नेपाल त्रासदी: पीएम बालेन शाह बोले- हिम्मत और दृढ़ता से लड़ना होगा

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर  

काठमांडू, 02 सितंबर 2026। नेपाल में बाढ़ के बाद हालात बदतर बने हुए हैं। हर दिन के साथ हताहतों की संख्या बढ़ती जा रही है, जबकि अभी भी हजारों लोग लापता हैं। वहीं, इस भीषण त्रासदी को झेलने वाले अब मानसिक रूप से पीड़ा झेल रहे हैं, जिसमें बच्चे से लेकर बड़े भी शामिल है। फिलहाल राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने रासुवा और नुवाकोट में आई अचानक विनाशकारी बाढ़ के बीच सरकार की ओर से किए गए राहत और बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में सरकार देश के साथ खड़ी है और प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालना उसकी पहली प्राथमिकता रही।

शाह ने बताया कि घटना सुबह करीब 8:30 बजे हुई। जानकारी मिलते ही बचाव दलों को अलर्ट कर दिया गया और सुबह 9:15 बजे बैठक बुलाई गई। हेलीकॉप्टरों को तैयार रखा गया। करीब 10:30 बजे आपातकालीन बचाव टीमें प्रभावित क्षेत्रों में भेजने के लिए तैयार थीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सेना के हेलीकॉप्टरों को प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। करीब दोपहर एक बजे स्थानीय सांसद और विधायक से संपर्क स्थापित हो सका।

शाह के मुताबिक, शाम करीब सात बजे लोगों से प्रधानमंत्री राहत कोष में योगदान देने की अपील की गई। रासुवा और नुवाकोट के लिए एक-एक करोड़ रुपये की सहायता राशि दी गई। विदेशी नागरिकों की तलाश और बचाव के लिए अलग टीम बनाई गई। बचाव अभियान में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने बताया कि राहत सामग्री से लदे 10 ट्रक प्रभावित इलाकों के लिए भेजे गए। साथ ही सभी मंत्रियों ने अपने एक महीने का वेतन राहत कार्यों के लिए देने का फैसला किया। प्रधानमंत्री बालेन शाह ने इस संकट के बीच देशवासियों से साहस और दृढ़ संकल्प के साथ हालात का सामना करने की बात कही।

भारतीय तकनीकी टीम ने नेपाली सेना के साथ संभाला मोर्चा

रसुवा जिले के स्याब्रूबेसी के चिलिमे में बाढ़ से प्रभावित हाइड्रोपावर टनल में बचाव अभियान चल रहा है। सुरंग से बचाव कार्य के लिए भारत की तकनीकी टीम, नेपाली सेना के साथ मिलकर चिलिमे और लांगटांग दोनों जगहों पर काम कर रही है। भारत की एक टनल रेस्क्यू टीम ने नेपाली सेना के साथ मिलकर इस अहम हाइड्रोपावर टनल साइट पर संयुक्त खोज और बचाव अभियान शुरू किया है।

नेपाल में लगातार बारिश से फिर बाढ़ का खतरा; लोगों को सतर्क रहने की सलाह

नेपाल में लगातार हो रही बारिश के बीच बाढ़ का खतरा बढ़ता जा रहा है। देश के मध्य, पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में तीन प्रमुख नदियों का जलस्तर चेतावनी सीमा से ऊपर पहुंच गया है। इसके बाद नेपाली अधिकारियों ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। जल विज्ञान एवं मौसम विज्ञान विभाग की बाढ़ पूर्वानुमान शाखा के मुताबिक, बुधवार सुबह छह बजे तक सिंधुली जिले में सुन कोशी, गोरखा में बूढ़ी गंडकी और डडेलधुरा में महाकाली नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर दर्ज किया गया। इससे पहले मंगलवार रात लामजुंग जिले में मार्स्यांगदी नदी ने खतरे का निशान पार कर लिया था। भुकुंडेबेसी जलस्तर निगरानी केंद्र पर रात 11:15 बजे नदी का पानी खतरे की सीमा से ऊपर दर्ज किया गया। बाढ़ पूर्वानुमान शाखा की ताजा जानकारी के अनुसार, मार्स्यांगदी नदी का जलस्तर अभी भी बढ़ रहा है। नदी में पानी का बहाव बढ़ने के कारण आसपास के इलाकों में बाढ़ का जोखिम भी बना हुआ है।

बाढ़ से तबाही का मंजर देखने पहुंचे सोनू सूद

बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद मंगलवार को नेपाल के बाढ़ प्रभावित त्रिशूली बाजार पहुंचे। उन्होंने मौके पर हालात का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी परेशानियां सुनीं। बाढ़ से हुए भारी नुकसान को देखकर सोनू सूद ने चिंता जताई और कहा कि लोगों को सामान्य जिंदगी में लौटने में काफी समय लग सकता है।

