पिता की मौत; बेटा गंभीर

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
जगदलपुर, 03 सितंबर 2026। जगदलपुर के नगरनार थाना क्षेत्र के ग्राम आमागुड़ा के पास बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार पिता-पुत्र को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी चला रहे पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मेटगुड़ा निवासी उत्तम विश्वकर्मा (48) धनपुंजी में गुपचुप की दुकान संचालित करते थे। बुधवार रात रोजाना की तरह दुकान बंद करने के बाद वह अपने बेटे के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नगरनार-आमागुड़ा मार्ग पर पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार पिता-पुत्र सड़क पर जा गिरे। हादसे में उत्तम विश्वकर्मा को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मेकाज) लाया गया। गुरुवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। इधर, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। हादसे की खबर के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और फरार वाहन चालक की पहचान के लिए आसपास की जानकारी जुटा रही है।


