बिहार-झारखंड समेत उत्तर और पूर्वी भारत में भारी बारिश, कई राज्य गर्मी से बेहाल; छह लोगों की मौत

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर

नई दिल्ली 10 मई 2026। भीषण गर्मी के मौसम में पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर, पूर्वी और मध्य भारत में मौसम कहर बरपा रहा है। आंधी-तूफान, गरज और चमक के साथ तेज बारिश से जुड़ी घटनाओं में बिहार और झारखंड में छह लोगों की जान चली गई है, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। मौसम के इस बदले मिजाज का असर पूर्वोत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक देखने को मिल रहा है, जहां छिटपुट से लेकर भारी बारिश हो रही है, जबकि उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। फिलहाल इससे राहत मिलने की उम्मीद भी नहीं है, क्योंकि उत्तर-पश्चिम भारत में 11 मई से आंधी-तूफान और बारिश का एक नया दौर शुरू होने वाला है।

मौसम विभाग ने क्या कहा?
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह तक बीते 24 घंटों के दौरान बिहार, झारखंड, पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मराठवाड़ा, पूर्वी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी और उत्तरी कर्नाटक में छिटपुट स्थानों पर 50-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और बारिश हुई। पटना में आए भीषण तूफान में पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए। इससे तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह चरमरा गई। झारखंड के कोडरमा जिले में बीती रात भीषण बारिश के दौरान बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। ये तीनों एक ही परिवार के सदस्य थे। राज्य सरकार ने चार-चार लाख मुआवजे की घोषणा की है।

हिमालयी राज्यों में हुई तेज बारिश
आईएमडी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पूर्वोत्तर के राज्यों, गुजरात और तमिलनाडु में 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और चमक और गरज के साथ बारिश हुई। हिमाचल प्रदेश में रामपुर, रोहरू और कल्पा जिलों में भीषण तेज हवाएं चलीं और बिजली कौंधी। मौसम विभाग ने प्रदेश का चार जिलों में 12 और 13 मई को आंधी-तूफान और बिजली कौंधने की संभावना जताई है।

पश्चिम में लू, पूर्वोत्तर में बरसेंगे मेघ
आईएमडी ने 11 मई से मौसम में बदलाव की संभावना जताई है। 10 मई को उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ेगा, जबकि गुजरात के सौराष्ट्र, कच्छ और पश्चिम राजस्थान में लू चलने की आशंका है। दूसरी ओर बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश, आंधी और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि का दौर जारी रह सकता है। दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने किसानों को मौसम को देखते हुए कृषि कार्यों में सावधानी बरतने की सलाह दी है। तेज हवाओं के कारण सब्जी और फलों की फसलों को नुकसान हो सकता है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि आंधी और बिजली चमकने के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों।

समय पर दस्तक देगा मानसून
आईएमडी ने बताया है कि दक्षिण पश्चिम मानसून निर्धारित समय के हिसाब से आगे बढ़ रहा है और इसके 1 जून को केरल के तट पर पहुंचने का अनुमान है। तमिलनाडु, केरल और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां तेज हो चुकी हैं, जबकि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, जहां सामान्य तौर पर भारत में मानसून की पहली दस्तक होती है, अब अनुमानित आगमन से लगभग दो सप्ताह दूर हैं।

Leave a Reply

Next Post

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नीतीश कुमार का एक्शन प्लान, स्वास्थ्य विभाग और संगठन को लेकर की अहम बैठक

शेयर करे छत्तीसगढ़ रिपोर्टर पटना 10 मई 2026। बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने आवास पर जदयू कोटे के नवनियुक्त मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। इस बैठक में जदयू के कद्दावर नेताओं और मंत्रियों की मौजूदगी रही। मंत्री अशोक […]

You May Like

प्रेम संबंध से नाराज होकर पिता बना हैवान....|....पीएफ खाता खुला नहीं, वेतन से 12% की कटौती....|....कटियाबाजों ने दिया 4.59 करोड़ का झटका....|....मणिकर्णिका घाट पर नाव से ले जा रहे शव, 566 परिवारों ने छोड़ा घर....|....पीएमएवाई सोसाइटी के नोटिस पर बवाल....|....मिनीमाता बांगो बांध मार्ग की बदहाली पर बवाल....|....मनेन्द्रगढ़ में नाले में मिला युवक का शव....|....दुनिया के 21 देशों में हर पांच में से एक बच्चा ऑनलाइन प्रताड़ित....|....अनाहत सिंह क्वार्टर फाइनल में....|....राशन दुकानों से शक्कर गायब, गरीबों की थाली से मिठास छीनकर जमाखोरों की जेब भर रही है सरकार - दीपक बैज