हनुमानगढ़ में बवाल: किसानों ने 16 गाड़ियां फूंकीं, लाठीचार्ज-आंसू गैस से मचा हड़कंप; कांग्रेस विधायक घायल

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर

जयपुर 11 दिसंबर 2025। हनुमानगढ़ के राठीखेड़ा गांव में बुधवार शाम को अनाज आधारित इथेनॉल फैक्टरी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे सैकड़ों किसानों और पुलिस के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। गुस्साए किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकालकर ड्यून इथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड की निर्माणाधीन फैक्ट्री की चारदीवारी तोड़ दी। जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े। हंगामा इतना बढ़ा कि किसानों ने पुलिस और प्रशासन की करीब 16 गाड़ियों में तोड़फोड़ कर आग के हवाले कर दिया। मौके पर मौजूद कांग्रेस विधायक अभिमन्यू पूनिया भी लाठीचार्ज में घायल हो गए। उन्हें हनुमानगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी भी जख्मी हुए हैं।

क्या है पूरा मामला?
चंडीगढ़ में रजिस्टर्ड ड्यून इथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी राठीखेड़ा में 40 मेगावाट का अनाज आधारित इथेनॉल प्लांट लगा रही है। कंपनी का दावा है कि यह प्लांट केंद्र सरकार के इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल (EBP) प्रोग्राम को सपोर्ट करेगा। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि 2022 से कंपनी का एनवायरनमेंट क्लियरेंस (EC) का आवेदन अभी तक पेंडिंग पड़ा है। बिना पर्यावरण मंजूरी के निर्माण कार्य जारी होने से इलाके के किसान लंबे समय से विरोध कर रहे थे। बुधवार दोपहर किसानों ने टिब्बी एसडीएम ऑफिस के सामने बड़ी सभा की। शाम करीब 4 बजे सैकड़ों किसान ट्रैक्टर लेकर फैक्टरी साइट की ओर कूच कर गए। देखते-देखते दीवार तोड़ दी गई और पुलिस से झड़प शुरू हो गई।

श्रीगंगानगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुन्नर राठीखेड़ा कूच करेंगे
घटना के बाद श्रीगंगानगर जिला कांग्रेस अध्यक्ष व करणपुर विधायक रुपिंदर सिंह कुन्नर ने हजारों कार्यकर्ताओं को राठीखेड़ा कूच करने का एलान कर दिया है। कुन्नर ने कहा कि किसानों के हक की लड़ाई चाहे सड़क पर हो या विधानसभा में, कांग्रेस पूरी ताकत से लड़ेगी। उन्होंने राठीखेड़ा में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने का आव्हान किया है।

प्रशासन अलर्ट, इंटरनेट बंद
बवाल के बाद टिब्बी कस्बे व आसपास के गांवों में इंटरनेट सेवा पूरी तरह बंद कर दी गई है। इलाके में धारा 144 लागू है। सभी स्कूल-कॉलेज और दुकानें बंद हैं। भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। किसान संगठनों का कहना है कि जब तक कंपनी को पर्यावरण मंजूरी नहीं मिलती और स्थानीय लोगों की सहमति नहीं मिलती, वे फैक्टरी नहीं बनने देंगे। दूसरी तरफ कंपनी के डायरेक्टर जतिंदर अरोड़ा और रॉबिन जिंदल का कोई बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है।

किसने क्या कहा?
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने पुलिस के बल प्रयोग की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसानों के प्रति इतनी नफरत क्यों रखती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हनुमानगढ़ के टिब्बी में किसान आंदोलन के दौरान पुलिस के बल प्रयोग की कड़ी निंदा करता हूं। पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने घायल विधायक अभिमन्यु पूनिया के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि हम किसानों के अधिकारों और न्याय की लड़ाई में उनका साथ देते रहेंगे। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर आंदोलन को लाठी के दम पर दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार कॉरपोरेट दबाव में काम कर रही है और विकास व पर्यावरण के बीच संतुलन बनाने की जिम्मेदारी से भाग रही है।

घायल विधायक अभिमन्यु पूनिया ने अस्पताल से संदेश भेजा कि वह सकुशल हैं और इसे किसानों के हक के खिलाफ ‘षड्यंत्रपूर्ण हमला’ बताया। उन्होंने कहा कि धमकी से उनकी शांतिपूर्ण लड़ाई नहीं रुकेगी।

Leave a Reply

Next Post

एक कमरे में तीन लाशें: स्क्रैप व्यापारी अशरफ मेमन समेत तीन लोगों के मिले शव, तंत्र-मंत्र की बात आ रही सामने

शेयर करे छत्तीसगढ़ रिपोर्टर कोरबा 11 दिसंबर 2025। कोरबा में बुधवार देर रात हुए दिल दहला देने वाले तिहरे हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। स्क्रैप व्यवसाय से जुड़े अशरफ मेमन सहित तीन लोगों की उनके कबाड़ यार्ड में लाश मिलने की घटना सामने आई है। बताया […]

You May Like

खुद को ईडी अधिकारी बताकर 6.82 लाख ठगे....|....सर्पदंश मुआवजा घोटाला, महिला डॉक्टर के बाद 3 क्लर्क अरेस्ट....|....छत्तीसगढ़ में 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट....|....जुलाई 2027 तक तैयार होगा मेडिकल कॉलेज....|....1.92 करोड़ की गड़बड़ी मामले का एक और आरोपी गिरफ्तार....|....गौरेला में अवैध शिकार के दौरान युवक की मौत, 12 आरोपी गिरफ्तार....|....कोरबा में बाल विवाह पर रोक; पहुंच चुकी थी बारात, सजा था मंडप....|....नेता प्रतिपक्ष बोले- सत्ता का घमंड छोड़िए, जनता मौका देगी तो हम जवाब देंगे....|....रश्मि आर्या ने 'शिव शंभू शंकरा' से शुरू किया सुरों का सफर....|....जब सुरों ने बेगम अख्तर को किया नमन 'शाम-ए-अख्तरी' में फिर गूंजा बेगम अख्तर का जादू 'शाम-ए-अख्तरी' में डॉ. सोमा घोष ने बेगम अख्तर की यादों को फिर किया जीवंत