एक महीने से गायब थी बहन, भाई घर पहुंचा तो खुला खौफनाक राज

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर          

कोरबा, 21 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुए नीले ड्रम कांड को लोग अभी भूले भी नहीं हैं कि कोरबा जिले में सेप्टिक टैंक कांड सामने आया है। मेरठ में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की थी, जबकि कोरबा में एक युवक ने लिव-इन पार्टनर महिला की हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में छिपा दिया। करीब एक महीने बाद रक्षाबंधन पर महिला के भाई के घर नहीं पहुंचने और परिजनों की खोजबीन के बाद हत्या का राज खुला।

क्या है मामला?
सनसनीखेज मामला श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली का है। यहां मनोज उरांव रहता है। उसके साथ करीब दो साल से 33 वर्षीय संतोषी पत्नी के रूप में रह रही थी। बताया जा रहा है कि मनोज नशे का आदी था और सनकी किस्म का था। जानकारी के मुताबिक, 27 अगस्त को मनोज नशे की हालत में घर पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। मनोज ने संतोषी की जमकर पिटाई कर दी।

आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। हालांकि, देर शाम मनोज ने दोबारा संतोषी के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला की मौत के बाद आरोपी ने शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में डाल दिया और उसका ढक्कन बंद कर दिया। अगले दिन 28 अगस्त को रक्षाबंधन था। संतोषी के घर नहीं पहुंचने पर उसके भाइयों ने मनोज से संपर्क किया। मनोज ने संतोषी के एक दिन पहले ही घर से चले जाने की बात कहकर उन्हें गुमराह कर दिया। कई दिन बीतने के बाद भी जब संतोषी घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

बदबू आने पर खुला राज
शनिवार को भाई रामभरोस सहित अन्य परिजन मनोज के घर पहुंचे। बाड़ी की ओर जाने पर सेप्टिक टैंक का ढक्कन अधखुला मिला और वहां से दुर्गंध आ रही थी। इससे परिजनों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर श्यांग थाना प्रभारी लक्ष्मण खूंटे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रविवार सुबह कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में सेप्टिक टैंक खोला गया। अंदर से सड़ी-गली लाश बरामद हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

फॉरेंसिक एक्सपर्ट और मेडिकल कॉलेज की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी सैंपल लिए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद महिला की मौत से जुड़े कई तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि आरोपी मनोज 5 सितंबर से घर में ताला लगाकर फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, संतोषी का विवाह वर्ष 2001 में करतला क्षेत्र में हुआ था। उसके चार बच्चे हैं। करीब 15 साल पहले पति की मौत के बाद वह ससुराल में रह रही थी। करीब तीन साल पहले उसकी मनोज से पहचान हुई थी और पिछले दो साल से वह उसके साथ रह रही थी।

Leave a Reply

Next Post

भागलपुर में बाढ़ के पानी में डूबने से छह बच्चों की मौत, मचा कोहराम

शेयर करे छत्तीसगढ़ रिपोर्टर           भागलपुर, 21 सितंबर 2026। भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड के भीरखुद पंचायत स्थित तरेटा गांव में सोमवार को बाढ़ के पानी में डूबने से छह बच्चों की मौत हो गई। हादसा गैस गोदाम के पास हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और […]

You May Like

इटली में बुर्का और नकाब पर बैन लगेगा....|....सनथ जयसूर्या बोले- वैभव सूर्यवंशी भारत का फ्यूचर....|....भारत-न्यूजीलैंड व्यापार समझौता 20 अक्तूबर से होगा लागू....|....किम के नए मिसाइल दागने से बढ़ा तनाव....|....समुद्र के अंदर बिजली बनाने में वैज्ञानिक कामयाब....|....भागलपुर में बाढ़ के पानी में डूबने से छह बच्चों की मौत, मचा कोहराम....|....एक महीने से गायब थी बहन, भाई घर पहुंचा तो खुला खौफनाक राज....|....सीएम हेमंत सोरेन पर बयान से फिर घिरे योगेंद्र साव....|....अमृतसर में किशोर की हत्या: शक में पीट-पीटकर मार डाला....|....जम्मू-कश्मीर विधानसभा में धक्का-मुक्की