लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का घोषणा पत्र जारीः MSP कानून, गरीब महिलाओं को सालाना 1 लाख रु. समेत कई वादे

शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर  

नई दिल्ली 05 अप्रैल 2024। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शुक्रवार को 48 पेज का घोषणा पत्र जारी किया। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में सोनिया, राहुल, खड़गे और मेनिफेस्टो कमेटी के अध्यक्ष पी चिदंबरम ने 5 न्याय और 25 गारंटी का ऐलान किया। पार्टी के घोषणा पत्र में मजदूरी 400 रुपए दिन करने, गरीब परिवार की महिला को साल में 1 लाख रुपए देने, MSP को कानून बनाने और जाति जनगणना कराने का जिक्र है। कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में युवा, महिला, मजदूर और किसान पर फोकस किया है। इन सभी वर्गों के लिए अलग-अलग तरह की स्कीम्स का वादा किया गया है। पार्टी ने कहा है कि उसका घोषणा पत्र वर्क, वेल्थ और वेलफेयर पर आधारित है। यहां वर्क के मायने रोजगार, वेल्थ के मायने आमदनी और वेलफेयर के मायने सरकारी स्कीम्स के फायदे दिलाना है।

कांग्रेस पार्टी की 4 अन्य बड़ी घोषणाएं…

  1. वन नेशन वन इलेक्शन का विरोध। लोकसभा और विधानसभा चुनाव तय समय पर ही करवाएंगे।
  2. मतदान EVM के जरिए होंगे, लेकिन VVPAT की पर्ची से मिलान किया जाएगा।
  3. 10वीं अनुसूची में संशोधन का वादा। इसके तहत दलबदल करने पर विधानसभा या संसद की सदस्यता खुद समाप्त हो जाएगी।
  4. पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां सख्ती से कानून के अनुसार काम करेंगी। हर मामले को संसद या राज्य विधानमंडलों की निगरानी में लाया जाएगा।

राहुल गांधी ने कहा- यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। एक तरफ NDA और प्रधानमंत्री मोदी हैं जो संविधान और लोकतंत्र पर आक्रमण कर रहे हैं और दूसरी तरफ INDIA गठबंधन है जो संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करता है।

बुजुर्गो को रेलवे में रियायत का वादा

कांग्रेस पार्टी ने अपने मेनिफेस्टो में बुजुर्गो को रेलवे में रियायत देने का वादा किया है। कोरोना के बाद से केंद्र सरकार ने इसे लगभग खत्म कर दिया है।

सेहत के मोर्च पर दो बड़े ऐलान

देशभर के लिए 25 लाख रुपए तक फ्री इलाज की योजना (हालांकि राजस्थान में राहुल गांधी ने 50 लाख रु. तक के फ्री इलाज की घोषणा की थी, इसके बाद कांग्रेस वहां हार गई थी)। कुल बजट का 4 फीसदी स्वास्थ्य के लिए, यह 2028-29 तक हो पाएगा।

केंद्रीय जांच एजेंसियों पर लगाम कसा जाएगा

कांग्रेस यह सुनिश्चित करने का वादा करती है कि पुलिस, जांच और खुफिया एजेंसियां सख्ती से कानून के अनुसार काम करेंगी। जिन बेलगाम शक्तियों का अभी वो प्रयोग करते हैं, उन्हें कम कर दिया जाएगा। जैसा भी मामला हो, उन्हें संसद या राज्य विधानमंडलों की निगरानी में लाया जाएगा।

वोटिंग EVM से लेकिन VVPAT से पर्ची का मिलान होगा

कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया में मतदाताओं का विश्वास बहाल करने का वादा करती है। कांग्रेस ईवीएम की दक्षता और मतपत्र की पारदर्शिता को संयोजित करने के लिए चुनाव कानूनों में संशोधन करेंगे।मतदान ईवीएम के माध्यम से होगा लेकिन मतदाता मशीन से उत्पन्न मतदान पर्ची को वीवीपैट (VVPAT) इकाई में रख और जमा कर सकेंगे। इलेक्ट्रॉनिक वोट मिलान का मिलान वीवीपैट पर्ची मिलान से किया जाएगा।

एक देश एक चुनाव का विरोध

कांग्रेस एक राष्ट्र एक चुनाव’ के विचार को अस्वीकार करती है और कांग्रेस वादा करती हैं कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के चुनाव संविधान और संसदीय लोकतंत्र की परंपराओं के अनुसार जब भी निश्चित होंगे तब होंगे।

