राष्ट्रीय युवा धर्म संसद का आगाज

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर          

उज्जैन, 17 सितंबर 2026। उज्जैन के माधव विज्ञान महाविद्यालय स्थित गीता भवन परिसर में आयोजित राष्ट्रीय युवा धर्म संसद 2026 के अवसर पर कला, आध्यात्म और युवा ऊर्जा का संगम देखने को मिल रहा है। सेवाज्ञ संस्थानम् द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय महासमागम की शुरुआत आज से होगी। इसका शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत करेंगे। वे देशभर से जुटे युवाओं को चरित्र निर्माण और राष्ट्र सेवा का संदेश देंगे।

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण राष्ट्रीय चित्रकला कार्यशाला एवं प्रदर्शनी है। इसमें देश के 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए वरिष्ठ और युवा कलाकार सनातन संस्कृति से जुड़े विषयों को कैनवास पर उकेर रहे हैं। सेवाज्ञ संस्थानम् के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में बनारस, दिल्ली, गाजियाबाद, सागर, जयपुर, प्रयागराज और अशोकनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों के कलाकार भारत-भाव थीम पर कलाकृतियां तैयार कर रहे हैं। कार्यशाला प्रभारी अंकिता जायसवाल (मऊ, आजमगढ़) ने बताया कि गुरुवार को प्रदर्शनी का औपचारिक शुभारंभ प्रख्यात भारतीय मूर्तिकार पद्मश्री अद्वैतचरण गडनायक द्वारा किया जाएगा।

युवा धर्म संसद में शामिल होने बनारस से अकेले उज्जैन पहुंचीं 60 वर्षीय वरिष्ठ चित्रकार पद्मिनी जसवंत मेहता ने कहा कि चित्र बनाना और सृजन करना उनके जीवन का मिशन है। वह अपनी कला यात्रा का अनुभव युवा पीढ़ी के साथ साझा करना चाहती हैं। जयपुर, राजस्थान से आए शंकरसिंह राजावत ने शिव और हनुमानजी के एकाकार रुद्र रूप की रचना तैयार की है। उज्जैन की कलाकार सुमन डोगरे ने हनुमान जी के तेजोमय रूप को कैनवास पर उकेरा है। बनारस से आईं आरती चौरसिया ने महाकवि कालिदास की अमर कृति ‘मेघदूत’ पर आधारित चित्र तैयार किया है।

बनारस से आए आर्यन कुमार संत कबीर और गोस्वामी तुलसीदास के व्यक्तित्व को रंगों के माध्यम से चित्रित करते नजर आए। इनके अलावा अमन कुशवाह (प्रयागराज), रामनयन (वाराणसी), पलक सोनी (अशोकनगर), जतिन जाटव (सागर) और रतना शिवप्रिया ने भी भारतीय मूल्यों और संस्कृति को अपनी चित्रकारी के माध्यम से अभिव्यक्त किया।

युवा धर्म संसद को लेकर युवाओं में उत्साह
देशभर से आए 1600 से अधिक युवा प्रतिनिधियों में आयोजन को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। संवाद और विचार-विमर्श के इस मंच पर युवाओं ने आयोजन को लेकर अपने विचार साझा किए। अशोकनगर की पलक सोनी ने बताया कि स्वामी विवेकानंद के शिकागो संबोधन की स्मृति में आयोजित यह संसद उनके लिए केवल भाषण सुनने का मंच नहीं, बल्कि अपने सांस्कृतिक उत्तरदायित्व को समझने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आज का युवा अवसरों की तलाश करने के साथ अपनी क्षमताओं से नए अवसरों का सृजन भी कर रहा है। प्रयागराज के अमन कुशवाह ने कहा कि 24 राज्यों के युवाओं और कलाकारों से मिलकर ऐसा लगता है, जैसे पूरा भारत अवन्तिका की पावन धरा पर सिमट आया है। उनके अनुसार ऋषि-कृषि संस्कृति और सनातन चेतना भारत की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

युवा धर्म संसद का उज्जैन में छठा पड़ाव
आयोजकों के अनुसार 2018-19 में शुरू हुई इस यात्रा का आयोजन काशी (2019), अयोध्या (2022), मथुरा (2023), हरिद्वार (2024) और कांचीपुरम (2025) में हो चुका है। अब इसका छठा पड़ाव उज्जैन में है। आयोजकों ने बताया कि इस शृंखला का अगला संस्करण द्वारका में आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए पंजीकरण जुलाई 2027 से शुरू होंगे। 19 सितंबर को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम का समापन होगा। आयोजन में स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज, आचार्य मिथिलेशनंदिनीशरण, मनोज मुंतशिर, प्रो. श्रीनिवास वरखेडी और प्रो. हिमांशु राय (IIM इंदौर) सहित कई प्रमुख हस्तियां युवाओं से संवाद करेंगी। 

Leave a Reply

Next Post

CGPSC का बड़ा फैसला: 265 पदों के लिए 20 सितंबर से शुरू होने वाला इंटरव्यू टला, आयोग जारी करेगा नई तिथियां

शेयर करे छत्तीसगढ़ रिपोर्टर            रायपुर, 17 सितंबर 2026।  छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 से जुड़ा अहम अपडेट जारी किया है। परीक्षा के जरिए 20 विभागों में 265 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। इसके अगले चरण के तौर पर होने वाला दस्तावेज सत्यापन और […]

You May Like

सृजन, कौशल और श्रम के सम्मान का संदेश देती है भगवान विश्वकर्मा की आराधना: मुख्यमंत्री साय....|....CGPSC का बड़ा फैसला: 265 पदों के लिए 20 सितंबर से शुरू होने वाला इंटरव्यू टला, आयोग जारी करेगा नई तिथियां....|....राष्ट्रीय युवा धर्म संसद का आगाज....|....नितिन नवीन के स्वागत में एयरपोर्ट पहुंचे मुख्यमंत्री....|....प्रोबेशन में 100% वेतन पर सुप्रीम कोर्ट पहुंची सरकार....|....कुल्लू-मनाली में दो माह बाद खुला रोमांच का रास्ता....|....गुरुग्राम में ईडी की रेड: गोपाल कांडा के घर और फार्महाउस पर छापा मारा....|....बालिग को अपनी मर्जी से धर्म व जीवनसाथी चुनने का अधिकार....|....जिस विमान को दी थी क्लीन चिट, उसी में हुआ था दोबारा हादसा....|....पीएम मोदी के जन्मदिन पर काशी में जश्न