श्रमिकों के अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा के लिए देशव्यापी संघर्ष तेज करने का संकल्प

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
बेंगलुरु (कर्नाटक), 29 नवंबर 2026। ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) का 43वाँ राष्ट्रीय सम्मेलन 22 से 26 नवंबर 2026 तक कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु स्थित जनाना ज्योति ऑडिटोरियम में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों, ट्रेड यूनियन नेताओं और श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। पांच दिवसीय सम्मेलन में देश की वर्तमान आर्थिक स्थिति, श्रमिकों की समस्याओं, मजदूर विरोधी नीतियों, न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा, ठेका प्रथा, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा संगठन के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया।
सम्मेलन में नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन करते हुए कामरेड यम सुब्बारायण को एटक का राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा जुझारू महिला श्रमिक नेता कामरेड अमरजीत कौर को राष्ट्रीय महासचिव निर्वाचित किया गया। मध्य प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष एवं कोयला जगत के वरिष्ठ मजदूर नेता कामरेड हरिद्वार सिंह को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुना गया। इससे मध्य प्रदेश के श्रमिक आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है।
मध्य प्रदेश के नेताओं को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
राष्ट्रीय सम्मेलन में मध्य प्रदेश के महासचिव सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं को राष्ट्रीय कार्यकारिणी एवं वर्किंग कमेटी में जिम्मेदारी सौंपी गई। इनमें कामरेड एस.एस. मौर्य को वर्किंग कमेटी तथा कामरेड संजीव राजपूत, कामरेड संजय नामदेव, कामरेड राम सरोज कुशवाहा, कामरेड गायत्री बाजपेयी, कामरेड विभा पांडे, कामरेड रुद्रपाल यादव, कामरेड अजय कुमार, कामरेड श्रीकांत चौधरी और कामरेड राजेश शर्मा को जनरल कौंसिल में शामिल किया गया हैं।
रीवा संभाग के सीमेंट कारखानों में ठेका मजदूरों के शोषण का मुद्दा राष्ट्रीय सम्मेलन में उठा
सम्मेलन में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए निर्वाचित राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कामरेड हरिद्वार सिंह ने रीवा संभाग के सीमेंट उद्योगों में कार्यरत ठेका श्रमिकों की गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि रीवा संभाग के सीमेंट कारखानों में ठेका मजदूरों का व्यापक शोषण किया जा रहा है। अल्ट्राटेक बेला सीमेंट कारखाने में मजदूरों को तीन महीने तक सेवा से पृथक रखा गया तथा 16 श्रमिकों का स्थानांतरण किया गया। श्रमिकों के काम के घंटे निर्धारित नहीं हैं और ओवरटाइम का भुगतान भी दोगुनी दर से नहीं किया जा रहा है। उन्होंने पैकिंग विभाग के श्रमिकों को सीमेंट वेज बोर्ड सेटलमेंट के अनुसार वेतन एवं अन्य लाभ नहीं दिए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि माननीय न्यायालय के आदेश के बावजूद संबंधित प्रावधानों का पालन नहीं किया जा रहा है। एटक के राज्य एवं केंद्रीय नेतृत्व के साथी लगातार प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर श्रमिकों को न्याय दिलाने के लिए प्रयासरत हैं। कामरेड हरिद्वार सिंह ने स्पष्ट कहा कि जब तक श्रमिकों को उनका न्यायोचित अधिकार नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। यह केवल अल्ट्राटेक के मजदूरों की लड़ाई नहीं है, बल्कि पूरे एटक परिवार की लड़ाई है। हम सभी श्रमिकों को उनका हक और अधिकार दिलाकर रहेंगे।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के अधिकारों के लिए आंदोलन तेज होगा
सम्मेलन में मध्य प्रदेश की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की समस्याओं को भी प्रमुखता से रखा गया। उनके वेतन में विसंगतियों, कर्मचारी का दर्जा, ग्रेच्युटी, पेंशन और वर्षों से लंबित एरियर भुगतान जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। मध्य प्रदेश एटक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका यूनियन द्वारा इन मांगों को लेकर लगातार संघर्ष किया जा रहा है। सम्मेलन में यह संकल्प व्यक्त किया गया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रदेशव्यापी आंदोलन को और मजबूत किया जाएगा। लंबित एरियर भुगतान सहित अन्य मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। इस संघर्ष में एटक की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
असंगठित क्षेत्र एवं कोयलांचल के ठेका श्रमिकों को संगठित करने की रणनीति