5 न्याय से हर वर्ग को फायदा मिलेगा

खड़गे ने कहा कि हमारा यह घोषणापत्र देश के राजनीतिक इतिहास में ‘न्याय का दस्तावेज’ के रूप में याद किया जाएगा। राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाई गई भारत जोड़ो न्याय यात्रा यात्रा के दौरान पांच स्तंभों पर ध्यान केंद्रित किया गया। यात्रा के दौरान युवा न्याय, किसान न्याय, नारी न्याय, श्रमिक न्याय और हिसदारी न्याय की घोषणा की गई थी। हमने हर जगह इन्हीं न्याय की बात कही थी। इन 5 न्याय के अंदर 25 गारंटियां शामिल हैं, जिससे हर वर्ग को फायदा मिलेगा।

मोदी मणिपुर जाने से डरते हैं

खड़गे ने कहा कि हम डरने वाले नहीं है, क्योंकि हम उसूलों वाले लोग हैं। हमारे नेता राहुल और सोनिया के पास डर नाम की चीज नहीं है। नरेंद्र मोदी देश-विदेश के कई दौरे किए, लेकिन वो मणिपुर नहीं गए। मैं जानना चाहता हूं कि जब हमारे नेता राहुल मणिपुर जा सकते हैं तो नरेंद्र मोदी क्यों नहीं जा सकते? मुझे पता है कि मोदी मणिपुर जाने से डरते हैं। डरे हुए आदमी कभी देश नहीं चला सकते।

भाजपा का केवल एक काम है कि चंदा दो और ठेका लो

खड़गे ने कहा कि हम घर-घर जाएंगे। लोगों से मिलकर भाजपा की तरफ से किए जा रहे गलत कामों के बारे में बातएंगे। भाजपा का केवल एक काम है कि चंदा दो और ठेका लो। भाजपा पार्टी में करप्ट लोग हैं, लेकिन वो हमें बदनाम कर रहे हैं। जब नेता हमारी पार्टी में रहते हैं तो वो कहते हैं कि कांग्रेस नेता भृष्ट हैं, लेकिन जैसे ही वो उनके पास जाते हैं, उनके सारे पाप धुल जाते हैं।

चुनाव में समान अवसर नहीं है

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि आज विपक्षी नेताओ को बंद किया जा रहा है। चुनाव में समान अवसर नहीं हैं। हमारी पार्टी के ऊपर 3500 करोड़ से ज्यादा की पेनल्टी लगाई है। यह आज हमारे ऊपर हो रहा है और कल मीडिया के ऊपर होगा। इसलिए देश और संविधान को बचाना है। इस देश से मोदी को हटाना जरूरी है।

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जिस देश में एक सुई नहीं बनती थी, उस देश में इंदिरा और नेहरू ने रॉकेट बनाने का काम किया है। लेकिन नरेंद्र मोदी ने इस देश में गाली देने के अलावा कोई काम नहीं किया है।

  1. कांग्रेस राष्ट्रव्यापी आर्थिक-सामाजिक जाति जनगणना करवाएगी। इसके माध्यम से कांग्रेस जातियों, उपजातियों और उनकी आर्थिक-सामाजिक स्थिति का पता लगाएगी। कांग्रेस शिक्षा एवं नौकरियों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) को मिलने वाले 10% आरक्षण को बिना किसी भेदभाव के सभी जाति और समुदाय के लोगों के लिए लागू कराएगी।
  2. कांग्रेस पार्टी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और गरीब सामान्य वर्ग को मिलने वाले आरक्षण पर 50% का कैप हटाएगी। कांग्रेस अनुसुचित जाति, अनुसुचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित सभी रिक्त पदों को 1 साल के भीतर भरेगी।
  3. वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं और दिव्यांगों के लिए पेंशन में केंद्र सरकार का योगदान महज 200-500 रुपए प्रति महीने है। कांग्रेस पेंशन की इस राशि को बढ़ाकर न्यूनतम 1,000 रुपए प्रति माह करेगी।
  4. कांग्रेस 2025 से महिलाओं के लिए केंद्र सरकार की आधी (50 प्रतिशत) नौकरियां आरक्षित करेगी। कांग्रेस यह सुनिश्चित करेगी कि उच्च पदों जैसे, न्यायाधीशों, सरकार के सचिवों, उच्च पदस्थ पुलिस अधिकारियों, कानून अधिकारियों और बोर्ड के निदेशकों पर अधिक महिलाओं की नियुक्ति हो।
  5. कांग्रेस स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के अनुसार सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य को कानूनी गारंटी देगी।
  6. कृषि लागत एवं मूल्य आयोग (CACP) को एक वैधानिक निकाय बनाया जाएगा।
  7. कांग्रेस आपको भय से मुक्ति का वादा करती है।
  8. कांग्रेस मीडिया की पूर्ण स्वतंत्रता सहित भाषण और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता बहाल करने का वादा करती हैं।
  9. कांग्रेस मानहानि के जुर्म को अपराधमुक्त करने और कानून द्वारा, नागरिक क्षति के माध्यम से त्वरित उपाय प्रदान करने का वादा करती हैं।
  10. कांग्रेस इंटरनेट के मनमाने और अंधाधुंध निलंबन को समाप्त करने का वादा करती है।

