महिला जूनियर एशिया कप हॉकी: भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से रौंदा, सेमीफाइनल में मारी एंट्री

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर          

मोक्वी (चीन), 10 सितंबर 2026। भारतीय महिला हॉकी टीम ने जूनियर एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ ऐसा तूफान खड़ा किया कि मुकाबला शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद एकतरफा हो गया। गत चैंपियन भारत ने गुरुवार को क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। भारत की ओर से गोलों की बारिश पूरे मुकाबले में जारी रही और पाकिस्तान की टीम लगातार दबाव में नजर आई।

भारत ने मैच के सातवें मिनट में पूजा साहू के गोल से खाता खोला। इसके दो मिनट बाद रोशनी ऐंद ने बढ़त दोगुनी कर दी। इसके बाद भारतीय टीम ने हमलों की रफ्तार और बढ़ा दी। 11वें मिनट में तनुश्री दिनेश कडू और 13वें मिनट में सुखवीर कौर ने गोल किया। इसी मिनट सानिका चंद्रकांत माने ने भी गोल दाग दिया।

पहले हाफ में ही भारत की 10-0 की बढ़त
भारत का हमला यहीं नहीं रुका। मधु सिदार ने 16वें मिनट में गोल किया, जबकि गीता यादव ने 18वें मिनट में स्कोर किया। सानिका माने ने 23वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागा। इसके बाद तनुजा टोप्पो ने 25वें और पूजा मलिक ने 27वें मिनट में गोल कर दिया। पहले हाफ के आखिरी मिनटों में पूर्णिमा यादव ने 33वें मिनट में गोल किया। इस तरह मध्यांतर तक भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 10-0 की विशाल बढ़त हासिल कर ली थी।

दूसरे हाफ में भी नहीं थमा गोलों का सिलसिला
दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। मधु सिदार ने 39वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया और इसके एक मिनट बाद सुप्रिया ने अपना खाता खोला। पूजा मलिक ने इसके बाद लगातार दो गोल दागे। उन्होंने 49वें और 51वें मिनट में गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की। इसके बाद कृष्णा शर्मा ने 48वें मिनट में और बिनीमा धन ने 55वें मिनट में गोल किया। सुप्रिया ने 54वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया। मैच के आखिरी मिनट में रोशनी ऐंद ने अपना दूसरा गोल दागकर भारत के स्कोर को 19 तक पहुंचा दिया। भारत ने इस तरह पाकिस्तान के खिलाफ 19-0 की धमाकेदार जीत दर्ज की।

ग्रुप चरण में भी अजेय रहा था भारत
भारतीय टीम ने क्वार्टर फाइनल से पहले ग्रुप चरण में भी शानदार प्रदर्शन किया था। टीम ने जापान, मलेशिया और दक्षिण कोरिया को हराकर अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया था। अब सेमीफाइनल में भारत का सामना दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा। भारत की नजर अब लगातार तीसरी बार जूनियर महिला एशिया कप का खिताब जीतने पर है। भारतीय टीम ने इससे पहले 2023 और 2024 में खिताब अपने नाम किया था। पाकिस्तान के खिलाफ 19 गोल की जीत ने मौजूदा चैंपियन के इरादे भी साफ कर दिए हैं।

Leave a Reply

Next Post

25 सालों में मोदी ने गोधरा से लेकर जेन जी आंदोलन तक का सफर तय किया - कांग्रेस

शेयर करेमोदी के 25 सालों में किस बात का जश्न मनाने जा रही है भाजपा छत्तीसगढ़ रिपोर्टर           रायपुर, 10 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष होने पर भाजपा 1 माह तक कार्यक्रम करने जा रही, यह एक राजनैतिक नौटंकी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि गोधरा […]

You May Like

31 साल बाद फिर सुर्खियों में झिरन्या....|....33 साल प्लॉट का इंतजार और आज सब्र टूटा....|....सागर जहरीली शराब कांड : आरोपियों पर प्रशासन ने कसा शिकंजा....|....रात में सड़क पर मौत बनकर खड़ा था दंतैल, सामने आते ही युवक को कुचला....|....हॉस्टल से निकला 9 साल का मासूम फिर नहीं लौटा....|....सीएम विष्णुदेव साय समेत मंत्रियों ने किया 80s रेट्रो एआई ट्रेंड....|....25 सालों में मोदी ने गोधरा से लेकर जेन जी आंदोलन तक का सफर तय किया - कांग्रेस....|....महिला जूनियर एशिया कप हॉकी: भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से रौंदा, सेमीफाइनल में मारी एंट्री....|....मुलुंड में मलाइका अरोरा का ग्लैमरस अंदाज....|....14 साल बाद भारत में लौटा APNIC सम्मेलन