70 फीसदी जल चुकी है 15 साल की किशोरी, 14 डॉक्टरों की टीम करेगी इलाज; AIIMS में निषेधाज्ञा

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर

भुवनेश्वर 20 जुलाई 2025। ओडिशा के पुरी में शनिवार को अज्ञात बदमाशों द्वारा आग के हवाले की गई 15 वर्षीय लड़की 70 फीसदी जल चुकी है। उसकी हालत गंभीर है। लड़की का एम्स भुवनेश्वर में इलाज चल रहा है। लड़की की हालत गंभीर होने के चलते उसके इलाज के लिए डॉक्टरों की 14 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। वहीं, देर रात, भाजपा, बीजद और कांग्रेस समर्थकों के बीच झड़प हुई, जिसके बाद भुवनेश्वर-कटक कमिश्नरेट पुलिस ने एम्स परिसर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। एम्स भुवनेश्वर के कार्यकारी निदेशक आशुतोष बिस्वास ने बताया कि लड़की की हालत गंभीर है। वह आईसीयू में ऑक्सीजन सपोर्ट पर है, लेकिन बातचीत कर रही है। उन्होंने कहा कि अगले 48 घंटे मरीज के लिए बेहद अहम हैं। वहीं, पीड़िता के बोलने की स्थिति में आने के बाद पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में उसका बयान दर्ज किया है। 

इलाज के लिए डॉक्टरों की 14 सदस्यीय टीम गठित 
इस बीच, एम्स भुवनेश्वर ने लड़की के इलाज के लिए डॉक्टरों की 14 सदस्यीय टीम का गठन किया है। अधिकारियों ने बताया कि इस समिति में मेडिसिन, पल्मोनरी मेडिसिन, एनेस्थीसिया, स्त्री रोग, फोरेंसिक मेडिसिन, नेफ्रोलॉजी, कार्डियोलॉजी और अन्य विभागों के डॉक्टर शामिल हैं।

एम्स परिसर में 90 जवान तैनात 
इस बीच, शनिवार देर रात मामले को लेकर भाजपा, बीजद और कांग्रेस समर्थकों के बीच झड़प हुई, जिसके बाद एम्स भुवनेश्वर में निषेधाज्ञा लागू की गई है। अधिकारियों के अनुसार, एम्स परिसर में सुरक्षा बलों की तीन प्लाटून (90 जवान) तैनात की गई हैं। भुवनेश्वर डीसीपी जगमोहन मीणा ने कहा कि विभिन्न समूहों ने बर्न वार्ड के बाहर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी परेशानी हुई। एम्स एक नोटिस जारी कर कहा है कि परिसर में विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। जिसके बाद निषेधाज्ञा लागू की गई। उन्होंने बताया कि इसके बाद 50 फीसदी लोग चले गए। बाकी को हिरासत में लिया गया है। 

बीजद ने लड़की को एम्स दिल्ली ले जाने की मांग की
बीजद और कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भगवा पार्टी के नेताओं को बर्न विभाग में प्रवेश की अनुमति दी गई थी, जबकि सत्तारूढ़ दल के सदस्यों ने इसका विरोध किया। पूर्व सांसद प्रदीप माझी ने कहा कि बीजद की मुख्य मांग है कि लड़की को आज रात ही दिल्ली स्थित एम्स ले जाया जाए, अन्यथा वह बालासोर पीड़िता की तरह मर जाएगी। बीजद नेता प्रदीप कुमार माझी ने कहा कि लड़की की हालत गंभीर है। हम मांग करते हैं कि उसे आज रात ही एयरलिफ्ट करके दिल्ली के एम्स में स्थानांतरित किया जाए।

इस मुद्दे का राजनीतिकरण करना ठीक नहीं: भाजपा नेता
भाजपा नेता बाबू सिंह का कहना है कि अगले 72 घंटे मरीज के लिए बेहद अहम हैं। वार्ड में और भी मरीज भर्ती हैं। वार्ड के बाहर विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी ठीक नहीं है। बीजद और कांग्रेस के कार्यकर्ता वार्ड के बाहर बैठे हैं और किसी को अंदर नहीं आने दे रहे। यह ठीक नहीं है। मुझे लगता है कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण ठीक नहीं है। सीएम ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर मरीज को एयरलिफ्ट करके दिल्ली एम्स भी ले जाया जाएगा।

क्या है मामला?
घटना बलंगा थाना क्षेत्र के बयाबर गांव में सुबह करीब 9 बजे हुई, जब लड़की अपनी सहेली के घर जा रही थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उसे रोका, उसे जबरन भार्गवी नदी के किनारे ले गए और उसके शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़का और उसे आग लगा दी। घटनास्थल नुआगोपालपुर बस्ती स्थित उसके घर से लगभग 1.5 किलोमीटर और बलंगा पुलिस स्टेशन से लगभग 5-7 किलोमीटर दूर है। लड़की को आग लगाने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने आग बुझाई और बाद में उसे पिपिली सरकारी अस्पताल ले गए, जहां से उसे एम्स भेज दिया गया।

परिवार की मांग- दोषियों को हो फांसी
परिजनों ने इस दरिंदगी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हमने पुलिस में शिकायत दर्ज कर दी है। जांच चल रही है। हमें नहीं पता आरोपी कौन हैं, पर लड़की ने उन्हें देखा है। वह बेहतर बता पाएगी। हम चाहते हैं कि दोषियों को फांसी की सजा दी जाए।

Leave a Reply

Next Post

उत्तराखंड-हिमाचल और बंगाल व केरल में भारी बारिश का अलर्ट; यूपी में 18 की मौत; राजस्थान में बाढ़

शेयर करे छत्तीसगढ़ रिपोर्टर नई दिल्ली 20 जुलाई 2025। देश के कई राज्यों में मानसून ने जबरदस्त कहर बरपाया है। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में बारिश से जुड़े हादसों में 18 लोगों की जान चली गई, जबकि राजस्थान के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। […]

You May Like

हिंदी विश्वविद्यालय में लोकमान्य तिलक एवं चंद्रशेखर आज़ाद को किया अभिवादन....|....TPS Music पर रोमांस की नई बहार, तिवारी सरकार के गीतों की होगी लगातार बारिश....|....कारोबारियों के नाम कैशफ्री का फेस्टिव गिफ्ट....|....सही त्वचा विशेषज्ञ तक पहुंच अब होगी आसान, लॉन्च हुआ XELIX प्लेटफॉर्म....|....एसईसीएल में कोयला डिस्पैच व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने की दिशा में सतर्कता विभाग की महत्वपूर्ण पहल....|....अतिथि शिक्षकों को बसों में भरकर ले गई पुलिस....|....परेशान युवक ने खुद का काटा गला....|....छठी कार्यक्रम में पत्नी पर बसूले से हमला....|....एसईसीएल मानिकपुर खदान में कोयला चोरी....|....सिरगिट्टी में होटल सील, दस्तावेज मिले अधूरे