प्रधानमंत्री बोले- भारतीय सेना के जवान निस्वार्थ सेवा-राष्ट्र रक्षा के प्रतीक, सैनिकों को नमन

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर

नई दिल्ली 15 जनवरी 2026। सेना दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारतीय सेना की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना निस्वार्थ सेवा का प्रतीक है और सबसे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी अटूट संकल्प के साथ देश की सुरक्षा करती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्र उनकी वीरता और दृढ़ प्रतिबद्धता को नमन करता है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि हमारे सैनिक निस्वार्थ सेवा के प्रतीक हैं, जो सबसे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प के साथ राष्ट्र की रक्षा करते हैं। कर्तव्य के प्रति उनकी भावना पूरे देश में विश्वास और कृतज्ञता की भावना जगाती है। मोदी ने कहा कि देश उन लोगों को गहरे सम्मान के साथ याद करता है जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी।

सेना का राष्ट्र प्रथम का भाव भारतीय को प्रेरित करता है- राष्ट्रपति

इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना देश की एकता, संप्रभुता और अखंडता की रक्षा में सदैव अडिग रही है। हमारे सैनिक सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ आपदा, संकट और मानवीय सहायता के समय भी अहम भूमिका निभाते हैं। आपका अटूट राष्ट्र प्रथम का भाव हर भारतीय को निरंतर प्रेरित करता है।

भारतीय सेना ने वैश्विक सम्मान अर्जित किया है- रक्षा मंत्री

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सेना दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर भारतीय सेना के वीर जवानों और उनके परिवारों को हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्र उनके अदम्य साहस, सर्वोच्च बलिदान और भारत की संप्रभुता व अखंडता की रक्षा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को नमन करता है। उन्होंने कहा कि सीमाओं पर सतर्कता और संकट की घड़ी में दृढ़ संकल्प के साथ खड़ी भारतीय सेना ने अपने पेशेवर कौशल, अनुशासन और मानवीय सेवा के माध्यम से वैश्विक सम्मान अर्जित किया है। हमारी सरकार एक आधुनिक, आत्मनिर्भर और भविष्य के लिए तैयार सेना के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कृतज्ञ राष्ट्र गर्व और सम्मान के साथ अपने सैनिकों के साथ एकजुट खड़ा है।

उपराष्ट्रपति ने वीर शहीदों को किया नमन

वहीं उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि  सेना दिवस के अवसर पर मैं भारतीय सेना के वीर अधिकारियों, जवानों और पूर्व सैनिकों को नमन करता हूं। देश की सुरक्षा में उनका अटूट साहस, अनुशासन और सर्वोच्च बलिदान हर नागरिक को प्रेरित करता है। हम भारत की एकता और अखंडता के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा और अडिग प्रतिबद्धता का सम्मान करते हैं। इस पावन अवसर पर हम कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को गहरी कृतज्ञता के साथ स्मरण करते हैं।

शौर्य की गूंज हमारे इतिहास के पन्नों में दर्ज- गृह मंत्री

गृह मंत्री अमित शाह ने सेना दिवस के अवसर पर भारतीय सेना के जवानों और उनके परिवारों को हार्दिक शुभकामनाएं दी। शाह ने कहा कि उनके शौर्य की गूंज हमारे इतिहास के पन्नों में दर्ज है, जो हर पीढ़ी के भारतीयों के भीतर देशभक्ति की प्रचंड ज्वाला प्रज्वलित करती है। कर्तव्य पथ पर सर्वस्व अर्पित करने वाले उन वीर हृदयों को मेरा कोटि-कोटि नमन।

क्यों मनाया जाता है सेना दिवस?

15 जनवरी को सेना दिवस मनाया जाता है, जो फील्ड मार्शल के.एम. कारियाप्पा द्वारा 1949 में अपने ब्रिटिश पूर्ववर्ती जनरल सर एफ.आर.आर. बुचर का स्थान लेकर भारतीय सेना के पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ के रूप में पदभार संभालने की याद में मनाया जाता है।

Leave a Reply

Next Post

अयोध्या: रामलला ने भी मनाया मकर संक्रांति का पर्व, अर्पित की गई पतंग; पूजा के बाद लगाया गया विशेष भोग

शेयर करे छत्तीसगढ़ रिपोर्टर अयोध्या 15 जनवरी 2026। राम नगरी में मकर संक्रांति का पर्व भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। भोर से ही श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में आस्था की डुबकी लगाई और तिल, गुड़, वस्त्र व अन्न का दान कर पुण्य अर्जित किया। ठंड के […]

You May Like

पत्थर कारोबारी के घर 28 करोड़ कैश, 15 किलोग्राम सोना मिला....|....भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स में तीसरा गोल्ड....|....रहाणे का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास, भावुक हुए....|....15 लाख लेकर नहीं कराई जमीन की रजिस्ट्री....|....जर्जर सड़क बनी आफत: कटघोरा-पसान मार्ग पर गड्ढों में पलटे वाहन....|....तय समय में नहीं भेजी रोजनामचा रिपोर्ट, SSP ने लिया एक्शन....|....मत्स्य उत्पादन क्लस्टर के रुप में अमारु को किया जा रहा है विकसित....|....शिक्षकों के लिए हाजिरी एप की अनिवार्यता सरकार की तानाशाही - कांग्रेस....|....सरकार नक्सल खात्मे का श्रेय ले रही है और भाजपाई नक्सलियों के बैनर लगा रहे हैं -कांग्रेस....|....भारत में बिटडेल्टा इंडिया का 'क्रिप्ट्यूशन' हुआ लॉन्च