निक्की हत्याकांड में पति-सास और जेठ के बाद चौथी गिरफ्तारी, ससुर भी सिरसा चौराहे से गिरफ्तार

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर

गौतमबुद्धनगर 25 अगस्त 2025। गौतमबुद्धनगर जिले के ग्रेटर नोएडा के थाना कासना इलाके में हुए निक्की मौत मामले में पुलिस ने फरार जेठ और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को पुलिस ने पहले जेठ को पकड़ा, इसके कुछ समय बाद ही ससुर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने विवाहिता की जलाकर हत्या के मामले में वांछित चल रहे जेठ रोहित भाटी को सिरसा टोल चौराहा के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस इस मामले में पहले आरोपी पति विपिन भाटी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद सास दया को भी गिरफ्तार कर लिया गया था। सास को आज न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। वहीं, गोपनीय सूचना की मदद से फरार ससुर सत्यवीर (55) को सिरसा चौराहा के पास से गिरफ्तार किया है। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के डीजीपी को पत्र भेजा है। आयोग ने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और तीन दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। साथ ही निष्पक्ष जांच और पीड़िता के परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है।

पत्नी को जिंदा जलाने वाले पति को मुठभेड़ में लगी गोली, देखने पहुंची मां भी गिरफ्तार

इससे पहले, रविवार को पत्नी निक्की को जिंदा जलाने का आरोपी पति विपिन भाटी पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया। ग्रेटर नोएडा की कासना कोतवाली पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसकी निशानदेही पर ज्वलनशील पदार्थ (थिनर) बरामद करने के लिए उसे लेकर सिरसा गांव गई थी। वहीं, घायल विपिन को देखने पहुंची उसकी मां और आरोपी दया को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने विपिन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने बताया, मुखबिर की सूचना और इलेक्ट्रानिक सर्विलांस के जरिये आरोपी विपिन को गिरफ्तार किया गया। 

पुलिस रविवार दोपहर 12 बजे ज्वलनशील पदार्थ की बरामदगी कराने के लिए उसे एक खेत पर लेकर पहुंची थी। तभी सिरसा चौराहे के पास आरोपी ने जिम्स चौकी इंचार्ज दरोगा वरुण की पिस्तौल निकालकर दो गोलियां दाग दीं और भाग निकला। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। पैर में गोली लगने के बाद आरोपी वहीं गिर गया। 

पति विपिन ने कहा, कोई पछतावा नहीं
आरोपी विपिन ने डाढ़ा अस्पताल में कहा कि उसे पत्नी की मौत का कोई पछतावा नहीं है। उसने कहा, मैंने उसे नहीं मारा है। वह खुद मर गई। पति-पत्नी में अक्सर झगड़े होते रहते हैं, यह बहुत आम बात है।

आरोप, 35 लाख दहेज की थी मांग, निक्की को जला डाला
दादरी के रूपवास गांव की निक्की (27) की दिसंबर, 2016 में सिरसा गांव के विपिन से शादी हुई थी। निक्की की बड़ी बहन कंचन की शादी विपिन के भाई से हुई है। पिता भिकारी सिंह का आरोप है कि ससुराल वाले 35 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर निक्की को परेशान करते थे। बृहस्पतिवार शाम विपिन ने मां दया के साथ मिलकर निक्की को जला दिया।

यह है पूरा मामला
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले के ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली इलाके के सिरसा गांव में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की क्रूरता से हत्या करने का दावा किया गया था। आरोप था कि ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता को बर्बरता से पीटा और फिर उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसने पर महिला की बहन उसे पड़ोसियों की मदद से अस्पताल ले गई, दो अस्पताल बदले, लेकिन इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। दिल दहलाने वाली घटना के बाद मृतका महिला की बहन और परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।

Leave a Reply

Next Post

सुरक्षाबलों को मिली सफलता, नक्सलियों के छुपाये हुए भारी मात्रा में हथियार और गोले-बारूद बरामद

शेयर करे छत्तीसगढ़ रिपोर्टर सुकमा 25 अगस्त 2025। सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। जिला सुकमा के मेट्टागुड़ा कैम्प क्षेत्रान्तर्गत सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा जंगल-पहाड़ों में छुपाए गए भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और लोहे की सामग्री बरामद की है। जानकारी के अनुसार, 23 अगस्त को […]

You May Like

रॉकिंग स्टार यश की 'टॉक्सिक' का नया रोमांटिक रंग....|....ब्लू ब्लेज़र में कृष्णा गौतम ने बिखेरा क्लासी ग्लैमर....|....आयशा शेट्टी के याशना कलेक्शन ने जीता साड़ी प्रेमियों का दिल....|....छत्तीसगढ़ में निकली एएनएम, स्टाफ नर्स समेत कई पदों पर भर्ती....|....गौधाम योजना निकली हवाहवाई पशुधन सड़कों पर भटक रहे, दुर्घटना हो रहा....|....लगातार तीसरा स्वर्ण जीतने पर टिकीं मीराबाई चानू की निगाहें....|....अडवार नदी का रपटा डूबा, नदी-नाले उफान पर....|....संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में शुल्क वृद्धि पर युवा कांग्रेस का आंदोलन....|....पूर्व क्रिकेटर पर 17.52 लाख की धोखाधड़ी का आरोप....|....रोपा लगाने जा रही महिलाओं से भरा ट्रैक्टर पलटा, दो की मौत; छह घायल