टीकाकरण व्यक्ति को गंभीर बीमारियों से बचाने में मदद करता है

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
नई दिल्ली, 11 नवंबर 2026। वैक्सीन यानी टीका कई गंभीर और संक्रामक बीमारियों से बचाव का प्रभावी तरीका है। इसके बावजूद आज भी लोगों के मन में टीकाकरण को लेकर कई तरह की गलतफहमियां मौजूद हैं। कुछ लोगों को लगता है कि वैक्सीन लगवाने से बीमारी हो सकती है, तो कुछ इसके साइड इफेक्ट के डर से बच्चों का टीकाकरण करवाने से बचते हैं। वहीं, कई लोग यह भी मानते हैं कि बचपन में टीके लगवाने के बाद बड़े होने पर वैक्सीन की जरूरत नहीं पड़ती।
विश्व टीकाकरण दिवस के अवसर पर इन मिथकों की सच्चाई जानना जरूरी है। टीकाकरण न केवल व्यक्ति को गंभीर बीमारियों से बचाने में मदद करता है, बल्कि संक्रमण के फैलाव को कम करने में भी अहम भूमिका निभाता है। आइए जानते हैं वैक्सीन से जुड़े 7 आम मिथक और उनकी सच्चाई क्या है।
वैक्सीन से जुड़े 7 बड़े मिथक और उनकी सच्चाई
1. मिथक: वैक्सीन लगवाने से बीमारी हो जाती है
सच्चाई: ज्यादातर वैक्सीन शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को बीमारी से लड़ने के लिए तैयार करती हैं। टीका लगने के बाद हल्का बुखार, दर्द या सूजन हो सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि व्यक्ति को वही बीमारी हो गई है।
2. मिथक: वैक्सीन से बच्चों की इम्यूनिटी कमजोर होती है
सच्चाई: वैक्सीन बच्चों की प्रतिरक्षा प्रणाली को संक्रमण पहचानने और उससे लड़ने के लिए प्रशिक्षित करती है। इससे कई गंभीर बीमारियों का खतरा कम करने में मदद मिलती है।
3. मिथक: प्राकृतिक संक्रमण से इम्यूनिटी बनाना ज्यादा बेहतर है
सच्चाई: किसी बीमारी से संक्रमित होकर इम्यूनिटी हासिल करने में गंभीर जटिलताओं का खतरा रहता है। वैक्सीन संक्रमण के गंभीर परिणामों से बचाव का एक प्रभावी तरीका है।
4. मिथक: एक साथ कई वैक्सीन लगवाना नुकसानदायक है
सच्चाई: डॉक्टर द्वारा निर्धारित टीकाकरण शेड्यूल के अनुसार एक ही समय पर कई टीके लगवाना आमतौर पर सुरक्षित होता है। इससे बच्चों को समय पर जरूरी सुरक्षा मिलती है।
5. मिथक: वैक्सीन के साइड इफेक्ट बहुत खतरनाक होते हैं
सच्चाई: ज्यादातर मामलों में वैक्सीन के बाद हल्का बुखार, इंजेक्शन वाली जगह पर दर्द या सूजन हो सकती है। गंभीर एलर्जिक रिएक्शन दुर्लभ होते हैं। हालांकि, सांस लेने में परेशानी या चेहरे पर सूजन होने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए।
6. मिथक: वैक्सीन सिर्फ बच्चों के लिए जरूरी है
सच्चाई: टीकाकरण की जरूरत उम्र के साथ खत्म नहीं होती। वयस्कों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को भी उम्र, स्वास्थ्य और जोखिम के अनुसार कुछ वैक्सीन की जरूरत हो सकती है।
7. मिथक: वैक्सीन लगवाने के बाद बीमारी कभी नहीं हो सकती
सच्चाई: कोई भी वैक्सीन हर व्यक्ति को संक्रमण से 100 प्रतिशत सुरक्षा देने की गारंटी नहीं देती। हालांकि, कई वैक्सीन संक्रमण होने पर गंभीर बीमारी और अस्पताल में भर्ती होने का खतरा कम करती हैं।
वैक्सीन लगवाने के फायदे?
टीकाकरण केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।
- गंभीर बीमारियों से बचाव: पोलियो, खसरा, हेपेटाइटिस-B जैसी बीमारियों से सुरक्षा मिलती है।
- बच्चों की सुरक्षा: समय पर टीके लगवाने से बचपन में होने वाली कई गंभीर बीमारियों का जोखिम कम होता है।
- संक्रमण का फैलाव कम करना: कुछ वैक्सीन संक्रमण के प्रसार को कम करने में मदद करती हैं।
- बुजुर्गों के लिए सुरक्षा: उम्र बढ़ने के साथ संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। जरूरी टीके गंभीर जटिलताओं से बचाव में मदद करते हैं।
- सामूहिक सुरक्षा: आबादी के पर्याप्त हिस्से में प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने से संक्रमण का फैलाव कम हो सकता है।

