छत्तीसगढ़ रिपोर्टर / मो. साजिद खान
कोरिया/एमसीबी ( सरगुजा) — कलेक्टर कोरिया विनय कुमार लंगेह ने जिला कलेक्ट्रेट में विकासखण्ड सोनहत के ग्राम चकडांड के 10 वर्षीय दिव्यांग बालक अनुज को व्हीलचेयर प्रदान की। व्हीलचेयर पाकर अनुज के साथ-साथ उनके परिजनों के चेहरे पर सुकूनभरी मुस्कान देखने को मिली।
कलेक्टर लंगेह ने अनुज से हाथ मिलाकर बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अनुज की माता श्रीमती कुंती देवी से अनुज की शिक्षा पर चर्चा की और उन्होंने अधिकारियों को अनुज की पढ़ाई के संबंध में आवश्यक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
अनुज के नाना मारवाड़ी लाल प्रजापति ने बताया कि कम उम्र से ही अनुज को चलने में समस्या होती थी। इस समस्या के चलते बहुत सी परेशानी का सामना करना पड़ता था, पढ़ाई-लिखाई के लिए स्कूल जाना भी मुश्किल होता था। हमने समाज कल्याण विभाग की सहायक उपकरण प्रदाय योजना के अंतर्गत बुधवार को ही आवेदन किया था और अगले ही दिन अनुज को यहां क्लेक्टर द्वारा व्हीलचेयर प्रदान की गयी। इसके लिए हम कलेक्टर एवं जिला प्रशासन का बहुत-बहुत धन्यवाद करते हैं।
इसी तरह मरीज को अस्पताल के वार्ड तक पहुंचाने वाले कोई वार्ड ब्वाय नही बल्कि मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर जिले के कलेक्टर पी एस ध्रुव रहे। शुक्रवार के निरीक्षण पर खडगवां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे कलेक्टर की नजर जब अस्पताल के बाहर दर्द से कराहती हुई महिला देव कुंवर उम्र 50 वर्ष ग्राम जरौंधा निवासी पर पडी तो कलेक्टर मानवीयता और संवेदनशीलता की मिशाल पेश करने से खुद को रोक नही पाए। कलेक्टर ने फौरन व्हीलचेयर पर दर्द से कराहती हुई महिला को बिठाकर खुद व्हील चेयर चलाकर अस्पताल के वार्ड में भर्ती कराया और डाक्टरों को महिला के बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए।


