अपनाएं सुरक्षित खान-पान का तरीका

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
नई दिल्ली, 03 सितंबर 2026। अगर आप बारिश के मौसम मे स्वस्थ्य रहना चाहते हैं तो कुछ आदतों को अपनी लाइफस्टाइल में शामिल करें। बरसात का मौसम जहां गर्मी से राहत देता है, वहीं यह कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा भी बढ़ा देता है। इस मौसम में नमी और गंदगी के कारण बैक्टीरिया व वायरस तेजी से फैलते हैं, जिससे पेट से जुड़ी परेशानियां, संक्रमण और मौसमी बीमारियां बढ़ जाती हैं। ऐसे समय में विशेषज्ञ खान-पान और पीने के पानी को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह देते हैं। इस मौसम में साफ पानी पीना, ताजा भोजन करना और बाहर के अस्वच्छ खाद्य पदार्थों से दूरी बनाना रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत रखने में मदद कर सकता है। सबसे अहम बात कि थोड़ी सतर्कता अपनाकर आप बरसात के मौसम का पूरी तरह आनंद ले सकती हैं।
उबला या फिल्टर का पानी पीएं
बरसात के मौसम में पानी के जल्दी दूषित होने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में गंदे पानी के सेवन से पेट दर्द, दस्त, उल्टी और कई तरह के संक्रमण हो सकते हैं। इसलिए इस मौसम में केवल उबला हुआ या अच्छी तरह फिल्टर किया हुआ पानी ही पीएं। साथ ही, घर से बाहर जाते समय भी पानी की अपनी बोतल साथ रखना बेहतर विकल्प है। पानी को खुले में रखने से बचें और पीने के बर्तन को साफ रखें। पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी पीने से शरीर हाइड्रेट रहता है और बीमारियों से बचाव में मदद मिलती है।
जंक फूड और कटे हुए फल न खाएं
बारिश में सड़क किनारे मिलने वाले खाद्य पदार्थ जल्दी दूषित हो जाते हैं। वहीं साफ-सफाई की कमी के कारण, इसमें बैक्टीरिया पनपने का खतरा बढ़ जाता है। लंबे समय तक खुले में रखे कटे हुए फल और खाद्य सामग्री में बैक्टीरिया आसानी से पनप सकते हैं। इसलिए बरसात के दिनों में बाहर का खाना खाने से बचना चाहिए। वहीं फल हमेशा ताजे खरीदें और उन्हें अच्छी तरह धोकर ही खाएं। आपकी यह आदत इस मौसम में आपको सुरक्षित और स्वस्थ रख सकती है।
खाने में ताजी सब्जियां और गर्म सूप
इस मौसम में शरीर को पोषण देने के लिए आप ताजी सब्जियों को भी अपने भोजन का हिस्सा बनाएं। हरी सब्जियां विटामिन और खनिजों से भरपूर होती हैं, जो शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाती हैं, जिसकी इस मौसम सबसे ज्यादा जरूरत होती है। इसके अलावा गर्म सूप भी इस मौसम में फायदेमंद होते हैं। सब्जियों से बने सूप शरीर को गर्माहट देने के साथ-साथ जरूरी पोषक तत्व भी प्रदान करते हैं। एक जरूरी बात यह कि भोजन को अच्छी तरह पकाकर ही खाना खाएं, ताकि किसी भी तरह के संक्रमण का खतरा कम हो सके।
तले और मसालेदार खाने बनाएं दूरी
इस मौसम बारिश की टपकती बूंदों को देखकर अक्सर पकौड़े, तले हुए स्नैक्स और ज्यादा मसालेदार भोजन खाने का मन करता है, लेकिन इनका अधिक सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक होता है। ऐसे खाद्य पदार्थ पाचन तंत्र पर दबाव डालते हैं और गैस व एसिडिटी जैसी समस्याएं बढ़ाते हैं। इस मौसम में हल्का, संतुलित और आसानी से पचने वाला भोजन करना बेहतर रहता है। कम तेल और कम मसाले वाला खाना शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करता है। बरसात का मौसम आनंद और ताजगी लेकर आता है, लेकिन सेहत के प्रति लापरवाही कई परेशानियां पैदा कर सकती है। इसलिए सुरक्षित पानी, साफ भोजन और संतुलित आहार अपनाकर इस मौसम में स्वस्थ रहा जा सकता है।


