राम मंदिर में ध्वजारोहण: हुआ ध्वज का महापूजन, आयोजन के बाद मोदी करेंगे रोड शो; 5 हजार महिलाएं करेंगी अगवानी

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर

अयोध्या 24 नवंबर 2025। प्रधानमंत्री के स्वागत व अभिनंदन की तैयारियों के लिए भाजपा का संपर्क व संवाद अभियान जारी है। ध्वजारोहण समारोह के आयोजन को अद्वितीय स्वरूप देने के लिए हजारों संतों की मौजूदगी सुनिश्चित की जा रही है। संतों की ओर से वैदिक मंत्रोच्चारण, शंखनाद और घंटों की ध्वनि से प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया जाएगा। इसी कड़ी में अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त और भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने रंगमहल मंदिर पहुंच कर महंत रामशरण दास से मुलाकात की। अन्य प्रमुख मंदिरों के महंतों व संतों से भी संपर्क कर उन्हें स्वागत-अभिनंदन कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया। इसमें जगन्नाथ मंदिर व अमांवा मंदिर के संत शामिल हैं। संतों के साथ हर प्रतिष्ठान पर जाकर विधायक व महानगर अध्यक्ष ने व्यापारियों से संपर्क स्थापित किया। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री का आगमन रामनगरी के लिए सौभाग्य और गौरव का अवसर है। उनका स्वागत अयोध्या की आध्यात्मिक गरिमा और परंपरा के अनुरूप भव्य करने की तैयारी की जा रही है। हजारों संतों की उपस्थिति इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएगी। अभिनंदन कार्यक्रम के दौरान अयोध्या की सनातन संस्कृति की दिव्यता प्रधानमंत्री के समक्ष अपने श्रेष्ठतम रूप में प्रकट होगी। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वागत के दौरान संतों की उपस्थिति के स्थान को चिह्नित कर दिया गया है। भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है।

हुआ ध्वज का महापूजन 

राम मंदिर के शिखर पर फहराए जाने वाले ध्वज का विधिवत महापूजन रविवार को संपन्न हुआ। ध्वजारोहण समारोह के अनुष्ठानों के क्रम में तीसरे दिन रविवार को विभिन्न अनुष्ठान हुए। इसमें सबसे प्रमुख ध्वज पूजन रहा। ध्वज, जो केवल वस्त्र नहीं, बल्कि मर्यादा, संस्कृति और सनातन की परंपरा का साक्षात प्रतीक है को पूरे वैदिक विधान के साथ यज्ञ वेदी पर स्थापित किया गया। आचार्यों ने मंत्रोच्चार के मध्य इसे उसी श्रद्धा से अर्पित किया, जैसे देवत्व को अर्पित किया जाता है। अनुष्ठान का केंद्र बना भव्य यज्ञकुंड, जिसमें विष्णु सहस्रनाम और गणेश अथर्वशीर्ष के मंत्रों के साथ आहुतियां अर्पित की गईं। विष्णु सहस्रनाम के प्रत्येक नाम के साथ यज्ञकुंड से उठती अग्निशिखाएं मानों लोककल्याण की कामना करती प्रतीत हुईं। गणपति को समर्पित अथर्वशीर्ष के मंत्रों ने वातावरण को विघ्नविनाशक ऊर्जा से भर दिया। मंत्रध्वनि ऐसी थी मानो अयोध्या की धरती स्वयं भगवान राम और विष्णु के चरणों में नत हो रही हो। यज्ञाग्नि की लपटें और धूप की सुगंध मिलकर एक ऐसा दिव्य समागम रच रही थीं, जिसे देख श्रद्धालु अभिभूत हो उठे। आचार्यगणों ने पंचगव्य, गंगा जल, पुष्पजल और सुगंधित द्रव्यों से ध्वज का अभिषेक किया। इसके बाद ध्वज पर अक्षत और चंदन लगाया गया, शंखध्वनि और नगाड़ों की गूंज के बीच कलशों से मंगल-जल छिड़का गया। अंत में ध्वज को ‘राम नाम’ के उच्चारण के साथ सुशोभित आसन पर स्थापित किया गया। पूरी प्रक्रिया अनुशासन और दिव्यता से संपन्न हुई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को राम मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराकर ध्वजारोहण समारोह का शुभारंभ करेंगे। उनका एयरपोर्ट से साकेत महाविद्यालय तक हेलीकॉप्टर से पहुंचना प्रस्तावित है। साकेत महाविद्यालय से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तक भव्य रोड शो भी आयोजित होगा। रोड शो के एक किमी लंबे रामपथ को आठ जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं पारंपरिक तरीके से थाली, आरती, फूल-माला और नमस्कार मुद्रा के साथ पीएम की अगवानी करेंगी। जिला प्रशासन ने इसके लिए अलग-अलग समाज और समूहों की महिलाओं को जिम्मेदारी सौंपी है। 

