बोलीं- एससी-एसटी महिलाओं को भी मिले अलग आरक्षण

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
लखनऊ, 28 नवंबर 2026।बसपा प्रमुख मायावती ने महिला आरक्षण से जुड़े केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है। हालांकि, उन्होंने मांग की है कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण के भीतर अलग से आरक्षण देने की व्यवस्था की जानी चाहिए। मायावती ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि इससे सदियों से शोषित, पीड़ित और उपेक्षित महिलाओं को राजनीति में उचित भागीदारी का अवसर मिल सकेगा।
मायावती ने कहा कि बसपा शुरू से ही सर्वसमाज की महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और राजनीति में उचित अवसर की पक्षधर रही है। पार्टी लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण जल्द लागू करने की मांग करती रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के समतामूलक संविधान की भावना के अनुरूप महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
एससी-एसटी महिलाओं के लिए अलग आरक्षण की मांग
बसपा प्रमुख ने कहा कि महिला आरक्षण में एससी और एसटी समाज की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की व्यवस्था होती तो यह ऐतिहासिक कदम होता। उनके मुताबिक, जातिवाद, धनबल और बाहुबल से प्रभावित चुनावी राजनीति में इन वर्गों की महिलाओं को भी आगे बढ़ने और उचित भागीदारी का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की अपील की।
परिसीमन में गड़बड़ी की आशंका जताई
मायावती ने लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि से जुड़े तीन विधेयकों और परिसीमन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सीटों की सीमा तय करने के दौरान गड़बड़ी कर राजनीतिक और चुनावी स्वार्थ साधने के आरोप नई बात नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र की सत्ता में रहने वाली पार्टियां कई मामलों में देश और जनहित से ज्यादा पार्टी हित को महत्व देती हैं। मायावती ने लोगों से अपील की कि वे धर्म, जाति और क्षेत्रीयता से ऊपर उठकर तथा लुभावने वादों और घोषणाओं के प्रभाव में आए बिना अच्छे लोगों को चुनने का संकल्प लें। उन्होंने इसे लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा व सम्मान की असली गारंटी बताया।

