यशस्वी-राहुल के अर्धशतक; न्यूजीलैंड पर बढ़त लेने की चुनौती

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
वेलिंगटन, 20 नवंबर 2026। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म हो गया है। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए। जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने पहली पारी में एक विकेट पर 159 रन बनाए हैं और वह अभी 209 रन पीछे है। भारत को यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। स्टंप्स के समय केएल राहुल 52 और देवदत्त पडिक्कल 16 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
यशस्वी-राहुल के बीच साझेदारी
भारत को एकमात्र झटका यशस्वी जायसवाल के रूप में लगा। वह शतक से चूक गए। यशस्वी ने 89 गेंद पर 16 चौके की मदद से 85 रन की तेज पारी खेली। यशस्वी ने टेस्ट करियर का 14वां अर्धशतक लगाया। यशस्वी ने पहले विकेट के लिए राहुल के साथ 130 रन जोड़े। इसके बाद राहुल ने भी टेस्ट करियर का 22वां अर्धशतक पूरा किया। यशस्वी को मैट हेनरी ने विकेटकीपर ब्लंडेल के हाथों कैच कराया। राहुल और यशस्वी ने कुछ मुश्किल क्षणों का सामना किया। भारत ने अपना पहला रन पांचवें ओवर में बनाया जब जायसवाल का कवर ड्राइव शॉट वाइड थर्ड स्लिप के ऊपर से निकलकर चौके के लिए चला गया। राहुल का भाग्य ने साथ दिया क्योंकि वह काइल जैमीसन की गेंद पर डीआरएस अपील से बच गए, जबकि मैट हेनरी ने उन्हें बिल्कुल सामने गेंद फेंकी थी, लेकिन न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लाथम ने डीआरएस न लेने का फैसला किया। राहुल और यशस्वी ने जिम्मेदारी से पारी आगे बढ़ाई और शतकीय साझेदारी की। 17 टेस्ट और 30 पारियों बाद भारत ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। इससे पहले आखिरी बार नवंबर 2024 में पर्थ में खेले गए टेस्ट में इन दोनों ने 201 रनों की साझेदारी की थी। दूसरे दिन का खेल खत्म होने से पहले केएल राहुल ने भी पचासा पूरा किया। 2016 के बाद यह पहली बार है जब मेहमान टीम के दोनों ओपनरों ने न्यूजीलैंड में टेस्ट मैच में 50+ स्कोर बनाया है। इससे पहले 2016 में ऐसा हुआ था।
न्यूजीलैंड की पहली पारी
इससे पहले, दूसरे दिन मेजबान टीम की पहली पारी 368 रन पर समाप्त हो गई थी। न्यूजीलैंड ने पांच विकेट पर 243 रन से आगे खेलना शुरू किया। दूसरे दिन न्यूजीलैंड ने 125 रन जोड़े और बाकी के पांच विकेट गंवा किए। हेनरी निकोल्स 175 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि ग्लेन फिलिप्स ने 118 रन की शानदार पारी खेली। एक वक्त न्यूजीलैंड ने 70 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद इन दोनों ने छठे विकेट के लिए 216 रन की साझेदारी कर न्यूजीलैंड को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला।
निकोल्स ने खेली 175 रन की नाबाद पारी
हेनरी निकोल्स ने भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया। उन्होंने 335 गेंदों पर 175 रन बनाए। उनकी पारी में 21 चौके शामिल रहे। निकोल्स ने पहले दिन अपना शतक पूरा किया था और दूसरे दिन भी अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी। ग्लेन फिलिप्स ने 216 गेंदों पर 118 रन बनाए। उनकी पारी में 14 चौके शामिल रहे। दोनों के बीच 394 गेंदों में 216 रन की साझेदारी हुई। फिलिप्स दूसरे दिन आकाश दीप की गेंद पर बोल्ड हुए। फिलिप्स का विकेट आज भारत को मिला पहला विकेट रहा। इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने नाथन स्मिथ (14) को एलबीडब्ल्यू आउट किया। फिर आकाश दीप ने काइल जेमीसन को 11 रन के निजी स्कोर पर केएल राहुल के हाथों कैच कराया। बुमराह ने मैट हेनरी (1) को पवेलियन भेजकर अपना चौथा विकेट हासिल किया। जबकि अंशुल कंबोज ने जैकब डफी (4) को आउट कर न्यूजीलैंड की पारी समेट दी।
बुमराह-आकाश दीप का कमाल
भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 29 ओवर में 92 रन देकर चार विकेट लिए। आकाश दीप ने 23 ओवर में 53 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। अंशुल कंबोज को दो सफलताएं मिलीं, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने एक विकेट लिया। पहले दिन टॉम लाथम खाता खोले बिना आउट हुए थे। वहीं, डेवोन कॉनवे चार रन, रचिन रवींद्र 15 रन, डेरिल मिचेल एक रन और टॉम ब्लंडेल पांच रन बनाकर आउट हुए थे।

