
छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
नारायणपुर 19 जुलाई 2025। नारायणपुर महाराष्ट्र सीमा पर अबूझमाड़ के जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में छह नक्सलियों को जवानों ने मार गिराया है। नक्सलियों के शीर्ष कमांडर के ढेर होने की भी सूचना मिल रही है। अब तक मुठभेड़ स्थल से छह माओवादियों के शव, एके-47/एसएलआर राइफलें, अन्य हथियार, विस्फोटक सामग्री और रोजमर्रा की चीजें बरामद की गई हैं। अभियान अभी भी जारी है।
छह माओवादियों के शव बरामद
अबूझमाड़ क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीमों ने सर्चिंग अभियान शुरू किया था। इस अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर लगातार मुठभेड़ जारी है। अब तक की सर्चिंग कार्रवाई में मुठभेड़ स्थल से छह माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं।
इससे पहले छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नेशनल पार्क में हुई मुठभेड़ में 10 लाख का इनामी नक्सली कन्ना मारा गया था। जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में शनिवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई। मुठभेड़ में एक कुख्यात नक्सली को ढेर किया गया। मारा गया नक्सली नक्सलियों की मिलिट्री कंपनी का स्नाइपर बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, मारा गया नक्सली सोढ़ी कन्ना था, जो जगरगुंडा थाना क्षेत्र के किस्टारम का रहने वाला था। उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस मुठभेड़ को सुरक्षाबलों के लिए एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, क्योंकि सोढ़ी कन्ना लंबे समय से कई नक्सली वारदातों में सक्रिय भूमिका निभा रहा था और सुरक्षाबलों की हिट लिस्ट में शामिल था।


