रावण के अत्याचार से डोली धरती

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर          

वाराणसी, 26 सितंबर 2026। रिमझिम बारिश के बीच रामनगर की ऐतिहासिक रामलीला में रामबाग क्षीरसागर में तब्दील हो गया। शेषशय्या पर श्रीहरि के विराजमान होने के साथ रावण के अत्याचार से डोली धरती और देवताओं की व्यथा का मंचन हुआ। क्षीरसागर से प्रभु के अवतार का आश्वासन गूंजा। शाही सलामी, ढोलक-मंजीरे की थाप और मानस की चौपाइयों से रामनगर की धरा गूंजती रही। अनंत चतुर्दशी पर विश्वविख्यात रामलीला का शुभारंभ रावण जन्म और आकाशवाणी प्रसंग के साथ हुआ। शुक्रवार को रिमझिम फुहारों के बीच लीला प्रेमियों का उत्साह कम नहीं हुआ और वे छाता-रेनकोट लेकर डटे रहे। रंगकर्म की चकाचौंध से परे विशुद्ध अध्यात्म और परंपरा में रचे-बसे इस अनूठे मुक्ताकाशीय मंचन की शुरुआत होते ही समूचा रामनगर जय सियाराम… के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।

कंधे पर झोला, हाथ में रामचरितमानस की पोथी और छड़ी लिए साल भर बाद जुटे नेमियों ने एक-दूसरे को गले लगाकर अभिवादन किया। लीला शुरू होने से पहले ही भरत-मिलाप जैसा भावुक दृश्य नजर आया। परंपरा के अनुसार, लीला की शुरुआत काशीराज परिवार के प्रतिनिधि डॉ. अनंत नारायण सिंह के आगमन के साथ हुई। पारंपरिक शाही सवारी (हाथी की सवारी) से पहुंचे डॉ. अनंत नारायण सिंह को पीएसी के जवानों ने विधिवत सलामी दी। इसके बाद व्यास हृदय नारायण पांडेय के चुप रहो, सावधान… के गंभीर कॉशन के साथ समूचे परिसर में सन्नाटा पसर गया और बारादरी से ढोलक-मंजीरे की थाप पर मानस की चौपाइयों का गान शुरू हुआ।

लीला के प्रसंग में ब्रह्मा से अभय दान पाने के अहंकार में रावण ने विश्वकर्मा द्वारा बनाए स्वर्ण महल पर आक्रमण किया और ब्राह्मणों के यज्ञ और हवन में विघ्न डाला। अति तो तब हुई जब रावण ने राज्य में वेद पुराण और श्राद्ध-हवन आदि पर रोक लगा दी। द्र के सलाह पर भयभीत देव ऋषियों ने बैकुंठ धाम जाकर भगवान विष्णु की स्तुति की। तब रामबाग का पोखरा लाल-श्वेत धीमी रोशनी में क्षीरसागर के दिव्य स्वरूप में ढल गया। पोखरे के बीचों-बीच शेषनाग रूपी नौका पर लक्ष्मी जी द्वारा चरण सेवा और कमल पर आसीन ब्रह्मा की उपस्थिति के साथ शेषशय्या पर लेटे श्रीहरि ने भक्तों को दर्शन दिए। भगवान के इस आश्वासन कि धर्म की रक्षा के लिए वे स्वयं मनुष्य रूप में अवतार लेंगे… के साथ प्रथम दिवस की अलौकिक लीला संपन्न हुई।

