कहा- मेरा चेहरा फिल्म में कहीं नहीं दिखाया गया

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
मुंबई, 21 अक्टूबर 2026। फिल्म ‘जेलर 2’ में मोहनलाल की उपस्थिति के तरीके पर विवाद छिड़ गया है। इस बीच फिल्म में मलयालम सुपरस्टरा के बॉडी डबल के तौर पर काम करने वाले जॉबी कोडकारा ने रिएक्शन दिया है। उन्होंने मोहनलाल के दिखने को लेकर हुए विवाद पर बात की। बता दें कि ऐसे दावे किए जा रहे हैं कि फिल्म के क्लाइमैक्स में जॉबी का चेहरा ही दिखाया गया है।
तस्वीर शेयर करने के बाद बढ़ा विवाद
मोहनलाल के बॉडी डबल के तौर पर काम करने वाले मिमिक्री आर्टिस्ट ने स्पष्ट किया कि सिर्फ कुछ शॉट्स में उनके हाथ और पैर के कुछ हिस्से ही इस्तेमाल किए गए थे। उन्होंने इस बात से इनकार कर दिया कि क्लाइमेक्स में उनका चेहरा दिखाया गया। बता दें कि मोहनलाल की उपस्थिति को लेकर विवाद तब और बढ़ गया, जब जॉबी ने फिल्म की रिलीज वाले दिन मोहनलाल के मैथ्यू कैरेक्टर लुक में अपनी तस्वीरें शेयर कीं।
बोले- ‘कुछ सीन्स तक ही सीमित रहा काम’
जॉबी कोडकारा ने ‘जेलर 2’ में अपने रोल पर सफाई दी है। उन्होंने यूट्यूब चैनल ‘जैंगो स्पेस’ को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि ‘जेलर 2’ में उनका काम कुछ शॉट्स तक ही सीमित था। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि फिल्म में उनके चेहरे का इस्तेमाल नहीं किया गया। साथ ही जॉबी ने उन दावों को भी खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया कि वे क्लाइमैक्स में मोहनलाल के फोटो डबल के तौर पर दिखे थे।
बोले- ‘क्लाइमैक्स में मेरा चेहरा नहीं है’
जॉबी कोडकारा ने कहा, ‘सच कहूं तो फिल्म में मेरे सिर्फ एक या दो शॉट्स ही इस्तेमाल किए गए हैं। मेरे हाथ और पैर के सिर्फ कुछ हिस्से दिख रहे हैं। ये क्लाइमेक्स के दौरान एयरपोर्ट सीन में दिखते हैं। एक शॉट में कोई गाड़ी चलाते हुए गियर बदल रहा है और दूसरा शॉट में कोई एक्सेलरेटर दबा रहा है। बस इतना ही। वे दुनिया के सबसे बेहतरीन एक्टर्स में से हैं, इसलिए शायद शेड्यूलिंग या समय की कमी की वजह से मेरा इस्तेमाल किया गया। फिल्म में मेरा चेहरा कहीं नहीं दिखाया गया है। जिस चेहरे के बारे में लोग दावा कर रहे हैं कि क्लाइमैक्स में उसका इस्तेमाल किया गया था, वह मेरा नहीं है’।
बोले- तस्वीर पोस्ट करके गलती हुई
जॉबी ने आगे कहा, ‘मुझे इस बारे में पक्का यकीन है। अगर कोई बॉडी डबल है, तो कोई भी डायरेक्टर उनके चेहरे का क्लोज-अप शूट नहीं करेगा। मैं ऐसा नहीं हूं। अगर आप मुझसे पूछें कि मैंने क्या गलती की, तो वो थी फिल्म के सेट पर ली गई तस्वीरें पोस्ट करना’।
बता दें कि ‘जेलर 2’ की रिलीज के बाद मोहनलाल के लुक को लेकर चर्चा तेज हो गई। जॉबी कोडकारा ने फिल्म की रिलीज के दिन मोहनलाल के लुक में अपनी तस्वीरें शेयर की थीं। इन तस्वीरों से कुछ सीन में बॉडी डबल के इस्तेमाल के बारे में अंदाजे लगाए गए। बाद में कुछ दर्शकों ने दावा किया कि जॉबी ने मोहनलाल वाले सीन किए थे, जिसमें क्लाइमैक्स भी शामिल था। मगर, अब खुद बॉडी डबल ने सफाई दे दी है।


