संघों को विभाग के सहयोग का इंतजार

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
देहरादून, 23 अक्टूबर 2026। मेघालय में होने वाले 39 वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ी पदक जीतकर नया रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में हैं। खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रशिक्षण और अन्य जरूरी सुविधाओं की जरूरत है, खेल एसोसिएशनों को इसके लिए खेल विभाग के सहयोग का इंतजार है।
खेल संघों के पदाधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रीय खेलों के लिए अब तक विभाग की ओर से तैयारियों के लिए कोई बैठक आयोजित नहीं की गई है। जबकि अब तक खिलाड़ियों के चयन के साथ ही उनका प्रशिक्षण शुरू हो जाना चाहिए था। समय पर खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शुरू किया जाना जरूरी है, ताकि उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत
संघों का कहना है कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया था। इसी प्रदर्शन को आधार बनाकर आगामी राष्ट्रीय खेलों में पदकों की संख्या बढ़ाने का लक्ष्य रखा जा सकता है। इसके लिए खिलाड़ियों को विशेषज्ञ प्रशिक्षण, अभ्यास कैंप, प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग और आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत है।
खेल संघों के अनुसार, खिलाड़ी अपने स्तर पर तैयारियों में जुटे हैं, विभागीय सहयोग मिलने से प्रशिक्षण को और व्यवस्थित किया जा सकेगा। संघों ने विभाग से जल्द बैठक आयोजित कर खेलवार तैयारियों की रूपरेखा तय करने और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।
राष्ट्रीय खेलों को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह
देहरादून। खेल एसोसिएशनों का कहना है कि मेघालय में होने वाले राष्ट्रीय खेलों को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह है। अब नजर इस बात पर है कि विभाग और खेल संघ मिलकर तैयारियों को किस तरह गति देते हैं और उत्तराखंड के खिलाड़ी पिछले प्रदर्शन को कितना आगे ले जा पाते हैं।
39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी के लिए खेल विभाग के साथ खेल एसोसिएशनों की अब तक बैठक हो जानी चाहिए। ताकि समय खेलों की तैयारी और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण मिल सके। -डीके सिंह, महासचिव उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन


