
छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
मोहाली 06 जून 2026। मोहाली में डिंपल की हत्या के बाद अब उनका परिवार सामने आया है। परिवार ने बेटी के प्रेम संबंध होने की बात को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर इंसाफ की मांग की है। साथ ही परिवार ने डिंपल की कंपनी के सुरक्षा प्रबंधों पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। डिंपल के पिता राजकुमार ने बताया कि उनकी बेटी काफी होनहार थी। वह मोहाली की एक कंपनी में काम करती थी। पिता ने कहा कि डिंपल अपनी हर परेशानी परिवार के साथ साझा करती थी। उन्होंने आरोपी युवक के साथ प्रेम संबंध की बात को सरासर गलत बताया। राजकुमार का आरोप है कि कंपनी अपनी गलती छिपाने के लिए उनकी बेटी को बदनाम कर रही है। कंपनी कर्मचारी की सुरक्षा करने में नाकाम रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि चाकू लेकर एक व्यक्ति दफ्तर में कैसे घुस गया और वारदात को अंजाम दिया।
इंसाफ की मांग
पिता राजकुमार ने अपनी बेटी व परिवार के लिए इंसाफ की मांग की है। उन्होंने सरकार व पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की। इस मौके पर डिंपल की मां का रो-रो कर बुरा हाल था। वह लगातार आरोपी को उनके सामने लाने की मांग कर रही थीं। मां जानना चाहती हैं कि आरोपी ने उनकी बेटी को इतनी बेरहमी से क्यों मारा?
35 सेकंड में 30 वार… एकतरफा प्यार में युवती की हत्या, खुद पर भी चाकू से किए 11 वार
मोहाली के फेज-11 के एक निजी लॉजिस्टिक कंपनी के कार्यालय में बीते वीरवार की शाम एकतरफा प्यार ने खौफनाक रूप ले लिया। कंपनी में कार्यरत 30 वर्षीय युवती डिंपल की उसके सहकर्मी हरजिंदर सिंह मान उर्फ हैरी ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। आरोपी ने महज 35 सेकंड के भीतर युवती पर करीब 30 वार किए। इसके बाद उसने खुद पर भी चाकू से 11 वार कर आत्महत्या का प्रयास किया। युवती की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई जबकि आरोपी गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती है।
दोनों कंपनी में काम करते थे साथ
मृतका डिंपल पटियाला की रहने वाली थी जबकि आरोपी हरजिंदर सिंह मान भी पटियाला के रत्न नगर क्षेत्र का निवासी है। दोनों पिछले करीब तीन साल से फेज-11 की एसआरपी यूएस लॉजिस्टिक कंपनी में साथ काम कर रहे थे।
दोनों के बीच पहले थीं नजदीकियां
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पहले नजदीकियां थीं। हालांकि कुछ माह पहले दोनों अलग हो गए थे। इसके बाद आरोपी लगातार युवती से दोबारा संबंध बनाने की कोशिश कर रहा था लेकिन डिंपल उससे दूरी बनाए हुए थी। पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश के कारण आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
हरजिंदर चुपचाप उसके पीछे पहुंचा और अचानक चाकू से हमला किया
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, वीरवार शाम करीब साढ़े सात बजे डिंपल अपने केबिन में काम कर रही थी। इसी दौरान हरजिंदर चुपचाप उसके पीछे पहुंचा और अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद डिंपल जान बचाने के लिए कार्यालय में इधर-उधर भागी लेकिन आरोपी उसका पीछा करता रहा और लगातार वार करता गया। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया लेकिन आरोपी ने उन्हें भी चाकू दिखाकर पीछे हटा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूरा घटनाक्रम कुछ ही सेकंड में घटित हो गया। जब आरोपी को लगा कि युवती की मौत हो चुकी है तो उसने उसी चाकू से अपने गले और शरीर पर कई वार कर आत्महत्या का प्रयास किया।


