दीपिका हत्याकांड: तिल्ली फटी, दिमाग में खून का थक्का, शरीर पर चोट के निशान; रिपोर्ट ने खोले चौंकाने वाले राज

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर

नई दिल्ली 20 मई 2026। ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव की विवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध हालत में मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट में शरीर पर कई बाहरी और अंदरूनी चोटों का खुलासा हुआ है, जो किसी हिंसक घटना या बेरहमी से की गई मारपीट का इशारा कर रहे हैं। मामले की जांच अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, दीपिका के शरीर पर कई जगह चोटें, सूजन और गहरे घाव मिले हैं। सबसे बड़ी चोट चेहरे के दाहिने हिस्से पर पाई गई, जहां करीब 12 सेंटीमीटर लंबा और 9 सेंटीमीटर चौड़ाई में गहरा कंट्यूजन (भीतरी चोट) मिला है।

बाएं हाथ की कोहनी और फोरआर्म पर भी चोट के निशान पाए गए। रिपोर्ट में सबसे गंभीर बाहरी चोट दाहिने पैर की जांघ पर दर्ज की गई है। यहां लगभग 38 सेंटीमीटर लंबा और 14 सेंटीमीटर चौड़ा गहरा दबाव और नीला निशान पाया गया है। इसके अलावा बाएं घुटने पर भी हड्डी तक गहरा घाव मिला है। कमर और पेट के निचले हिस्से में भी चोटों के निशान दर्ज किए गए हैं। दाहिने कूल्हे के ऊपर गोल आकार की अंदरूनी चोट भी पाई गई है। दोनों हाथों और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी कई चोट और दबाव के निशान मिले हैं। 

हृदय के चैंबर खाली पाए गए…बायीं किडनी के पीले होने का उल्लेख
बाएं कान से खून निकलने की बात भी सामने आई है। आंतरिक जांच में और भी गंभीर तथ्य सामने आए। डॉक्टरों ने मस्तिष्क के मध्य और बायीं ओर हेमेटोमा यानी खून का थक्का पाया। इसके अलावा तिल्ली फटी हुई मिली और शरीर के कई हिस्सों में अंदरूनी रक्तस्राव दर्ज किया गया। रिपोर्ट में हृदय के चैंबर खाली होने और बाईं किडनी के पीले होने का भी उल्लेख किया गया है।

फोरेंसिक साइंस के अनुसार हृदय का चैंबर खाली होने की स्थिति आमतौर पर दर्शाती है कि मृत्यु से ठीक पहले या मृत्यु के समय शरीर में रक्त की भारी कमी हो गई थी। इसका तात्पर्य होता है कि किसी गंभीर चोट या अंदरूनी रक्तस्राव के कारण शरीर का अधिकांश खून बह चुका हो, या फिर अत्यधिक आघात के कारण दिल का पंपिंग दबाव इतना बढ़ जाता है कि वह अपनी पूरी क्षमता से सिकुड़कर खाली हो जाता है। आमतौर पर किडनी के पीले पाए जाने का कारण भी अत्यधिक रक्तस्राव होता है। ऐसी स्थिति में शरीर हृदय और मस्तिष्क जैसे मुख्य अंगों को बचाने के लिए किडनी में रक्तप्रवाह कम कर देता है।

विषैले पदार्थ की आशंका को देखते हुए विसरा जांच के लिए भेजा गया
हालांकि मौत के सटीक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। विषैले पदार्थ की आशंका को देखते हुए विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सास-ननद समेत चार आरोपी फरार, तलाश में पुलिस की चार टीमें दे रहीं दबिश
दीपिका नागर की कथित दहेज हत्या के मामले में फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। घटना के बाद से दीपिका की सास, दो ननद और दो चचिया ससुर गिरफ्तारी के डर से घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।

आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन भी बंद कर रखे हैं, जिससे पुलिस को उनकी तलाश में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पिता संजय नागर ने दीपिका के पति ऋतिक, ससुर मनोज, सास पूनम, ननद नेहा और तन्नी व चचिया ससुर प्रमोद और विनोद के खिलाफ ईकोटेक-3 कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस अब तक पति और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं अन्य आरोपी घटना के बाद से जलपुरा स्थित घर में ताला लगाकर फरार हैं।

