सलमान आगा की टीम में जबरदस्त वापसी, लगाया शतक; कप्तान अफरीदी भी चमके

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
लाहौर, 19 अक्टूबर 2026। पाकिस्तान ने त्रिकोणीय वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में श्रीलंका को 37 रन से हराकर जीत के साथ शुरुआत की। रविवार को रावलपिंडी में खेले गए मुकाबले में सलमान अली आगा ने शानदार वापसी करते हुए शतक लगाया। उन्होंने 90 गेंदों में 107 रन बनाए, जिसकी मदद से पाकिस्तान ने 49.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 305 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 48.1 ओवर में 268 रन पर सिमट गई।
पाकिस्तान के कप्तान शाहीन अफरीदी ने तीन विकेट लिए, जबकि नसीम शाह, हारिस रऊफ और फहीम अशरफ ने दो-दो विकेट हासिल किए। श्रीलंका की ओर से पवन रथनायके ने 79 और जनिथ लियानागे ने 60 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
आगा ने शतक से की शानदार वापसी
सलमान अली आगा के लिए यह शतक खास रहा। अगस्त के अंत में इंग्लैंड दौरे के दौरान उन्हें पाकिस्तान के सात अन्य क्रिकेटरों के साथ स्वदेश वापस बुला लिया गया था। उस दौरे पर आगा ने पहले टेस्ट में टीम की कप्तानी भी की थी। बाद में उन्हें पाकिस्तान की टी20 टीम की कप्तानी से हटा दिया गया और हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ 2-1 से टी20 सीरीज जीतने वाली टीम में भी जगह नहीं मिली। हालांकि, आगा ने घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाए। इसमें एक तिहरा शतक भी शामिल था। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने वनडे टीम में वापसी की और श्रीलंका के खिलाफ शतक जड़कर अपनी उपयोगिता साबित की। पाकिस्तान ने 22वें ओवर में 118 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद आगा ने हसन नवाज के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की। नवाज ने 37 रन बनाए। आगा ने अराफात मिन्हास के साथ भी 64 रन जोड़े और अपना शतक पूरा किया।
बाबर आजम और डेब्यू करने वाले साद बेग भी चमके
पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दिलशान मदुशंका ने फखर जमां (16) और सैम अयूब (7) को आउट किया। इसके बाद बाबर आजम और 19 वर्षीय डेब्यू करने वाले साद बेग ने तीसरे विकेट के लिए 74 रन जोड़े। बाबर 57 गेंदों में 45 रन बनाकर आउट हुए, जबकि साद ने दो छक्कों और तीन चौकों की मदद से 36 रन बनाए। दोनों को ईशान मलिंगा ने लगातार ओवरों में पवेलियन भेजा। मलिंगा ने चार विकेट लेकर पाकिस्तान की पारी को अंतिम ओवरों में झटका दिया। पाकिस्तान ने 279 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद अपने आखिरी पांच विकेट केवल 26 रन जोड़कर खो दिए।
रत्नायके और लियानागे की साझेदारी बेकार
लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती दिखी। कप्तान कुसल मेंडिस 18 रन बनाकर आउट हुए। कामिंदु मेंडिस ने 44 रन बनाए, लेकिन शाहीन अफरीदी ने वापसी करते हुए दो विकेट लेकर श्रीलंका को 91 रन पर चार झटके दे दिए। इसके बाद रत्नायके और लियानागे ने पांचवें विकेट के लिए 119 रन की साझेदारी कर श्रीलंका की उम्मीदें जगाईं। हालांकि, 38वें ओवर में रत्नायके का विकेट गिरते ही पाकिस्तान ने मैच पर दोबारा पकड़ बना ली। लियानागे के आउट होने के बाद श्रीलंका की पारी भी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। शाहीन ने 55 रन देकर तीन विकेट लिए। नसीम शाह ने 43 रन देकर दो विकेट हासिल किए। हारिस रऊफ और फहीम अशरफ ने भी दो-दो विकेट लेकर पाकिस्तान की जीत सुनिश्चित की। त्रिकोणीय सीरीज के दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान का सामना मंगलवार को रावलपिंडी में इंग्लैंड से होगा।


