गोताखोरों का रेस्क्यू जारी

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
कोरबा, 03 सितंबर 2026। कोरबा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच नदी-नालों में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल स्थित हसदेव नदी के एनीकट में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां नहाने के दौरान 15 वर्षीय किशोर तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल नगर सेना के गोताखोरों की टीम किशोर की तलाश में रेस्क्यू अभियान चला रही है।
मिली जानकारी के अनुसार किशोर की पहचान सूरज महंत, पिता सुरेश महंत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 7 बजे सूरज हसदेव नदी के एनीकट में नहा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर तेज बहाव की चपेट में आ गया और वह पानी में बह गया। एनीकट पर मौजूद लोगों ने जब किशोर को बहते देखा तो तत्काल शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को भी दी गई।
सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नगर सेना के गोताखोरों को भी बुलाया गया, जिसके बाद किशोर की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। मौके पर ग्रामीणों की बड़ी संख्या में भीड़ जमा है। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तेज बहाव बना रेस्क्यू में चुनौती
लगातार बारिश के कारण हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और एनीकट के आसपास पानी का बहाव काफी तेज है। ऐसे में गोताखोरों को किशोर की तलाश में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। टीम लगातार नदी के आसपास के हिस्सों में सर्चिंग कर रही है। आशंका है कि किशोर पानी के तेज बहाव के साथ आगे की ओर बह गया होगा। पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर डटी हुई है। आसपास के क्षेत्रों में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। गौरतलब है कि लगातार बारिश के कारण जिले के कई नदी-नाले उफान पर हैं। प्रशासन द्वारा लोगों से नदी, नाले और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की गई है। खासकर बच्चों को ऐसे स्थानों पर जाने से रोकने की सलाह दी जा रही है। फिलहाल हसदेव नदी में किशोर की तलाश जारी है और रेस्क्यू टीम की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।


