गृह मंत्री शाह घायलों से मिले; 7 आरोपी गिरफ्तार, पंडाल को 2 दिन पहले सरकार ने अवॉर्ड दिया था

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
कोलकाता, 18 अक्टूबर 2026। कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार रात भगदड़ मचने से 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। घायलों का शहर के 3 अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमें से 5 मरीज ICU में भर्ती हैं और एक की हालत गंभीर है। रविवार सुबह गृह मंत्री अमित शाह घायलों से मिलने अपोलो अस्पताल पहुंचे।
पुलिस ने पूजा कमेटी के सचिव और उपाध्यक्ष समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये सभी उन 14 लोगों में शामिल हैं, जिन्हें शनिवार रात हिरासत में लिया गया था। पुलिस ने मामले में गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। गिरफ्तार लोगों में पंडाल में बांस का स्ट्रक्चर बनाने और भीड़ संभालने की जिम्मेदारी निभाने वाले लोग भी शामिल हैं। हादसे का शिकार हुआ चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल घटना से सिर्फ 2 दिन पहले पश्चिम बंगाल सरकार के ‘देवी दुर्गा सम्मान 2026’ से सम्मानित हुआ था। इसे ‘बेस्ट ऑफ बेस्ट’ कैटेगरी में चुना गया था। शनिवार शाम बारिश के दौरान पंडाल में भीड़ बढ़ने, अंधेरे और संकरे रास्तों के बीच भगदड़ मची थी।
कोलकाता भगदड़ में बिहार के पिता-बेटे की मौत
कोलकाता भगदड़ के दौरान बिहार के मुजफ्फरपुर के अभिषेक कुमार श्रीवास्तव और उनके बेटे आयुष कुमार श्रीवास्तव की मौत हो गई। अभिषेक की पत्नी निवा कुमारी भी उनके साथ थीं। मृतक के भाई राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि परिवार दुर्गा पूजा घूमने कोलकाता आया था। हालांकि, सीएम अधिकारी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले 19 लोगों में एक बिहार का रहने वाला था।
CM बोले- भगदड़ की जांच रिपोर्ट डेढ़ महीने में सार्वजनिक करेंगे
CM शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि कोलकाता भगदड़ की जांच हाईकोर्ट के मौजूदा जज करेंगे। कमेटी की सिफारिशें मिलने के एक से डेढ़ महीने के भीतर जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर दी जाएगी। उन्होंने पिछली CPM और TMC सरकारों पर उनके कार्यकाल में गठित आयोगों की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं करने का आरोप भी लगाया। विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने अक्टूबर 2025 में भारी बारिश और दार्जिलिंग में हुई आपदा का जिक्र करते हुए पिछली सरकारों के कामकाज पर सवाल उठाए।
TMC ने पूछा- शुभेंदु अपने भतीजे को कब गिरफ्तार कराएंगे
तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भगदड़ की घटना पर भाजपा पर निशाना साधा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के भतीजे का पंडाल से करीबी संबंध है और पूजा कमेटी के अध्यक्ष भाजपा विधायक हैं। TMC ने पूछा- CM अपने भतीजे को कब गिरफ्तार कराएंगे। पार्टी ने हादसे की जिम्मेदारी तय करने और मुख्यमंत्री से इस्तीफा देने की मांग की।
भगदड़ से पहले अनाउंसमेंट हुई- पंडाल खाली करो, ढह जाएगा
बताया जा रहा है कि भगदड़ से पहले पंडाल खाली करने की अनाउंसमेंट की जा रही थी। पंडाल के अंदर माइक से कहा गया, ‘पंडाल की हालत बहुत खराब है। यह गिर सकता है, कृपया बाहर निकलें।’ उस वक्त 360 डिग्री आकार में बने पंडाल की संकरी गली से निकलने के लिए लोगों के बीच धक्का-मुक्की हो रही थी। बारिश के कारण रास्ते में फिसलन भी थी।
300 मीटर लंबी लाइन, भीड़ संभालने के लिए सिर्फ 2 सिक्योरिटी गार्ड थे
कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से पहले भीड़ संभालने के इंतजाम नाकाफी थे। घटना से पहले वहां मौजूद एक स्थानीय पत्रकार के मुताबिक, आने-जाने का रास्ता संकरा था और करीब 300 मीटर लंबी लाइन में भीड़ संभालने के लिए सिर्फ दो सिक्योरिटी गार्ड तैनात थे। बीच में कोई सुरक्षाकर्मी नहीं था। पत्रकार ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड और पुलिस लोगों को अलग-अलग रास्ते बता रहे थे। पंडाल के अंदर भी भारी भीड़ और कम रोशनी थी, लेकिन वहां पूजा कमेटी, पुलिस या सिक्योरिटी का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। इस बार फ्लिपकार्ट के जरिए VIP पास भी बेचे जा रहे थे।
कोलकाता के कुछ इलाकों में 3 दिन धारा 163 लागू
कोलकाता के कुछ इलाकों में 18 से 20 अक्टूबर तक तीन दिन के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है। कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंद के आदेश के मुताबिक, यह प्रतिबंध बोबाजार थाना क्षेत्र के उस हिस्से में लागू होगा, जो कॉलेज स्ट्रीट, सीआर एवेन्यू, कोलूटोला स्ट्रीट और ईडन हॉस्पिटल रोड के बीच आता है। आदेश के तहत पांच या उससे ज्यादा लोगों के गैरकानूनी रूप से इकट्ठा होने, लाठी या अन्य खतरनाक हथियार ले जाने और शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर रोक रहेगी।
गिरफ्तार लोगों में पूजा कमेटी के सचिव-उपाध्यक्ष, सिक्योरिटी गार्ड शामिल
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों में चोरबागान पूजा कमेटी के सचिव राजकुमार सेओड़ा और उपाध्यक्ष शांतनु दुबे शामिल हैं। इनके अलावा पंडाल में बांस का ढांचा लगाने वाले बिप्लब मुखोपाध्याय और भीड़ संभालने की जिम्मेदारी निभाने वाले कौशिक साहा और पिंटू डे को गिरफ्तार किया गया है। सुमन चक्रवर्ती और राजेश पाल नाम के सिक्योरिटी गार्ड भी गिरफ्तार किए गए हैं। दोनों एक प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी के कर्मचारी है।


