भारत विरोधी हैं अमेरिकी सांसद, ट्रंप लगा चुके हैं भाई से शादी का आरोप

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
वाशिंगटन, 13 अक्टूबर 2026। अपने भारत विरोधी रूख के लिए जानी जाने वाली डेमोक्रेटिक सांसद इल्हान उमर के वॉशिंगटन स्थित घर पर संघीय एजेंटों की तलाशी के बाद अमेरिका में सियासत गरमा गई है। वहीं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जांच में अपनी किसी भी भूमिका से इनकार करते हुए उमर पर तीखा हमला बोला है। दूसरी तरफ डेमोक्रेट नेताओं ने आरोप लगाया कि मध्यावधि चुनाव से ठीक पहले राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाया जा रहा है।
ट्रंप ने उमर को बताया खराब इंसान
व्हाइट हाउस से ओहायो रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि न्याय विभाग मामले की जांच कर रहा है और उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है। हालांकि, उन्होंने उमर पर व्यक्तिगत टिप्पणियां करने से परहेज नहीं किया। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने उमर को हमेशा बेईमान पाया है। उन्होंने उन्हें शिकायत करने वाली नेता बताते हुए सोमालिया को लेकर भी विवादित टिप्पणी की। ट्रंप ने कहा कि उमर ऐसे देश से आती हैं, जिसका कोई अस्तित्व नहीं है, और फिर अमेरिका आकर उसके संविधान की शिकायत करती हैं।
किस मामले में हुई उमर के घर तलाशी?
अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस के अधिकारियों ने अदालत से अधिकृत तलाशी वारंट के आधार पर उमर के घर की तलाशी ली। यह एजेंसी अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन विभाग की जांच शाखा है। विभाग ने बताया कि कार्रवाई एक जारी संघीय आपराधिक जांच का हिस्सा है। हालांकि, जांच की पूरी वजह सार्वजनिक नहीं की गई और उमर के खिलाफ किसी आपराधिक आरोप की घोषणा भी नहीं हुई। सीबीसी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, जांच का संबंध उमर के बचपन के आव्रजन दस्तावेजों से हो सकता है। इनमें अमेरिका आने के दौरान उनके परिवार की ओर से भरे गए कागजात और उनके दिवंगत पिता से जुड़े दस्तावेज शामिल बताए गए हैं। वहीं, उमर ने किसी भी गलत काम से इनकार किया है। उनके कार्यालय ने तलाशी को सरकारी शक्तियों का दुरुपयोग बताया और आरोप लगाया कि उन्हें राजनीतिक वजहों से निशाना बनाया जा रहा है।
भारत पर बयानों को लेकर भी विवादों में रही हैं उमर
इल्हान उमर अमेरिकी राजनीति में अपने विवादित बयानों के लिए भी चर्चा में रही हैं। भारत सरकार की नीतियों, खासकर कश्मीर और मानवाधिकारों से जुड़े मुद्दों पर उनकी टिप्पणियों की भारत में आलोचना होती रही है। जून 2022 में उन्होंने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर का दौरा भी किया था। इस यात्रा और कश्मीर पर उनके रुख को लेकर भारत में सवाल उठे थे।
ट्रंप लगाते रहे हैं भाई से शादी करने के आरोप
ट्रंप और उमर के बीच लंबे समय से राजनीतिक टकराव रहा है। ट्रंप कई बार उमर की निजी जिंदगी को लेकर भी बयान दे चुके हैं। उन्होंने उमर पर अमेरिका में एंट्री के लिए अपने भाई से शादी करने का आरोप लगाया है। उमर ने इन आरोपों को खारिज किया है और यह विवाद अमेरिकी राजनीति में पहले भी सुर्खियां बटोर चुका है।
चुनाव से 22 दिन पहले कार्रवाई पर सवाल
प्रतिनिधि सभा की न्यायपालिका समिति के वरिष्ठ डेमोक्रेट सांसद जेमी रस्किन ने तलाशी के समय पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से ठीक पहले एक मौजूदा सांसद के घर कार्रवाई राजनीतिक बदले की कोशिश हो सकती है। रस्किन ने कहा कि डेमोक्रेट सांसद यह जानना चाहते हैं कि तलाशी की अनुमति किसने दी और इसे किसने अंजाम दिया। उन्होंने न्याय विभाग से पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की।
कौन हैं इल्हान उमर?
सोमालिया में जन्मीं इल्हान उमर शरणार्थी के रूप में अमेरिका पहुंची थीं और बाद में अमेरिकी नागरिक बनीं। वह 2018 में पहली बार मिनेसोटा के पांचवें कांग्रेसनल जिले से प्रतिनिधि सभा के लिए चुनी गईं। वह अमेरिकी कांग्रेस में पहुंचने वाली पहली मुस्लिम महिलाओं में से एक हैं। वह आव्रजन, विदेश नीति और अल्पसंख्यकों से जुड़े मुद्दों पर वह ट्रंप की मुखर आलोचक रही हैं। अब उनके घर हुई तलाशी ने अमेरिकी राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है।


