जशपुर हत्याकांड में बड़ा ट्विस्ट: ‘मरा हुआ’ युवक जिंदा लौटा, जेल में हैं आरोपी; अधजली लाश की पहचान पर उठे सवाल

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर

जशपुर 23 दिसंबर 2025। जशपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से सामने आया यह मामला अब पुलिस जांच, न्यायिक प्रक्रिया और सिस्टम – तीनों के लिए एक सनसनीखेज पहेली बन गया है। जिस युवक सीमित खाखा (30) को पुलिस रिकॉर्ड में मृत घोषित कर उसकी हत्या का खुलासा किया जा चुका था। वहीं युवक शनिवार रात अचानक जिंदा हालत में सिटी कोतवाली थाना पहुंच गया। पुलिस से कहा कि “साहब, मैं जिंदा हूं… मेरी हत्या नहीं हुई है। सीमित को सामने खड़ा देख पुलिस अधिकारी, परिजन और ग्रामीणों के होश उड़ गए। हत्या, गिरफ्तारी, कबूलनामा और जेल सब कुछ एक पल में सवालों के घेरे में आ गया।

तीन माह पहले जंगल में मिली थी अधजली लाश
22 अक्तूबर को पुरनानगर- बालाछापर के बीच तुरीटोंगरी जंगल में एक युवक की अधजली लाश मिली थी। शव एक गड्ढे में पड़ा था, चेहरा और शरीर का अधिकांश हिस्सा जला हुआ था। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में मौत हत्यात्मक पाए जाने पर सिटी कोतवाली थाना जशपुर में बी.एन.एस. की धारा 103(1) व 238(क) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

शराब, विवाद और हत्या की कहानी
पुलिस जांच में सामने आया कि सीमित खाखा मजदूरी के लिए झारखंड गया था। उसके साथ गए साथी लौट आए, लेकिन सीमित नहीं आया। पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को सीमित अपने साथियों के साथ जशपुर लौटा, जहां बांकी नदी पुलिया के पास शराब पार्टी के दौरान कमीशन को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान रामजीत राम ने चाकू से वार किया और विरेंद्र राम ने लोहे की रॉड से हमला किया। हत्या के बाद शव को जंगल में फेंककर पेट्रोल डालकर जला दिया।

मजिस्ट्रेट के सामने पहचान, कबूलनामा और फिर जेल
अधजली लाश की पहचान कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष सीमित की मां, पिता और भाई ने सीमित खाखा के रूप में की। पुलिस ने “सीन ऑफ क्राइम” का फॉरेंसिक रिक्रिएशन कराया। आरोपियों के बयान न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज हुए, जहां उन्होंने हत्या स्वीकार की। वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। इस मामले में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

शनिवार रात हत्या की पूरी कहानी पलट गई
शनिवार 20 दिसंबर की रात वह पल आया, जिसने पूरी जांच को उलट दिया। ग्राम पंचायत सिटोंगा की सरपंच कल्पना खलखो के साथ सीमित खाखा खुद सिटी कोतवाली थाना पहुंच गया। सरपंच ने बताया कि सीमित झारखंड से आने वाली बस से उतरा था। ऑटो चालक ने उसे पहचान लिया और फोन कर सूचना दी कि जिस युवक की हत्या के आरोप में लोग जेल में हैं, वो युवक जिंदा है और मेरी ऑटो में बैठा है।

सीमित का दावा – “मैं तो मजदूरी कर रहा था”
सीमित खाखा ने पुलिस को बताया कि रांची पहुंचने के बाद वह अपने साथियों से बिछड़ गया और गिरिडीह जिले के सरईपाली गांव में खेतों में मजदूरी करने लगा। उसके पास मोबाइल नहीं था, इसलिए किसी से संपर्क नहीं कर सका। क्रिसमस मनाने घर लौटते ही यह सनसनीखेज सच्चाई सामने आ गई।

अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि जिस युवक को मरा हुआ मानकर हत्या का केस सुलझाया गया। वही जिंदा खड़ा है तो फिर जंगल में मिली अधजली लाश आखिर किसकी थी? पुलिस अब इसी सवाल से जूझ रही है। इस अजीबोगरीब मामले में एसडीओपी चंद्रशेखर परमा ने कहा कि पुलिस ने पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया का पालन किया था। 

शव की पहचान मजिस्ट्रेट के समक्ष हुई, आरोपियों के बयान न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज हुए और सबकी वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है। सीमित के जीवित मिलने के बाद पूरे मामले की नए सिरे से जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की अस्थायी रिहाई की वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि वास्तविक मृतक की पहचान के लिए राजपत्रित अधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है। जांच जारी है। बहरहाल, यह मामला अब सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि सिस्टम की सबसे बड़ी पहेली बन चुका है। जिसे मरा मानकर इंसाफ की कहानी लिखी गई, वह जिंदा है… और जो सच में मरा, उसकी पहचान आज भी अंधेरे में है।

Leave a Reply

Next Post

जर्मनी में राहुल का तीखा हमला, कहा- मोदी सरकार ED और CBI का प्रयोग विपक्ष को दबाने के लिए कर रही है

शेयर करे छत्तीसगढ़ रिपोर्टर नई दिल्ली 23 दिसंबर 2025। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने विदेशी धरती से एक बार फिर मोदी सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। जर्मनी के बर्लिन में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि भारत में fair institutional framework खतरे में है। राहुल […]

You May Like

'कुछ लोग निराशावादी ही हैं, भारत को नीचा दिखाना चाहते हैं', पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर बोला हमला....|....दिल्ली होटल अग्निकांड: 21 मौतों के मामले में होटल का रसोइया गिरफ्तार, मालिक के खिलाफ भी केस दर्ज....|....ईद मनाने निकले लेकिन...:सहारा रेगिस्तान में फंस गया ट्रक, 49 लोगों की तड़प-तड़प कर मौत....|....महागठबंधन में दरार! झामुमो ने बदली रणनीति, अब राज्यसभा की दोनों सीटों पर उतारेगी अपने उम्मीदवार....|....इबोला को लेकर छत्तीसगढ़ अलर्ट: स्वास्थ्य मंत्री बोले- क्वारंटाइन किए गए लोगों में नहीं मिले संक्रमण के लक्षण....|....पंजाब में भीषण सड़क हादसा: ट्रॉला और पिकअप में जबरदस्त टक्कर, डेरा ब्यास जा रहे आठ श्रद्धालुओं की मौत....|....35 सेकंड में युवती का कत्ल: ऑफिस में युवक ने किए 30 वार, एकतरफा प्यार और हत्या में परिवार के दावे से नया मोड़....|....'कूटनीति से ही समाधान संभव': यूएन से सम्मानित मेजर अभिलाषा का शांति संदेश, लेबनान के पुनर्निर्माण की बताई जरूरत....|....राष्ट्रीय स्तर पर 3% गिरावट के बीच यूपी का शानदार प्रदर्शन, जीएसटी संग्रह में 13% बढ़ोतरी, देश में नंबर वन....|....सुरक्षा कटौती पर बिहार में रार: पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने आवास से सुरक्षाकर्मियों को लौटाया; अपमान का लगाया आरोप