शेफाली वर्मा ने रचा इतिहास: महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में पूरे किए 3000 रन

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर          

दुबई, 06 सितंबर 2026। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने शनिवार को पाकिस्तान के खिलाफ महिला एशिया कप के ग्रुप-ए मुकाबले में इतिहास रच दिया। उन्होंने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 3000 रन पूरे करने के साथ दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। शेफाली इस उपलब्धि तक पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की और सबसे तेज बल्लेबाज बन गईं।

22 साल 220 दिन की उम्र में रचा कीर्तिमान
शेफाली ने 22 साल 220 दिन की उम्र में 3000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए। उन्होंने आयरलैंड की गैबी लुईस का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा, जिन्होंने 24 साल 347 दिन की उम्र में यह मुकाम हासिल किया था। शेफाली ने उम्र के अलावा सबसे कम गेंदों में 3000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने महज 2182 गेंदों में यह आंकड़ा छुआ। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज एलिसा हीली के नाम था, जिन्होंने 2321 गेंदों में 3000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए थे।

हरमनप्रीत और मंधाना के खास क्लब में शामिल
शेफाली ने 2019 में महज 15 साल की उम्र में भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। अब वह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में 3000 रन पूरे करने वाली तीसरी भारतीय महिला बल्लेबाज बन गई हैं। उनसे पहले कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। शेफाली की पहचान उनके आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज के लिए रही है। सिर्फ 22 साल की उम्र में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में काफी अनुभव हासिल कर लिया है और महिला क्रिकेट की सबसे खतरनाक सलामी बल्लेबाजों में अपनी जगह बनाई है।

महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे कम उम्र में 3000 रन

खिलाड़ीदेशउम्र
शेफाली वर्माभारत22 साल 220 दिन
गैबी लुईसआयरलैंड24 साल 347 दिन
ईशा ओजायूएई27 साल 139 दिन
स्मृति मंधानाभारत27 साल 171 दिन
हेली मैथ्यूजवेस्टइंडीज27 साल 347 दिन

सबसे कम गेंदों में 3000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन

खिलाड़ीदेश3000 रन के लिए गेंदें
शेफाली वर्माभारत2182
एलिसा हीलीऑस्ट्रेलिया2321

पहली गेंद पर छक्का, अगली गेंद पर रचा इतिहास


पाकिस्तान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए शेफाली ने अपने अंदाज में ही पारी की शुरुआत की। उन्होंने सदिया इकबाल की पहली गेंद पर छक्का लगाया और अगली गेंद पर एक रन लेकर अपने 3000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए। हालांकि, इसके बाद उनकी पारी ज्यादा लंबी नहीं चली। शेफाली ने फातिमा सना की गेंद पर चौका लगाया, लेकिन दो गेंद बाद कैच एंड बोल्ड हो गईं। उन्होंने छह गेंदों में 12 रन बनाए, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल था।

पाकिस्तान को 55 रन पर समेटा
शेफाली की छोटी लेकिन तेज पारी ने भारत की लक्ष्य का पीछा करने की शुरुआत को आक्रामक बना दिया। इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान की पारी को महज 55 रन पर समेट दिया था। यह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तान का अब तक का सबसे कम स्कोर है। भारत की स्पिन गेंदबाजों श्री चरणी और प्रेमा रावत ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि दीप्ति शर्मा को दो विकेट मिले। पाकिस्तान ने एक समय बिना विकेट खोए 27 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बाद उसकी पारी लड़खड़ा गई।

भारत ने सात विकेट से जीता मुकाबला
55 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने तीन विकेट गंवाए, लेकिन हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने टीम को जीत तक पहुंचा दिया। भारत ने 8.4 ओवर में सात विकेट से मुकाबला अपने नाम किया और 68 गेंद शेष रहते जीत हासिल की। इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप चरण का अंत छह अंकों और +5.471 के नेट रन रेट के साथ शीर्ष स्थान पर किया। अब टीम को सेमीफाइनल में अपने प्रतिद्वंद्वी का इंतजार है। ग्रुप-बी से बांग्लादेश, श्रीलंका और यूएई की टीमें बाकी दो सेमीफाइनल स्थानों के लिए दावेदारी में हैं।

Leave a Reply

Next Post

शिक्षक दिवस पर कलेक्टर बने शिक्षक

शेयर करेस्कूल पहुंचे तो 8 शिक्षक मिले गायब, नोटिस के निर्देश छत्तीसगढ़ रिपोर्टर           कोरबा, 06 सितंबर 2026। जिले में शिक्षक दिवस के अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने एक शिक्षक की भूमिका निभाते हुए प्रधानमंत्री एकलव्य आवासीय विद्यालय छुरी पहुंचकर विद्यार्थियों को अनुशासन और मेहनत का पाठ पढ़ाया। उन्होंने क्लास […]

You May Like

राष्ट्रपति द्रौपदी ने जारी किया 200 रुपए का स्मारक सिक्का....|....स्नातक के 40 और शिक्षक के 13 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कल....|....ड्राइविंग लाइसेंस के लिए कैमरे से होगी निगरानी....|....थाने में पुलिस से भिड़ा निगरानीशुदा बदमाश, हाथापाई....|....जन विश्वास अभियान में अब अचानक जिलों में पहुंचेंगे सीएम....|....दिल्ली की हवा: एक रात में टूट गए 10 साल के रिकॉर्ड....|....सिरपुर हमारी समृद्ध सभ्यता, कला और ज्ञान परंपरा की अनमोल धरोहर : मुख्यमंत्री साय....|....एशियन पैरा गेम्स: प्रमोद-मनीषा की जोड़ी और सुहास एलवाई ने जीता कांस्य पदक....|....पुरुषों में दिखें ये 7 लक्षण तो तुरंत कराएं डायबिटीज की जांच....|....भारतीय शेयर बाजार में आएंगे 100 अरब डॉलर