मौतों का आंकड़ा 1,127 पहुंचा

नेपाल में बाढ़ की तबाही से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,127 हो गई है। आपदा के एक सप्ताह बाद भी हजारों लोग लापता हैं और सुरक्षा बल प्रभावित इलाकों में लगातार तलाशी और राहत अभियान चला रहे हैं। नेपाल पुलिस के मुताबिक, सबसे ज्यादा शव चितवन से 348, नवलपरासी ईस्ट से 217, नवलपरासी वेस्ट से 190 और नुवाकोट से 155 बरामद किए गए हैं। इसके अलावा गोरखा से 66, धादिंग से 59, रसुवा से 45 और तनहूं से 38 शव मिले हैं।

पुलिस ने बताया कि अब तक 1,113 शवों का पोस्टमार्टम और कानूनी पहचान की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। इनमें से 95 शव उनके परिजनों को सौंपे जा चुके हैं। लापता लोगों के परिवारों की मदद के लिए नेपाल पुलिस ने 911 अज्ञात शवों की जानकारी अपनी वेबसाइट पर अपलोड की है, ताकि परिजन तस्वीरों और उपलब्ध विवरण के आधार पर अपने रिश्तेदारों की पहचान कर सकें। नेपाल पुलिस के अनुसार, सुरक्षा बलों ने अब तक बाढ़ प्रभावित इलाकों से 6,541 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। वहीं, 4,858 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए प्रभावित क्षेत्रों में अभियान जारी है।

भारत ने भेजी पांचवीं मदद

नेपाल में राहत और बचाव अभियान के लिए भारत ने मदद का सिलसिला जारी रखा है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को बताया कि भारत का पांचवां विमान राहत सामग्री लेकर नेपाल के लिए रवाना हो गया है। जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस विमान में 11 सदस्यीय विशेष रेस्क्यू टीम मौजूद है। टीम के साथ बचाव कार्य में इस्तेमाल होने वाले जरूरी उपकरण भी भेजे गए हैं। इसके अलावा विमान में करीब 5.5 टन आवश्यक दवाएं भी भेजी गई हैं। भारत की ओर से यह सहायता नेपाल में जारी राहत एवं बचाव प्रयासों को मजबूत करने के उद्देश्य से भेजी गई है। विदेश मंत्री ने कहा कि पांचवां भारतीय विमान नेपाल के लिए रवाना हो चुका है और इसमें विशेष उपकरणों से लैस बचाव दल के साथ बड़ी मात्रा में जरूरी दवाएं भी शामिल हैं।

सरकार की प्राथमिकता लोगों की जान बचाना

लोक बहादुर छेत्री ने कहा कि इस समय नेपाल सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना, लापता लोगों का पता लगाना, बचे हुए लोगों को सुरक्षित निकालना और प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाना है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है कि बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों, चाहे वे नेपाली नागरिक हों या विदेशी, को जरूरी सहायता और सहयोग मिले। नेपाल में आई इस विनाशकारी बाढ़ ने कई जिलों में भारी तबाही मचाई है। बड़ी संख्या में लोगों की मौत के साथ-साथ कई लोग अब भी लापता हैं। ऐसे में राहत, शवों की पहचान और जोखिम वाले इलाकों में बचाव अभियान लगातार जारी है।

भारत और चीन की विशेष टीमें भी मदद में उतरीं

इस बीच नेपाल सरकार ने राहत और बचाव अभियान को और तेज कर दिया है। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत और चीन की विशेष अंतरराष्ट्रीय टनल रेस्क्यू टीमें नेपाल पहुंचकर बचाव अभियान में शामिल हो गई हैं। ये टीमें खास तौर पर उन इलाकों में काम कर रही हैं जहां भूमिगत सुरंगों और हाइड्रोपावर परियोजनाओं में फंसे लोगों को निकालना बेहद जोखिम भरा है। इन टीमों को नेपाल सेना के साथ मिलकर महत्वपूर्ण जलविद्युत परियोजनाओं पर तैनात किया गया है। नेपाल के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता और जन कूटनीति विभाग के प्रमुख लोक बहादुर छेत्री ने काठमांडू में मंत्रालय की चौथी आधिकारिक प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि बाढ़ से प्रभावित महत्वपूर्ण हाइड्रोपावर साइटों पर विशेष तकनीकी विशेषज्ञता का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन जगहों पर भूमिगत और बेहद जोखिम भरे बचाव अभियानों के लिए अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।

