कप्तानी से बल्लेबाजी तक, विराट के साथ दोस्ती पर रोहित ने खोले कई राज

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
आइची नागोया, 29 सितंबर 2026। भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज रोहित शर्मा और विराट कोहली लंबे समय से मैदान पर एक-दूसरे के साथ नजर आते रहे हैं। दोनों की दोस्ती और आपसी समझ को लेकर अक्सर चर्चा होती रही है। अब पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने विराट के साथ अपने रिश्ते पर खुलकर बात की है। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच आज भी मजबूत बॉन्डिंग है और वे अपने खेल को बेहतर बनाने के लिए एक-दूसरे से बातचीत करते रहते हैं।
लगभग दो दशक पुराना है साथ
रोहित और विराट भारतीय क्रिकेट के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल हैं। रोहित ने 2007 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था, जबकि विराट ने 2008 में टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया। करीब दो दशक से दोनों भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं और कप्तानी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। रोहित ने जियोस्टार से बातचीत में कहा कि दोनों ने लगभग एक ही समय पर शुरुआत की और तब से टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों समझते हैं कि इस स्तर पर खेलने के लिए क्या करना पड़ता है।
‘दोनों के बीच मजबूत बॉन्डिंग है’
रोहित ने कहा कि दोनों के खेलने के तरीके भले ही अलग हैं, लेकिन इससे उनके बीच की समझ पर कोई असर नहीं पड़ा है। उन्होंने विराट के बारे में कहा कि वह अब भी उसी अंदाज में खेलते हैं और टीम इंडिया के लिए रन बनाने तथा मैच जीतने की कोशिश करते हैं। रोहित के मुताबिक, कप्तान रहने के दौरान भी विराट का रवैया ऐसा ही था और अब भी उनके खेल में कोई बदलाव नहीं आया है।
एक-दूसरे की बल्लेबाजी पर करते हैं चर्चा
रोहित ने बताया कि दोनों बल्लेबाज एक-दूसरे के खेल की सराहना भी करते हैं और जरूरत पड़ने पर सुधार के लिए सुझाव भी देते हैं। अगर रोहित की बल्लेबाजी में उन्हें कुछ ऐसा नजर आता है, जिसमें सुधार की गुंजाइश हो, तो विराट उनसे बात करते हैं। इसी तरह रोहित भी विराट को अपनी राय देते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच यह बातचीत लगातार चलती रहती है और इसमें कोई बदलाव नहीं आया है।
अब कम होती है मुलाकात
रोहित ने बताया कि पहले दोनों खिलाड़ी लगातार दौरों पर रहते थे, इसलिए घर पर ज्यादा समय नहीं मिल पाता था। करीब एक साल पहले तक दोनों हर पांच-सात दिन में दौरे पर होते थे। अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से थोड़ा अधिक समय मिलने के कारण दोनों घर पर ज्यादा वक्त बिता रहे हैं। हालांकि, रोहित ने यह भी बताया कि अब दोनों की मुलाकात पहले की तुलना में कम होती है, क्योंकि विराट का घर उनसे काफी दूर है और वनडे सीरीज भी करीब एक-डेढ़ महीने के अंतराल पर होती हैं।
‘विराट वही कोहली हैं, जिन्हें हम जानते हैं’
रोहित ने विराट के भविष्य के रवैये को लेकर कहा कि उन्हें नहीं लगता कि उनके खेल में कुछ बदलने की जरूरत है। उनके मुताबिक, विराट आगे भी उसी तरह तैयारी करेंगे, रन बनाने की कोशिश करेंगे और टीम इंडिया को मैच जिताने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे। रोहित और विराट का यह रिश्ता भारतीय क्रिकेट में उनकी लंबी साझेदारी और मैदान के बाहर आपसी सम्मान को भी दर्शाता है।