स्कॉर्पियो व एक करोड़ से भी नहीं भरा लालच, फॉर्च्यूनर की मांग ने ली महिला की जान
ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में दहेज की लालच ने एक बार फिर होनहार बेटी की जिंदगी ले ली। शादी के महज 14 महीने बाद ही विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गांव कूड़ी खेड़ा बादलपुर निवासी विवाहिता के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है स्कॉर्पियो गाड़ी और एक करोड़ रुपये दहेज में देने के बाद भी ससुराल वालों का मन नहीं भरा। वे फॉर्च्यूनर कार की मांग करने लगे। इसी को लेकर दीपिका नागर(24) की पिटाई की गई और फिर तीसरी मंजिल से फेंककर हत्या कर दी गई। वहीं, ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने बताया कि मानसिक प्रताड़ना के कारण विवाहिता ने तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या की है। त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

ससुर ने छत से गिरने की दी जानकारी
उन्होंने बताया कि बेटी की ससुराल से लौटने के बाद रात 11 बजे बाद बेटी के ससुर ने फोन कर बताया कि दीपिका छत से गिर गई है। इसके बाद वे नॉलेज स्थित शारदा अस्पताल पहुंचे, जहां उसका शव पड़ा था। उसके हाथ, पैर, पेट व गले पर चोटों के निशान थे। जगह-जगह पर खून के धब्बे भी थे। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की हत्या कर आत्महत्या का रंग देने की कोशिश की गई है। उन्होंने तेज धार हथियार से भी चोट पहुंचाने का आरोप लगाया है।

Leave a Reply

Next Post

बंगाल में OBC पर शुभेंदु सरकार का बड़ा फैसला: धर्म आधारित आरक्षण व्यवस्था खत्म; 66 समुदायों को फिर मिला लाभ

शेयर करे छत्तीसगढ़ रिपोर्टर कोलकाता 20 मई 2026। पश्चिम बंगाल की शुभेंदु सरकार ने मंगलवार को बड़ा फैसला लेते हुए धर्म के आधार पर बनाई गई ओबीसी श्रेणियों को खत्म कर दिया और 2010 से पहले ओबीसी सूची में शामिल 66 समुदायों को फिर से सात प्रतिशत आरक्षण का लाभ […]

You May Like

'कुछ लोग निराशावादी ही हैं, भारत को नीचा दिखाना चाहते हैं', पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर बोला हमला....|....दिल्ली होटल अग्निकांड: 21 मौतों के मामले में होटल का रसोइया गिरफ्तार, मालिक के खिलाफ भी केस दर्ज....|....ईद मनाने निकले लेकिन...:सहारा रेगिस्तान में फंस गया ट्रक, 49 लोगों की तड़प-तड़प कर मौत....|....महागठबंधन में दरार! झामुमो ने बदली रणनीति, अब राज्यसभा की दोनों सीटों पर उतारेगी अपने उम्मीदवार....|....इबोला को लेकर छत्तीसगढ़ अलर्ट: स्वास्थ्य मंत्री बोले- क्वारंटाइन किए गए लोगों में नहीं मिले संक्रमण के लक्षण....|....पंजाब में भीषण सड़क हादसा: ट्रॉला और पिकअप में जबरदस्त टक्कर, डेरा ब्यास जा रहे आठ श्रद्धालुओं की मौत....|....35 सेकंड में युवती का कत्ल: ऑफिस में युवक ने किए 30 वार, एकतरफा प्यार और हत्या में परिवार के दावे से नया मोड़....|....'कूटनीति से ही समाधान संभव': यूएन से सम्मानित मेजर अभिलाषा का शांति संदेश, लेबनान के पुनर्निर्माण की बताई जरूरत....|....राष्ट्रीय स्तर पर 3% गिरावट के बीच यूपी का शानदार प्रदर्शन, जीएसटी संग्रह में 13% बढ़ोतरी, देश में नंबर वन....|....सुरक्षा कटौती पर बिहार में रार: पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने आवास से सुरक्षाकर्मियों को लौटाया; अपमान का लगाया आरोप