सिर्फ 95 शव परिवारों को सौंपे गए

नेपाल में त्रासदी के बाद बरामद शवों में से अब तक केवल 95 शवों की पहचान हो पाई है और उन्हें उनके परिवारों को सौंप दिया गया है। बाकी शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। बड़ी संख्या में शवों की पहचान नहीं हो पाने के कारण प्रशासन को वैज्ञानिक तरीके अपनाने पड़ रहे हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह ने एक दिन पहले फेसबुक पोस्ट के जरिए बताया था कि बाढ़ में मारे गए लोगों के शवों और अज्ञात शवों को कानून के अनुसार और वैज्ञानिक प्रक्रिया के तहत संभाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल उन शवों का प्रबंधन कर रही है जिनकी पहचान फिलहाल संभव नहीं है। ऐसे मामलों में डीएनए सैंपल और दूसरे जरूरी सबूत सुरक्षित रखे जा रहे हैं, ताकि आगे चलकर शव की पहचान की जा सके। प्रधानमंत्री के मुताबिक, शवों के प्रबंधन में नेपाली सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल की मदद ली जा रही है। जिन शवों की पहचान हो चुकी है, उन्हें उनके परिवारों को सौंपा जा रहा है।

लापता लोगों की तलाश में जुटे परिवारों की मदद को आगे आए युवा

नेपाल में पिछले सप्ताह आई विनाशकारी बाढ़ के बाद बड़ी संख्या में लोग अब भी अपने लापता परिजनों की तलाश कर रहे हैं। ऐसे मुश्किल समय में बिदुर के कुछ युवा परिवारों की मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने ‘यूथ इनिशिएटिव’ के तहत एक छोटा सा संचार सहायता केंद्र बनाया है, जहां लापता परिजनों की जानकारी जुटाने आए लोगों को मोबाइल चार्ज करने और फोन से संपर्क करने की सुविधा दी जा रही है।

बाढ़ के दौरान कई लोगों के मोबाइल फोन खो गए हैं, जबकि कई लोगों के फोन की बैटरी खत्म हो चुकी है। ऐसे लोगों के लिए यह सहायता केंद्र काफी उपयोगी साबित हो रहा है। युवाओं ने यहां करीब 10 कीपैड मोबाइल फोन और बैटरियां उपलब्ध कराई हैं। साथ ही मोबाइल चार्ज करने की व्यवस्था भी की गई है। यह व्यवस्था सोलर बैटरियों की मदद से चल रही है। काठमांडू के रहने वाले 27 वर्षीय रोशन और 24 वर्षीय शुगम इस पहल में शामिल युवाओं में हैं। स्वयंसेवकों के मुताबिक, बाढ़ के बाद अपने लापता रिश्तेदारों की तलाश में बिदुर पहुंचे कई लोगों की वे अब तक मदद कर चुके हैं। उनका उद्देश्य ऐसे लोगों को कम से कम अपने परिवार और परिचितों से संपर्क करने का माध्यम उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अपने प्रियजनों के बारे में कोई जानकारी मिल सके।

Leave a Reply

Next Post

चार बच्चों को मार डालने वाली मां को मिली चार बार उम्रकैद

शेयर करेखौफनाक कांड से हर कोई रह गया था सन्न छत्तीसगढ़ रिपोर्टर   मंदसौर, 02 सितंबर 2026। मंदसौर जिले में चार मासूम बच्चों को कुएं में धकेलकर हत्या करने के मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश गरोठ निरंजन कुमार पांचाल की अदालत ने दोषी मां […]

You May Like

आपके घर की बनावट बताती है, हृदय रोगों से मौत का खतरा कितना ज्यादा?....|....बारिश के मौसम में छोटी-छोटी आदतें बचा सकती हैं बीमारियों से....|....शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन गिरावट; सेंसेक्स 417 अंक टूटा....|....पंत के साथ पार्टी करते दिखे धोनी: वायरल वीडियो में माही ने किया हुक्का का जिक्र?....|....इमाम उल हक पर कसेगा शिकंजा!....|....अमेरिका के वर्जीनिया के प्राथमिक स्कूल में गोलीबारी....|....नेपाल त्रासदी: ठाणे के 10 कैलाश मानसरोवर यात्री अब भी लापता....|....हसदेव नदी के एनीकट में नहाते समय 15 वर्षीय किशोर बहा....|....सार्वजनिक धन के प्रभावी एवं उत्तरदायी उपयोग के लिए प्रावधानों एवं नैतिक मानकों का पूर्णतः पालन जरुरी- जैन....|....छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का शिक्षक भर्ती में बड़ा फैसला