गठबंधन आसानी से चुनाव जीत जाएगा। भाजपा प्रवक्ता कमल अधिकारी ने हालांकि कहा कि लेप्चा द्वारा व्यक्त किए गए विचार उनके निजी हैं। 

उन्होंने कहा, ‘‘हम सिक्किम की सभी 32 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेंगे क्योंकि दोनों दलों के बीच अब तक किसी गठबंधन पर कोई विचार-विमर्श नहीं हुआ है।” उन्होंने कहा कि भाजपा हिमालयी राज्य को विशेष दर्जा प्रदान करने वाले अनुच्छेद 371 (एफ) की पवित्रता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारी ने कहा, ‘‘कुछ स्थानीय राजनीतिक कार्यकर्ता यह दावा कर भाजपा पर सिक्किम विरोधी पार्टी होने का आरोप लगा रहे हैं कि सिक्किम के पुराने कानूनों की रक्षा करने वाले संवैधानिक प्रावधानों को केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा कमजोर किया जा रहा है। ये आरोप पार्टी के खिलाफ दुष्प्रचार हैं।” 

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे राष्ट्रीय और राज्य के नेताओं ने बार-बार कहा है कि भाजपा हर कीमत पर अनुच्छेद 371 (एफ) की पवित्रता की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है।” भाजपा का सत्तारूढ़ एसकेएम के साथ अनौपचारिक गठबंधन है। उसने एसकेएम के नेतृत्व वाली सरकार को बाहर से समर्थन दिया है। सिक्किम में भाजपा के 12 विधायक हैं। इनमें से 10 विधायक, 2019 में विपक्षी सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) से अलग हो कर पार्टी में आए थे, जबकि दो अन्य उसी वर्ष हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी के चिह्न पर चुने गए थे। 

Leave a Reply

Next Post

'पुलवामा आतंकी हमले ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने पर किया मजबूर'...केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में कहा

शेयर करे छत्तीसगढ़ रिपोर्टर नई दिल्ली 29 अगस्त 2023। सुप्रीम कोर्ट ने संविधान के अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने को चुनौती देने वाली विभिन्न याचिकाओं पर केंद्र की इस दलील से प्रथम दृष्टया सहमति जताई कि जम्मू-कश्मीर का संविधान भारतीय संविधान के “अधीनस्थ” है। इसके साथ ही केंद्र ने […]

You May Like

राष्ट्रपति द्रौपदी ने जारी किया 200 रुपए का स्मारक सिक्का....|....स्नातक के 40 और शिक्षक के 13 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कल....|....ड्राइविंग लाइसेंस के लिए कैमरे से होगी निगरानी....|....थाने में पुलिस से भिड़ा निगरानीशुदा बदमाश, हाथापाई....|....जन विश्वास अभियान में अब अचानक जिलों में पहुंचेंगे सीएम....|....दिल्ली की हवा: एक रात में टूट गए 10 साल के रिकॉर्ड....|....सिरपुर हमारी समृद्ध सभ्यता, कला और ज्ञान परंपरा की अनमोल धरोहर : मुख्यमंत्री साय....|....एशियन पैरा गेम्स: प्रमोद-मनीषा की जोड़ी और सुहास एलवाई ने जीता कांस्य पदक....|....पुरुषों में दिखें ये 7 लक्षण तो तुरंत कराएं डायबिटीज की जांच....|....भारतीय शेयर बाजार में आएंगे 100 अरब डॉलर