1. महालक्ष्मी गारंटी: इसके तहत सभी गरीब परिवार की एक महिला को सालाना 1 लाख रुपए की सहायता दी जाएगी।

2. आधी आबादी-पूरा हक: इसके तहत केंद्र सरकार की नई नियुक्तियों में आधा हक महिलाओं को मिलेगा।

3. शक्ति का सम्मान: इस योजना के तहत आंगनवाड़ी, आशा और मिड-डे मील वर्कर्स के मासिक वेतन में केंद्र सरकार का योगदान दोगुना होगा।

4. अधिकार मैत्री: इसके तहत हर पंचायत में महिलाओं को उनके हक के लिए जागरूक करने और जरूरी मदद के लिए अधिकार मैत्री के रूप में एक पैरा-लीगल यानी कानूनी सहायक की नियुक्ति की जाएगी।

5. सावित्री बाई फुले हॉस्टल: सभी जिला मुख्यालयों में कामकाजी महिलाओं के लिए कम से कम एक हॉस्टल बनाएंगे और पूरे देश में इन हॉस्टल की संख्या दोगुनी की जाएगी।

Leave a Reply

Next Post

दीपिका पादुकोण इस साल मेट गाला में शामिल नहीं होंगी

शेयर करे छत्तीसगढ़ रिपोर्टर मुंबई 06 अप्रैल 2024। (अनिल बेदाग) : देश ही नहीं दुनिया भर में अपनी एक्टिंग से लेकर खूबसूरती के लिए मशहूर दीपिका पादुकोण पिछले तीन साल से मेट गाला के रेड कार्पेट पर वॉक कर उसकी शोभा बढ़ा रही हैं। जी हां! एक्टर्स को उनके बेहद […]

You May Like

अब तक 112 नक्सली ढेर, 375 ने किया सरेंडर, 153 अरेस्ट; अमित शाह ने की तारीफ, साय बोले- जारी रहेगी लड़ाई....|....विष्णुदेव साय का दावा, ओड़िशा में भाजपा का सरकार बनना तय....|....भिलाई में रची गई थी कांग्रेस नेता विक्रम बैस की हत्या की प्लानिंग, एसपी ने किया खुलासा....|....और कुछ दिनों तक दिखाई नहीं दूंगा… विराट कोहली ने संन्यास को लेकर दिया बड़ा बयान....|....प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना, कहा- यह अमीरों का कर्ज माफ करती है किसानों का नहीं....|....सचिन तेंदुलकर के बॉडीगार्ड ने की आत्महत्या, पुलिस ने शुरु की मामले की जांच....|....इंदौर में भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रक में घुसी कार, 8 लोगों की दर्दनाक मौत....|....मिशन 400 पार को सफल बनाने के लिए छत्तीसगढ़ बीजेपी महिला मोर्चा चुनावी मैदान में; बिहार और ओडिशा रवाना....|....कबीरधाम में डायरिया का प्रकोप: दो गांवों में मिले करीब 80 मरीज, एक की मौत; कुएं का पानी पीने से फैली बीमारी....|....सीएम केजरीवाल बोले- मोदी की सरकार बनते ही हटाए जाएंगे योगी, अखिलेश बोले - 140 सीटों से ज्यादा नहीं जीतेंगे