मेट्रो कार्य में था बाधा, पुलिस बल रहा तैनात

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
कानपुर, 19 सितंबर 2026। कानपुर में मेट्रो निर्माण कार्य में रोड़ा बने अवैध निर्माणों और जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को बर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत बर्रा-छह इलाके में मेट्रो ट्रैक निर्माण कार्य में लंबे समय से बाधा बने एक अवैध कब्रिस्तान पर बाबा का बुलडोजर गरज उठा।
भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अवैध ढांचे को पूरी तरह जमींदोज कर सरकारी जमीन को खाली कराया गया। जानकारी के अनुसार, बर्रा-छह स्थित सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए इस कब्रिस्तान के कारण कानपुर मेट्रो का निर्माण कार्य पिछले काफी समय से प्रभावित हो रहा था।
कड़े सुरक्षा घेरे में हुई कार्रवाई
मेट्रो प्रशासन द्वारा कई बार आला अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई थी। मामले का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने नियमानुसार भूमि को खाली कराने की रूपरेखा तैयार की और शुक्रवार को भारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार के विरोध या शांति-व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात था।


