विदेश राज्य मंत्री कुवैत रवाना; 49 मौतों से हाहाकार, हादसे के वक्त लोग सो रहे थे, दम घुटने से गई जान

शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर

कुवैत सिटी 13 जून 2024। दक्षिणी कुवैत के मंगफ क्षेत्र में विदेशी मजदूरों वाली एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से करीब 49 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 40 से ज्यादा भारतीय बताए जा रहे हैं। बाकी पाकिस्तान, फिलीपिन, मिस्र, नेपाल के नागरिक थे। इस दौरान 50 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं। इस बीच घायल भारतीयों की सहायता की निगरानी करने और मारे गए लोगों के शवों को वापस लाने के लिए केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह कुवैत रवाना हुए। कुवैत रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि कुछ शव इतने जल गए हैं कि उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। बाकी स्थिति तब स्पष्ट होगी, जब हम वहां पहुंचेंगे। दिल्ली हवाई अड्डे पर बात करते हुए कीर्तिवर्धन ने कहा कि हमने कल शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक बैठक की। यह इस बहुत दुखद त्रासदी है। हम पल पल पर नजर बनाए हुए हैं। बाकी स्थिति तब स्पष्ट होगी जब हम वहां पहुंचेंगे।

जान गंवाने वालों के शवों को वापस लाने की योजना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि स्थिति यह है कि पीड़ित ज्यादातर जले हुए हैं और कुछ शव इतने जल गए हैं कि उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। इसलिए पीड़ितों की पहचान के लिए डीएनए परीक्षण किया जा रहा है। राज्य मंत्री ने कहा कि वायु सेना का एक विमान स्टैंडबाय पर है। जैसे ही शवों की पहचान हो जाएगी, परिजनों को सूचित किया जाएगा और हमारा वायु सेना का विमान शवों को वापस लाएगा। उन्होंने कहा कि कल रात हमारे पास जो ताजा आंकड़े आए, उनमें हताहतों की संख्या 48-49 के आसपास है, जिनमें से 42 या 43 भारतीय बताए जा रहे हैं। इस बीच कुवैत में भारतीय दूतावास घटना में प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। दूतावास ने परिवार के सदस्यों से संपर्क करने के लिए एक हेल्पलाइन +965-65505246 (व्हाट्सएप और नियमित कॉल) स्थापित की है।

पीएम मोदी ने की अहम बैठक, मुआजवे का एलान
प्रधानमंत्री मोदी ने इस घटना को ‘दुखद’ बताया। उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव विनय क्वात्रा, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में इस घटना के बाद स्थिति की समीक्षा की। पीएम मोदी ने इस ‘दुर्भाग्यपूर्ण घटना’ पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतक भारतीय नागरिकों के परिवारों के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि भी घोषित की।

विदेश मंत्री ने की कुवैती समकक्ष से बात, की यह अपील
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने फोन पर अपने कुवैती समकक्ष अब्दुल्ला अली अल-याह्या से बातचीत की। उन्होंने यह सुनिश्चित करने की अपील की कि आग लगने के कारण जान गंवाने वाले भारतीयों के शव शीघ्र भारत भेजे जाएं। जयशंकर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया,  ‘कुवैत में आग लगने की घटना पर कुवैती विदेश मंत्री अब्दुल्ला अली अल-याह्या से बातचीत की। इस संबंध में कुवैती अधिकारियों द्वारा किए गए प्रयासों के बारे में बताया गया। हमें आश्वासन दिया गया कि इस घटना की पूरी जांच की जाएगी और जिम्मेदारी तय की जाएगी।

हताहत हुए भारतीयों में ज्यादातर केरल के
मामले से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि हताहत हुए भारतीयों में ज्यादातर केरल के हैं। ज्यादातर लोगों की मौत धुएं से दम घुटने की वजह से हुई। हादसे वक्त वे सभी सो रहे थे। हालांकि, कई लोगों को बचा भी लिया गया। उन्होंने बताया कि आग कुवैत के दक्षिणी अहमदी गवर्नेट के मंगफ क्षेत्र में छह मंजिला इमारत की रसोई में लगी। इमारत में एक ही कंपनी के 195 मजदूर रहते थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों में अधिकतर केरल, तमिलनाडु और उत्तर भारतीय राज्यों के भारतीय नागरिक शामिल हैं, जिनकी उम्र 20 से 50 साल के बीच थी। संबंधित इमारत को एनबीटीसी समूह ने किराए पर ले रखा था।

आग की घटना की जांच के आदेश दिए
कुवैत के गृह मंत्री शेख फहद अल-यूसुफ अल सबाह ने आग की घटना की जांच के आदेश दिए और अल-मंगफ इमारत के मालिक तथा चौकीदार को पकड़ने के निर्देश जारी किए। वहीं, कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल-सबाह ने भी अधिकारियों को भीषण आग की जांच करने का आदेश दिया और त्रासदी के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा देने के लिए प्रतिबद्धता जताई। देश के युवराज शेख सबाह खालिद अल-हमद अल-सबाह और प्रधानमंत्री शेख अहमद अब्दुल्ला अल-अहमद अल-सबाह ने लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Leave a Reply

Next Post

सुपर-8 में 24 जून को भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से, इन दो टीमों से भी हो सकता है मुकाबला

शेयर करे छत्तीसगढ़ रिपोर्टर न्यूयॉर्क 13 जून 2024। टी20 विश्व कप 2024 में बुधवार को भारत ने अमेरिका को हराकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली। न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में अमेरिका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट […]

You May Like

'कुछ लोग निराशावादी ही हैं, भारत को नीचा दिखाना चाहते हैं', पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर बोला हमला....|....दिल्ली होटल अग्निकांड: 21 मौतों के मामले में होटल का रसोइया गिरफ्तार, मालिक के खिलाफ भी केस दर्ज....|....ईद मनाने निकले लेकिन...:सहारा रेगिस्तान में फंस गया ट्रक, 49 लोगों की तड़प-तड़प कर मौत....|....महागठबंधन में दरार! झामुमो ने बदली रणनीति, अब राज्यसभा की दोनों सीटों पर उतारेगी अपने उम्मीदवार....|....इबोला को लेकर छत्तीसगढ़ अलर्ट: स्वास्थ्य मंत्री बोले- क्वारंटाइन किए गए लोगों में नहीं मिले संक्रमण के लक्षण....|....पंजाब में भीषण सड़क हादसा: ट्रॉला और पिकअप में जबरदस्त टक्कर, डेरा ब्यास जा रहे आठ श्रद्धालुओं की मौत....|....35 सेकंड में युवती का कत्ल: ऑफिस में युवक ने किए 30 वार, एकतरफा प्यार और हत्या में परिवार के दावे से नया मोड़....|....'कूटनीति से ही समाधान संभव': यूएन से सम्मानित मेजर अभिलाषा का शांति संदेश, लेबनान के पुनर्निर्माण की बताई जरूरत....|....राष्ट्रीय स्तर पर 3% गिरावट के बीच यूपी का शानदार प्रदर्शन, जीएसटी संग्रह में 13% बढ़ोतरी, देश में नंबर वन....|....सुरक्षा कटौती पर बिहार में रार: पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने आवास से सुरक्षाकर्मियों को लौटाया; अपमान का लगाया आरोप