सम्मेलन में असंगठित क्षेत्र के मजदूरों की स्थिति पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। मध्य प्रदेश में बड़ी संख्या में श्रमिक असंगठित क्षेत्र में काम कर रहे हैं, जिन्हें न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा, नियमित रोजगार और अन्य श्रमिक अधिकारों का लाभ नहीं मिल पा रहा है।कोयला उद्योग में लगातार बढ़ती ठेका प्रथा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया कि ठेका मजदूरों को उनके अधिकारों से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए संगठनात्मक स्तर पर ठोस रणनीति तैयार कर श्रमिकों को संगठित किया जाएगा। मध्य प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में असंगठित मजदूरों का मजबूत संगठन खड़ा करने और उनके न्याय एवं अधिकारों की लड़ाई को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
केंद्र सरकार की आर्थिक एवं श्रम नीतियों पर सम्मेलन में तीखी आलोचना
राष्ट्रीय सम्मेलन में केंद्र की भाजपा नेतृत्व वाली सरकार की आर्थिक और श्रम नीतियों की आलोचना करते हुए कहा गया कि इन नीतियों का प्रतिकूल प्रभाव मजदूरों, किसानों, युवाओं, शिक्षित बेरोजगारों और छोटे उद्योगों पर पड़ रहा है।वक्ताओं ने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी की व्यवस्था से छोटे एवं लघु उद्योगों को भारी नुकसान हुआ है। सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों का निजीकरण, बड़े उद्योगपतियों को करों में छूट, बढ़ती निजी संपत्ति और राष्ट्रीय कोष पर पड़ते दबाव ने आर्थिक असमानता को बढ़ाया है। देश पर बढ़ते विदेशी कर्ज और महंगाई के कारण आम जनता की आर्थिक स्थिति लगातार प्रभावित हो रही है। सम्मेलन में आरोप लगाया गया कि सरकार जनहित के सवालों को प्राथमिकता देने के बजाय जनता को जाति, धर्म और ऊंच-नीच के आधार पर बांटने वाली राजनीति को बढ़ावा दे रही है। देश की संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और गरिमा को बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।सम्मेलन में भाजपा के साथ केंद्र की सत्ता में शामिल सहयोगी दलों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए और कहा गया कि देश की आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियों के लिए सरकार की नीतियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
श्रम नीतियों में समय के अनुसार सुधार की आवश्यकता पर जोर
एटक के 43वें राष्ट्रीय सम्मेलन का एक महत्वपूर्ण पहलू यह रहा कि देश की आजादी के समय तथा उससे पहले श्रमिकों के संघर्षों के परिणामस्वरूप बनी श्रम नीतियों और उनके मूल उद्देश्यों की वर्तमान परिस्थितियों में समीक्षा की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने कहा कि आजादी के 75 वर्षों से अधिक समय बीत जाने के बाद श्रम जगत की परिस्थितियों में व्यापक बदलाव आया है। इसलिए श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए पुरानी नीतियों में समयानुकूल सुधार किया जाना आवश्यक है। सम्मेलन में न्यूनतम वेतन निर्धारण की मूल भावना को मजबूत बनाने, जीवनयापन योग्य वेतन (लिविंग वेज), काम के घंटों का उचित निर्धारण, श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन, ग्रेच्युटी और अन्य सुविधाओं को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही यह मांग उठाई गई कि श्रमिकों को केवल न्यूनतम वेतन तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने योग्य वेतन और सुरक्षित रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
मजदूर एकता और संघर्ष को मजबूत करने का संकल्प
पांच दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर के श्रमिकों की समस्याओं और उनके समाधान के लिए संगठनात्मक मजबूती पर विशेष जोर दिया गया। सम्मेलन ने मजदूरों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और असंगठित क्षेत्र के कामगारों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। मध्य प्रदेश के प्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय नेतृत्व में मिली नई जिम्मेदारियों के माध्यम से प्रदेश के श्रमिक आंदोलन को और मजबूती मिलेगी। सीमेंट उद्योग, कोयला उद्योग, आंगनवाड़ी तथा असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा। मध्य प्रदेश की तरफ से कामरेड यस यस मौर्य एवं विभा पांडे ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। सम्मेलन का संदेश स्पष्ट रहा कि मजदूरों के अधिकार, सम्मानजनक वेतन, सुरक्षित रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के लिए संघर्ष ही एटक की प्राथमिकता है। जब तक प्रत्येक श्रमिक को उसका पूरा अधिकार नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।