जोनवार व्यवस्था के तहत जोन-एक में एसडीएम श्रेया की निगरानी में 150 महिलाएं, जोन-दो (पीएचसी चक्रतीर्थ के पास) एसडीएम गजेंद्र सिंह की देखरेख में 200 महिलाएं, जोन-तीन में निषाद समाज की 300 महिलाएं, जोन-चार (अरुंधती पार्किंग के पास) 1200 महिलाएं, जोन-पांच (सारा इंटरप्राइजेज प्लॉट) पर 300 महिलाएं, जोन-छह (दर्शन सेल) पर 1000 महिलाएं, जोन-सात (यूसुफ आरा मशीन) पर 300 महिलाएं व जोन-आठ (खटीक समाज की भूमि) पर 1500 महिलाएं स्वागत के लिए तैनात रहेंगी। जोनवार जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है। जोन एक व दो की जिम्मेदारी डीडीओ महेंद्र देव, जोन तीन व चार की डीआईओएस डॉ. पवन तिवारी, जोन पांच व छह की बेसिक शिक्षा अधिकारी लाल चंद्र व डीपीओ अजय त्रिपाठी और जोन सात व आठ की जिम्मेदारी डीपीआरओ अविनाश कुमार को सौंपी गई है। सभी अधिकारी लगातार रिहर्सल और तैयारियों की मॉनीटरिंग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Next Post

पाकिस्तान के पेशावर में अर्धसैनिक बल के मुख्यालय पर धमाके, आत्मघाती हमले में तीन जवानों की मौत

शेयर करे छत्तीसगढ़ रिपोर्टर पेशावर 24 नवंबर 2025। पाकिस्तान के पेशावर में सोमवार को संघीय पुलिस दल (कॉन्स्टेबुलरी) के मुख्यालय पर हमला हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यालय के पास कई धमाकों की आवाज सुनी गई, जिसके बाद इलाके को खाली करा लिया गया है। पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों के […]

You May Like

छत्तीसगढ़ में 108 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, नकदी और सोना जब्त....|....दोस्तों के साथ मामूली झगड़ा, फिर तीन दिन बाद प्लास्टिक बैग में मिला नाबालिग का शव…पुलिसवालों पर टूट पड़ी भीड़, फूंकी गाड़ियां....|....रामनवमी में DJ बैन पर झारखंड विधानसभा में बवाल, विधानसभा में भिड़े सत्ता और विपक्ष के विधायक....|....कबीरधाम में पशु तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, चार आरोपी गिरफ्तार, सात मवेशी और दो पिकअप जब्त....|....संसद में उठा फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग का मुद्दा: खरगे के तीखे सवाल, नड्डा बोले- विपक्ष के ऐसे बयान निंदनीय....|....होर्मुज से गुजरेंगे भारतीय टैंकर: विदेश मंत्री जयशंकर और अराघची की बातचीत के बाद निकला रास्ता, मिली बड़ी राहत....|....सम्राट चौधरी के आवास पर पहली बार इतनी बड़ी बैठक; कुशवाहा और चौधरी आवास भी आ गया चर्चा में....|....शंकराचार्य बनाएंगे चतुरंगिणी सेना, शस्त्र उठाने से परहेज नहीं; गोरखपुर से शुरू होगी गविष्ठि यात्रा....|....'पड़ोसी देशों की रक्षा करेगा भारत', रक्षा राज्य मंत्री ने कहा-आतंकवाद बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे....|....महाराष्ट्र विधानसभा में बम की धमकी, बजट सत्र के बीच हड़कंप; पुलिस ने जांच शुरू की