
छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
मेरठ 12 अप्रैल 2026। मेरठ के सदर थाना इलाके के तेली मोहल्ला निवासी प्रियंका (33) की मौत का कारण शनिवार को भी पहेली बना रहा। प्रियंका की मौत के कुछ दिन तक उसके पिता उदयभानु विश्वास (76) शव के साथ रहा और पांच दिसंबर 2025 को फिर हरिद्वार चला गया। पांच महीने बाद शुक्रवार को वह वापस लौटे तो प्रियंका के शव (कंकाल) को उसके घर से बरामद कर लिया गया। उदयभानु बेटी का मोबाइल लेकर हरिद्वार गया था। दो बार मेरठ आने के बावजूद उन्होंने किसी को बेटी की मौत की सूचना नहीं दी। प्रियंका की मौत बीमारी से हुई थी या हत्या की गई इसका खुलासा उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उसके मोबाइल से होगा। सदर बाजार थाना पुलिस ने उदयभानु और झाड़-फूंक करने वाले को थाने लाकर गहनता से पूछताछ की। उदयभानु ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी प्रियंका को पीलिया हो गया था। मेहताब सिनेमा के पास झाड़-फूंक करने वाले को भी उन्होंने अपनी बेटी को कई बार दिखाया लेकिन उसकी हालत बिगड़ती चली गई और उसकी मौत हो गई। वह पांच दिसंबर 2025 को बेटी के शव को छोड़कर हरिद्वार चला गया।
उदयभानु का कहना है कि उसे याद नहीं है कि बेटी की मौत कब हुई लेकिन वह उसकी मौत के तीन चार दिन बाद हरिद्वार गया। वह तब तक बेटी के शव के साथ ही घर में रहे थे। हरिद्वार जाकर वह स्वामी नाम के आश्रम या गेस्ट हाउस में रुके थे। प्रियंका के मोबाइल को उन्होंने हरिद्वार के उसी कमरे में छोड़ दिया जहां वह ठहरे थे। पुलिस उदयभान को हरिद्वार ले जाकर मोबाइल बरामद करेगी। वह इस बीच में दो बार मेरठ आए। उन्हें गली में रहने वाले लोगों ने भी देखा था लेकिन परिजन की उन पर नजर नहीं पड़ी। उनका कहना था कि वह पेंशन के काम से मेरठ आए थे।
उदयभानु को लेकर श्मशान पहुंची पुलिस, दी मुखाग्नि
तहेरे भाई विश्वजीत विश्वास ने बताया कि शाम लगभग साढ़े पांच बजे के करीब प्रियंका के शव (कंकाल) का पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद सूरजकुंड स्थित श्मशान में शव का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस उनके चाचा उदयभानु को लेकर श्मशान आई थी। उन्होंने ही अपनी बेटी के शव को मुखाग्नि दी और वह पुलिस के साथ ही लगभग 45 मिनट बाद लौट गए।
गंगा में नहाकर हर की पैड़ी पर खींचे फोटो
चार महीने उदयभानु हरिद्वार में रुके थे। उनको 25 हजार रुपये मासिक पेंशन मिलती थी। इसी से वह अपना खर्च चलाते थे। गंगा में नहाने के बाद उन्होंने हर की पैड़ी पर मोबाइल से अपने फोटो भी खींचे थे। यह फोटो उनके मोबाइल में मिले हैं। उनका और झाड़-फूंक करने वाले के मोबाइल की पुलिस गहनता से जांच कर रही है। अभी इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है।
बेटी का कंकाल और पिता का रहस्यमय व्यवहार
घर के भीतर एक कमरे में बिस्तर पर बेटी प्रियंका का कंकाल मिला है, जो इस घटना की भयावहता को बयां कर रहा है। पुलिस ने आरोपी पिता उदय भानु को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में मौत का कारण तंत्र-मंत्र बताया जा रहा है, जो इस मामले को और भी अधिक रहस्यमय बना देता है। सीओ सदर कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से पूछताछ कर रही है।


