लियोनेल मेसी को लेकर हुआ बवाल, देखने को नहीं मिली शक्ल, गुस्से में तोड़ी कुर्सियां… बोतलें फेंकी

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर

कोलकाता 13 दिसंबर 2025। अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर और विश्व कप विजेता कप्तान लियोनेल मेसी का भारत दौरा विवादों के बीच शुरू हुआ। यूनिसेफ (UNICEF) के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में तीन दिवसीय ‘GOAT इंडिया’ टूर पर भारत पहुंचे मेसी की पहली सार्वजनिक मौजूदगी कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में तय थी, लेकिन यहां फैंस का उत्साह अव्यवस्था में बदल गया और हालात बेकाबू हो गए।

सुबह से उमड़ा जनसैलाब, व्यवस्था हुई फेल

मेसी की एक झलक पाने के लिए हजारों की संख्या में प्रशंसक सुबह से ही सॉल्ट लेक स्टेडियम के बाहर और अंदर जमा हो गए। अर्जेंटीना की जर्सी, झंडे और पोस्टर लिए फैंस लगातार मेसी के नाम के नारे लगाते नजर आए। भीड़ अनुमान से कहीं ज्यादा होने के कारण स्टेडियम की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन व्यवस्था पर दबाव बढ़ता चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों और रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्पष्ट निर्देशों और पर्याप्त इंतजामों के अभाव में फैंस में बेचैनी बढ़ी, जिसके बाद कुछ लोग स्टेडियम की बैरिकेडिंग पर चढ़ने की कोशिश करने लगे। 

जैसे-जैसे इंतजार लंबा होता गया, फैंस का गुस्सा भी फूट पड़ा। कुछ प्रशंसकों ने स्टेडियम के अंदर कुर्सियां उखाड़कर फेंकनी शुरू कर दीं, वहीं पानी की बोतलें भी उछाली गईं। हालात उस वक्त और बिगड़ गए जब यह खबर फैली कि लियोनल मेसी मैदान से जल्दी लौट सकते हैं। कई फैंस इस बात से नाराज दिखे कि घंटों इंतजार के बावजूद उन्हें फुटबॉल के इस महान खिलाड़ी की झलक तक नहीं मिल सकी।

सुरक्षा कारणों से मेसी ने छोड़ा स्टेडियम

स्थिति बिगड़ती हुई देख सुरक्षा एजेंसियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए और एहतियातन लियोनल मेसी को अन्य वीवीआईपी मेहमानों के साथ स्टेडियम से बाहर ले जाने का फैसला किया गया। सूत्रों के मुताबिक, मेसी सॉल्ट लेक स्टेडियम में 10 मिनट से भी कम समय तक मौजूद रहे। उनके बाहर निकलते ही निराश फैंस का आक्रोश और बढ़ गया, जिससे स्थिति को काबू में लाने में प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

आयोजन और व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद आयोजन समिति और स्थानीय प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। खेल प्रेमियों और फैंस का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी और इतने बड़े आयोजन के लिए भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए।

आगे जारी रहेगा ‘GOAT इंडिया’ टूर

हालांकि, इस हंगामे के बावजूद लियोनल मेसी का ‘GOAT इंडिया’ टूर अपने तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ने की उम्मीद है। आने वाले आयोजनों के लिए सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत सकता है, ताकि कोलकाता जैसी स्थिति दोबारा न बने।

Leave a Reply

Next Post

छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद अंत के कगार पर : सीएम साय

शेयर करे छत्तीसगढ़ रिपोर्टर रायपुर 13 दिसंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने दो वर्ष पूरे होने पर दावा किया कि राज्य में नक्सलवाद “अंत के कगार पर” है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सुरक्षा बलों ने अब तक 505 माओवादियों का सफाया किया है, 2,386 ने आत्मसमर्पण किया है और […]

You May Like

जांजगीर-चांपा में घर में फंदे पर लटकी मिली महिला....|....2 लाख रुपए की लूटपाट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार....|....अस्पताल परिसर में जुआ खेलते 12 जुआरी पकड़े, कार-बाइक समेत लाखों का माल जब्त....|....एक करोड़ के बीमा क्लेम में हेराफेरी....|....छत्तीसगढ़ में अगले सप्ताह तक मानसून रहेगा सक्रिय....|....भारी बरिश के चलते रेल परिचालन प्रभावित....|....सिक्किम की निर्माणाधीन टनल पर लैंडस्लाइड, 10 मजदूरों की मौत....|....पेपर लीक मुद्दे पर राहुल गांधी स्पीकर से मिले....|....लोहिया कॉर्प 23 से निवेशकों के लिए खोलेगी 3,547 करोड़ रुपए का पब्लिक इश्यू....|....23 से खुलेगा इंडो एमआईएम का 3812 करोड़ रुपए का आईपीओ