वरदान मिलने के बाद रावण के अत्याचारों से धरती कांप उठी
जाल्हुपुर टूड़ी नगर में चल रही पारंपरिक रामलीला में शुक्रवार को रावण जन्म एवं उसके भाइयों की तपस्या का प्रभावशाली मंचन किया गया। रावण, कुंभकरण और विभीषण के जन्म के साथ ही मंच पर लंका के भविष्य की कथा जीवंत हो उठी। रावण और उसके भाइयों ने कठोर तपस्या कर ब्रह्माजी को प्रसन्न किया और मनचाहा वरदान प्राप्त किया।  वरदान मिलने के बाद रावण के अत्याचारों से धरती कांप उठी। व्यथित होकर देवताओं सहित सभी लोग ब्रह्मा और महेश के पास पहुंचे और अंततः भगवान विष्णु से गुहार लगाने बैकुंठ धाम पहुंचे। देवताओं ने भगवान विष्णु को पृथ्वी की व्यथा सुनाई। भगवान विष्णु ने कहा कि मनु और सतरूपा की कठोर तपस्या से प्रसन्न होकर उन्होंने उन्हें वरदान दिया था। अब उस वरदान को पूरा करने का समय आ गया है। मनु और सतरूपा राजा दशरथ और माता कौशल्या के रूप में जन्म ले चुके हैं। तपस्या के दौरान उन्होंने जिस स्वरूप में पुत्र प्राप्ति की इच्छा की थी, उसी रूप में वह जन्म लेकर पृथ्वी का भार हरेंगे। इसके बाद श्री कच्चा आश्रम के पास तालाब में क्षीर सागर में भगवान विष्णु की आरती उतारी गई। इसके साथ ही शुक्रवार की रामलीला को विश्राम दिया गया। अगले दिन राम जन्म की लीला का मंचन किया जाएगा।

पोथी की जगह मोबाइल पर पढ़ी मानस की चौपाइयां
सदियों पुरानी परंपरा के लिए विख्यात रामनगर की विश्वप्रसिद्ध रामलीला पर भी आधुनिक तकनीक का रंग चढ़ने लगा है। इस बार लीला के दौरान डिजिटल इंडिया की अनूठी झलक देखने को मिली। वर्षों से हाथ में कागजी पोथी लेकर चलने वाले नेमी भक्त अब मोबाइल स्क्रीन पर रामचरितमानस की चौपाइयां पढ़ते नजर आए। परंपरा और तकनीक का यह संगम चर्चा का विषय बना हुआ है। रामनगर की ऐतिहासिक रामलीला का मंचन रिमझिम बारिश के बीच श्रद्धा और परंपरा के साथ हुआ। रामबाग में क्षीरसागर का दृश्य जीवंत हुआ, जहां शेषशय्या पर श्रीहरि के विराजमान होने का मंचन किया गया। रावण के अत्याचारों से धरती के डोलने और देवताओं की व्यथा को कलाकारों ने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Next Post

बृजभूषण सिंह के बरी होने के खिलाफ 28 सितंबर को सुनवाई

शेयर करेमहिला पहलवानों ने दायर की थी अपील छत्तीसगढ़ रिपोर्टर           दिल्ली, 26 सितंबर 2026। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बृज भूषण शरण सिंह की बरी के खिलाफ अपील 28 सितंबर को सूचीबद्ध की है। यह मामला महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न से जुड़ा है। आज संबंधित न्यायाधीश न्यायिक प्रशिक्षण […]

You May Like

बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर नहीं थम रहे हमले....|....'भारत-अमेरिका संबंधों में अड़चन रहा है व्यापार'....|....एशियन गेम्स में भारत को तीसरा गोल्ड: महिला कबड्डी में लगातार 5वीं बार मेडल....|....बैड बॉय अंदाज में विक्की कौशल, ‘लव एंड वॉर’ के फर्स्ट लुक ने बढ़ाया रोमांच....|....भाई ने बहन और पड़ोसी युवक को मारी गोली....|....बृजभूषण सिंह के बरी होने के खिलाफ 28 सितंबर को सुनवाई....|....रावण के अत्याचार से डोली धरती....|....रसोई में महंगाई की आग, जनता पूछ रही है अच्छे दिन आखिर किसके आए? - कांग्रेस....|....दृश्यम’ का आखिरी राज़ खुलेगा, 2 अक्टूबर को होगा कहानी का सबसे बड़ा खुलासा....|....गेहूं लोड ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर, 6 मौतें