48 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग, तलाश में जुटी एनडीआरएफ

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
कोरबा, 17 अगस्त 2026। मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में 48 घंटे पहले छलांग लगाने वाले 24 वर्षीय युवक रंजीत यादव का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम सोमवार सुबह से फिर से सर्च ऑपरेशन चला रही है। प्रशासन ने खोजबीन तेज करने के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया है।
जानकारी के अनुसार पाली थाना क्षेत्र के चैतमा गोपालपुर निवासी रंजीत यादव अपने दोस्तों के साथ घूमने बांगो डैम आया था। बताया जा रहा है कि दोस्तों के बीच डैम में छलांग लगाकर आगे निकलने की शर्त लगी थी। इसी दौरान रंजीत ने बांध में छलांग लगा दी। छलांग लगाने के बाद उसका तैरता हुआ लाइव वीडियो भी सामने आया है लेकिन उसके बाद से वह लापता है।
घटना के बाद से जिला नगर सेना, गोताखोर और स्थानीय प्रशासन लगातार रेस्क्यू कर रहे हैं। आधुनिक बोट के जरिए पूरे बांध क्षेत्र में सर्चिंग की जा रही है। युवक के परिजन भी मौके पर मौजूद हैं और रो-रोकर उनका बुरा हाल है। तलाश तेज करने के लिए प्रशासन ने बांगो बांध का गेट नंबर 2 भी खोल दिया है।
इधर बांध में पानी की तेज आवक को देखते हुए अब तक कुल 9 गेट खोले जा चुके हैं। सभी गेट मिलाकर 6 मीटर तक खोले गए हैं। जल संसाधन विभाग के अनुसार बांध से टरबाइन मिलाकर कुल 41,080 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। इनमें गेटों से 32,080 क्यूसेक और जल विद्युत संयंत्र से 9,000 क्यूसेक पानी शामिल है। बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण हसदेव नदी उफान पर है। कोरिया और सूरजपुर में हुई भारी बारिश के कारण बांध का जलस्तर 94% तक पहुंच गया है। प्रशासन ने नदी के तटीय गांवों में अलर्ट जारी कर मुनादी कराई है।
कोरबा के सीतामढ़ी क्षेत्र में भी हसदेव नदी का पानी कई घरों में घुस गया है। नदी में पानी बढ़ने से लोग अपना घर खाली कर सुरक्षित स्थानों और रिश्तेदारों के यहां शरण ले रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी किनारे न जाएं और अफवाहों पर ध्यान न दें। रेस्क्यू टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी है। वहीं बांध और नदी के जलस्तर पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।


