छत्तीसगढ़ छोड़ तेलंगाना में छिपा; ऐसे दबोचा गया

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
कबीरधाम, 13 सितंबर 2026। कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र में चाचा की हत्या के मामले में पुलिस ने करीब 21 महीने से फरार आरोपी को तेलंगाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने दिसंबर 2024 में मामूली विवाद के बाद अपने चाचा के सिर पर लकड़ी के डंडे से हमला किया था। गंभीर चोटों के बाद चाचा की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
पुलिस के मुताबिक, घटना 2 दिसंबर 2024 को ग्राम बैगापारा पोलमी में हुई थी। गांव निवासी फूलसिंह बैगा का अपने चाचा सुकलाल बैगा (55) से किसी सामान्य बात को लेकर विवाद हो गया था।
सिर पर डंडे के वार से आई थी गंभीर चोट
विवाद बढ़ने पर फूलसिंह ने कथित तौर पर चाचा के साथ गाली-गलौज और धमकी देते हुए लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद सुकलाल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की रिपोर्ट के आधार पर 3 दिसंबर 2024 को कुकदूर थाने में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी की धाराओं में अपराध दर्ज किया गया। मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोट की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले में BNS की धारा 117(2) भी जोड़ी।
इलाज के दौरान हुई चाचा की मौत
गंभीर चोटों से जूझ रहे सुकलाल बैगा की 17 दिसंबर 2024 की रात मौत हो गई। अगले दिन पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि सिर पर डंडे से किए गए हमले में लगी चोटें ही मौत की वजह बनीं। इसके बाद पुलिस ने मामले में BNS की धारा 103(1) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
गिरफ्तारी से बचने छत्तीसगढ़ छोड़ गया था
चाचा की मौत के बाद आरोपी फूलसिंह बैगा फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देती रही, लेकिन आरोपी बार-बार ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा।
सूचना तंत्र और तकनीकी साक्ष्य से मिला सुराग
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश पर कुकदूर पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई गई। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि फूलसिंह बैगा तेलंगाना के सांगारेड्डी जिले के बोंथापल्ली क्षेत्र में छिपकर रह रहा है।
तेलंगाना पहुंची पुलिस टीम, आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलते ही कुकदूर पुलिस की टीम तेलंगाना रवाना हुई। स्थानीय स्तर पर पतासाजी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को गुम्माडीडाला थाना क्षेत्र से पकड़ लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी फूलसिंह बैगा को 12 सितंबर को जेएमएफसी न्यायालय पंडरिया में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की गई।


