वैकल्पिक साधनों से दिल्ली पहुंचेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
रायपुर, 28 अक्टूबर 2026। रेलवे ने दिल्ली में एक नवंबर को होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस को 15 कोच की स्पेशल ट्रेन उपलब्ध कराने से इन्कार कर दिया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने इस संबंध में जारी अपने पत्र में बताया कि प्रस्तावित ट्रेन का समय रेलवे बोर्ड की ओर से अधिसूचित प्रतिबंधित अवधि के अंतर्गत आ रहा है। रेलवे प्रशासन के अनुसार इस अधिसूचित प्रतिबंधित समय सीमा के दौरान किसी भी नई स्पेशल ट्रेन की बुकिंग स्वीकार नहीं की जा सकती।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने 24 अक्तूबर को रेलवे प्रशासन को पत्र लिखकर 15 कोच की विशेष ट्रेन की मांग की थी। रेलवे के आधिकारिक दस्तावेज में इस ट्रेन के संचालन का कुल अनुमानित खर्च 22,49,510 रुपये दर्ज किया गया था। स्वीकृत योजना के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन 30 अक्तूबर की शाम 7:00 बजे रायपुर से रवाना होकर 31 अक्तूबर को दिल्ली पहुंचने वाली थी। वहीं वापसी के कार्यक्रम के तहत ट्रेन 1 नवंबर की रात 8:00 बजे दिल्ली से रवाना होकर 2 नवंबर को वापस रायपुर पहुंचती। हालांकि रेलवे ने इस समय बुकिंग से मना करते हुए कांग्रेस को प्रतिबंधित अवधि समाप्त होने के बाद ट्रेन चलाने की योजना बनाने की सलाह दी है।
स्पेशल ट्रेन की अनुमति नहीं मिलने पर कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली में होने वाली रैली में आम लोगों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी रोकने के लिए प्रशासनिक सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने साफ कहा कि स्पेशल ट्रेन की सुविधा न मिलने के बाद भी छत्तीसगढ़ से हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे। कार्यकर्ताओं ने यात्रा के लिए वैकल्पिक साधन तय कर लिए हैं। अब राज्य के कार्यकर्ता नियमित ट्रेनों, स्पेशल बसों, हवाई यात्रा और निजी वाहनों का उपयोग करके दिल्ली पहुंचेंगे।


