
छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
रांची 12 मई 2026। राजधानी रांची में बच्चों के गुम होने की घटनाओं के बीच कोकर के खोरहाटोली से 18 महीने की मासूम बच्ची अदिति पाण्डेय रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है। घटना 9 मई की बताई जा रही है। तीन दिन बीत जाने के बावजूद बच्ची का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। पूरे इलाके में चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है।
घर के बाहर खेलते समय हुई लापता
परिजनों के अनुसार, अदिति घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह कब घर से बाहर निकल गई, किसी को पता नहीं चला। परिवार ने पहले आसपास और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
बच्ची को लौटाने के नाम पर मांगे गए पैसे
अदिति के पिता मनीष पाण्डेय और मां ने बताया कि वह शाम करीब चार बजे घर से बाहर निकली थी और खेलते-खेलते अचानक गायब हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह एक फोन आया, जिसमें बच्ची को वापस पहुंचाने के नाम पर पैसे की मांग की गई। फोन करने वाले ने स्कैनर भेजकर कुछ रुपये भी मंगवाए, लेकिन बच्ची को वापस नहीं लौटाया गया।
दादी बोलीं- मजबूरी का फायदा उठा रहे लोग
अदिति की दादी ने कहा कि फोन करने वालों ने पहले पैसे लिए और बाद में बच्ची नहीं दिखाई। हालांकि बाद में रकम वापस कर दी गई। परिवार का आरोप है कि कुछ लोग उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर ठगी करने की कोशिश कर रहे हैं।
एनडीआरएफ और पुलिस चला रही सर्च ऑपरेशन
घटना के बाद रांची पुलिस और एनडीआरएफ की टीम बच्ची की तलाश में जुटी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि तेज बारिश के दौरान बच्ची नाले में बह गई हो सकती है। एनडीआरएफ की टीम नाले की मैपिंग कर सर्च ऑपरेशन चला रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चला रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
साइबर ठगों से सावधान रहने की अपील
सिटी एसपी ने बताया कि 9 मई को बच्ची के गायब होने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान यह संभावना सामने आई कि बच्ची नाले में बह गई हो सकती है। उन्होंने कहा कि कुछ साइबर ठग परिवार को बच्ची की फोटो दिखाकर पैसे ठगने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों और ठगी से सावधान रहने की अपील की है।
जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम
रांची पुलिस ने बच्ची की जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। बच्ची की तलाश के लिए शहरभर में पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं।
पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे बीजेपी नेता
सोमवार को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक सीपी सिंह और मेयर रोशनी खलखो समेत कई नेता पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। नेताओं ने परिवार को भरोसा दिलाया कि बच्ची की बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। बीजेपी नेताओं ने प्रशासन को 36 घंटे के भीतर बच्ची को खोजने का अल्टीमेटम भी दिया है।


