10 महिला अधिकारियों के नाम शामिल

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
भोपाल, 20 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश राज्य प्रशासनिक सेवा (एसएएस) के अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नति देने के लिए सोमवार को दिल्ली में विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक हुई। बैठक में 13 पदों के लिए अधिकारियों के नामों पर विचार किया गया। इनमें 2007 और 2008 बैच के अधिकारी शामिल हैं। सूची में 10 महिला अधिकारियों के नाम भी हैं। बैठक में मध्यप्रदेश की ओर से मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल और सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव एम. सेल्वेंद्रन शामिल हुए। समिति ने उन अधिकारियों के नामों पर भी विचार किया, जिनके मामलों पर पिछली बैठकों में विचार नहीं हो पाया था। जानकारी के अनुसार, पहले विचार किए जा चुके कुछ अधिकारियों के आकलन से जुड़े सीलबंद लिफाफे इस बैठक में भी नहीं खोले गए।
2007 बैच से नौ नाम
2007 बैच से मनीषा पांडे, इला तिवारी, सपना लोवंशी, नीता राठौर, शैलेंद्र सिंह सोलंकी, रानी पासी, रंजना देवड़ा, माधवी नागेंद्र और वर्षा सोलंकी के नाम शामिल हैं। वहीं, 2008 बैच से प्रियंका गोयल, अभिषेक दुबे, नरोत्तम प्रसाद भार्गव और निधि सिंह राजपूत के नामों पर विचार किया गया।
उम्र सीमा और कोर्ट केस के कारण कुछ नामों पर विचार नहीं
1999 बैच के जयेंद्र विजयावत और मनोज मालवीय के नामों पर उम्र सीमा के कारण विचार नहीं किया गया। वहीं, 2008 बैच की मीना मसराम का नाम भी उम्र सीमा से जुड़ी बाधा के कारण विचार में नहीं लिया गया। 2002 बैच के कमल नागर के मामले में कोर्ट केस लंबित होने के कारण उनके नाम पर विचार नहीं किया गया।


