रायगढ़ में हाथी के हमले से मौत

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
रायगढ़, 10 सितंबर 2026। जिले में जंगली हाथी के हमले से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच व आगे की कार्रवाई में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, घटना धरमजयगढ़ वन मंडल के बाकारुमा रेंज की है। बीती रात करीब 9 बजे सारसमार निवासी सुरेश चौहान (30) किसी काम से पड़ोसी गांव ढोहागांव जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे उसका सामना एक दंतैल हाथी से हो गया। बताया जा रहा है कि हाथी ने युवक पर हमला कर उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी अगले दिन सुबह ग्रामीणों को हुई। इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वन विभाग के अनुसार, धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में इन दिनों 100 से अधिक जंगली हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। हाथियों की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील कर रहा है।
दो दलों में घूम रहे हाथी, अकेला दंतैल बना खतरा
ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से उनके गांव के आसपास हाथियों के दो दल सक्रिय हैं। इनमें एक दल में करीब 11 हाथी हैं, जबकि एक दंतैल हाथी अकेले विचरण कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बीती रात युवक पर हमला करने वाला हाथी यही अकेला घूम रहा दंतैल था। हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है, वहीं ग्रामीणों में जंगली हाथियों को लेकर भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।


